×

Lucknow : समाजवादी पार्टी के 11वें सम्मेलन की तैयारियां पूरी, इस बार दिखेगा 'नई हवा है नई सपा' की झलक

सम्मेलन में अखिलेश की एक बार फिर अध्यक्ष पद पर ताजपोशी तय है। प्रदेश अध्यक्ष और नई कार्यकारिणी का भी गठन किया जाएगा। समाजवादी पार्टी का यह सम्मेलन इस बार एकदम अलग होने वाला है।

Rahul Singh Rajpoot
Published on: 27 Sep 2022 9:50 AM GMT
samajwadi party conference to be held from tomorrow akhilesh yadav nayi hawa hai nayi sapa hai
X

सपा का नया पोस्टर 

Samajwadi Party News : राजधानी लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान (Ramabai Ambedkar Ground, Lucknow) में समाजवादी पार्टी के दो दिवसीय सम्मेलन की तैयारियां पूरी हो गई है। कल यानि बुधवार (28 सितंबर 2022) से शुरू हो रहे दो दिवसीय सम्मेलन का जायजा लेने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और सम्मेलन के संरक्षक रामगोपाल यादव (Ram Gopal Yadav) यहां पहुंचे थे।

उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ रमाबाई मैदान पहुंच तैयारियों का जायजा लिया। जो भी कमियां थी उसे जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए। इस सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के कोने-कोने से और देश के अलग-अलग राज्यों से नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

सपा का राष्ट्रीय सम्मेलन कल से

बता दें कि, 28-29 सितंबर को राज्य और राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा। जिसमें अखिलेश यादव की एक बार फिर से अध्यक्ष पद पर ताजपोशी तय है। इसके साथ ही प्रदेश अध्यक्ष और नई कार्यकारिणी का भी गठन किया जाएगा। समाजवादी पार्टी का यह सम्मेलन इस बार एकदम अलग होने वाला है। 'नई हवा है नई सपा है' नारे के साथ इस सम्मेलन में अखिलेश के करीबियों को मौका मिलेगा। जबकि, मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) की पीढ़ी के नेताओं का अभाव भी दिखाई देगा। दो दिवसीय सम्मेलन में जहां सियासी फलक पर पार्टी को ताकत देने के साथ ही नई चुनौतियों से भी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को रूबरू कराया जाएगा।

सम्मेलन में दिखेगी अखिलेश की छाप

इस सम्मेलन में आर्थिक व सामाजिक प्रस्ताव पारित होंगे। अखिलेश यादव भले ही 5 साल पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हों, पर उनका यह पहला सम्मेलन होगा। इससे पहले आगरा में हुए सम्मेलन में भले ही उन्हें पहली बार राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया था। लेकिन, यह सम्मेलन पूरी तरह से उनका होगा। इस सम्मेलन में पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के पहुंचने पर अभी संशय है, तो शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Singh Yadav) पूरी तरह से अलग होकर अपनी पार्टी को मजबूत करने में लगे हैं। इसमें सिर्फ रामगोपाल यादव ही परिवार से अखिलेश के साथ दिखाई देंगे।

समर्पित चेहरों को मिलेगा तवज्जो !

अखिलेश यादव का जहां राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना तय है। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम की दोबारा ताजपोशी हो सकती है। जबकि, पार्टी के लिए समर्पित चेहरों को तवज्जो मिलने की भी बात कही जा रही है। पिछड़ी और दलित नेताओं को खास तरजीह मिलने की बात है। इसके साथ ही, दूसरे दल से आए नेताओं का भी नाम शामिल है। इस तरह से 'नई हवा है नई सपा है'की झलक दिखाई देगी।

2017 में अखिलेश बने थे पहली बार अध्यक्ष

वर्ष 2016 में मुलायम सिंह यादव परिवार में शुरू हुए विवाद के बाद एक जनवरी 2017 को अखिलेश यादव पहली बार राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे। इसके बाद 5 अक्टूबर को आगरा में हुए राष्ट्रीय सम्मेलन में उनकी ताजपोशी हुई थी। सपा का पहले हर 2 साल पर सम्मेलन होता था, लेकिन अखिलेश के अध्यक्ष बनने के बाद इसमें बदलाव हुआ और अब यह 5 साल बाद लखनऊ में होने जा रहा है।

अब तक हुए सपा के सम्मेलन

4 अक्टूबर 1992 को सपा की स्थापना हुई और मुलायम सिंह यादव संस्थापक अध्यक्ष बने।

5 अक्टूबर 1992 को बेगम हजरत महल पार्क लखनऊ में पार्टी का पहला सम्मेलन हुआ।

11-12 अक्टूबर 1994 को लखनऊ में दूसरा सम्मेलन हुआ।

27-28 जुलाई 1996 में लखनऊ में तीसरा सम्मेलन आयोजित किया गया।

29, 30, 31 जनवरी 1999 में भोपाल के लोहिया नगर चौथा सम्मेलन हुआ।

3-4 जनवरी 2002 को कानपुर में पांचवां सम्मेलन हुआ।

21, 22, 23 अप्रैल 2005 को पटना में छठा सम्मेलन हुआ था।

26, 27, 28 मार्च 2008 को मध्यप्रदेश के जबलपुर में सातवां सम्मेलन आयोजित किया गया था।

7-8 जून 2011 में आगरा में सपा आठवां सम्मेलन हुआ, जिसमें पार्टी का संविधान बदला गया।

8, 9, 10 अक्टूबर 2014 को लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में नौवां सम्मेलन हुआ।

5 अक्तूबर 2017 को आगरा में 10 वां सम्मेलन, जिसमें अखिलेश यादव के अध्यक्ष बनने पर विधिवत मुहर लगी थी।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story