Firozabad : शिवपाल से तल्ख रिश्तों के बीच 'यादव सम्मेलन' पर अक्षय ने कहा- 'चाचा जो कर रहे हैं, अच्छा ही होगा'

सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव के बेटे ने मुस्कुराते हुए चाचा पर वार किया। इस दौरान उन्होंने ऐसा महसूस होने नहीं दिया कि वो चाचा की बुराई कर रहे हैं या खिंचाई।

Brajesh Rathore
Published on: 2 Sep 2022 8:39 AM GMT
sp former mp akshay yadav comments on shivpal yadav sammelan
X

धर्मेंद्र यादव और शिवपाल यादव (फाइल फोटो)

Firozabad News : सैफई की बात हो तो एक ही परिवार ध्यान में आता है। वो है उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का परिवार। लेकिन, समय-समय पर सैफई के इस कद्दावर परिवार की लड़ाई सड़कों पर दिखती रही है। यादव परिवार के सदस्य एक-दूसरे पर कटाक्ष करने से बाज नहीं आते। बयानबाजी में कोई पीछे नहीं है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव और शिवपाल सिंह के बीच छत्तीस का आंकड़ा जगजाहिर है।

अक्सर ये दोनों एक-दूसरे पर कटाक्ष करते नजर आते रहे हैं। ताजा मामले में सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव के बेटे ने मुस्कुराते हुए चाचा पर वार किया। हालांकि, इस दौरान उन्होंने ऐसा महसूस होने नहीं दिया कि वो चाचा की बुराई कर रहे हैं या खिंचाई।

तल्ख रिश्तों के बीच आया बयान

समाजवादी पार्टी के के पूर्व सांसद अक्षय यादव (प्रो रामगोपाल यादव के पुत्र) ने अपने हालिया बयान में कहा कि, 'शिवपाल यादव जो कर रहे हैं, वो अच्छा ही होगा।' सपा महासचिव प्रो रामगोपाल यादव के बेटे और फिरोजाबाद के पूर्व सांसद अक्षय यादव ने ये बातें शुक्रवार को जिले में पार्टी की सदस्यता अभियान के दौरान मीडिया से कही। आपको बता दें कि, रामगोपाल यादव के परिवार और शिवपाल यादव के रिश्ते तल्ख रहे हैं।

शिवपाल यादव के यादव सम्मेलन पर क्या कहा अक्षय ने?

सपा की सदस्यता अभियान के दौरान पूर्व सांसद अक्षय यादव मीडिया से मुखातिब हुए। इस दौरान मीडिया ने उनसे सवाल पूछा कि, आपके चाचा शिवपाल यादव ने आज यादवों को इकट्ठा कर बड़ा सम्मेलन राजधानी लखनऊ में बुलाया है। उस मंच पर डीपी यादव भी मौजूद थे, इसे आप कैसे देखते हैं? इसका जवाब देते हुए अक्षय यादव ने कहा, वह (शिवपाल) जो कर रहे हैं, अच्छा है। अच्छा आगे भी करें। लेकिन, राजनीति और सम्मेलन में बहुत फर्क है। 2024 के लोकसभा चुनाव में अभी समय है। हम तभी बात करेंगे। उन्होंने कहा, समाजवादी पार्टी का वोटर आज भी एक है।

फिरोजाबाद यादव बहुल जिला

आपको बता दें कि, अक्षय यादव फिरोजाबाद से सपा सांसद रहे हैं। फिरोजाबाद जिला यादव बहुल है। इसलिए सपा-प्रसपा दोनों इस जिले पर जोर-आजमाइश करती रही है। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का पैतृक गांव इटोली शिकोहाबाद ब्लॉक में पड़ता है। सैफई तो वो रिश्तेदारी में पहुंच गए थे। इसलिए पूरा परिवार फिरोजाबाद पर विशेष रूप से काबिज रहना चाहता है। जिसकी कशमकश जारी रहती है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story