×

अमा जाने दो! कर लीजिए 'छम्मक छल्लो' शब्द से तौबा, नहीं तो खैर नहीं

मुझे आज करीना कपूर की याद आ रही है। वजह है एक गाना और उस गाने के एक खास शब्द। एक फिल्म आई थी 'Ra.One' और उसमें एक गाना था- ‘गर्ल यू आर माई छम्मक छल्लो।' गाने को विदेशी पॉप गायक एकॉन और हंसिका ऐय्यर ने गाया था। सिल्वर स्क्रीन पर नाच रहीं थीं करीना कपूर। बस छम्मक छल्लो पर दिमाग अटक गया कि आखिर लाल साड़ी लपेटी करीना को शाहरूख खान के छम्मक छल्लो कहने पर क्या मतलब समझ आया कि वो इतना खुश हुईं।

priyankajoshi
Published on: 6 Sep 2017 2:02 PM GMT
अमा जाने दो! कर लीजिए छम्मक छल्लो शब्द से तौबा, नहीं तो खैर नहीं
X

नवल कांत सिन्हा

लखनऊ: मुझे आज करीना कपूर की याद आ रही है। वजह है एक गाना और उस गाने के एक खास शब्द। एक फिल्म आई थी 'Ra.One' और उसमें एक गाना था- ‘गर्ल यू आर माई छम्मक छल्लो।' गाने को विदेशी पॉप गायक एकॉन और हंसिका ऐय्यर ने गाया था। सिल्वर स्क्रीन पर नाच रहीं थीं करीना कपूर। बस छम्मक छल्लो पर दिमाग अटक गया कि आखिर लाल साड़ी लपेटी करीना को शाहरूख खान के छम्मक छल्लो कहने पर क्या मतलब समझ आया कि वो इतना खुश हुईं।

वैसे सोनाक्षी सिन्हा और अक्षय कुमार भी मिल जाएं तो काम चल जाएगा। रॉउडी राठौर में ‘छम्मक छल्लो छैल छबीली’ गाने में लाल साड़ी पहने सोनाक्षी सिन्हा इठला रही हैं। लेकिन लगता नहीं कि छम्मक छल्लो का लाल साड़ी से कोई नाता है। ये करीना और सनी देओल ने स्पष्ट कर दिया। फिल्म अजय में सनी देओल गाना गा रहे हैं- ‘छम्मक छल्लो जरा धीरे चल्लो’, लेकिन करिश्मा इस गाने में वेस्टर्न आउटफिट में हैं। एक बात तो साफ है कि छम्मक छल्लो शब्द इन तीन हीरोइनों को तो अच्छा लग रहा है।

ये भी पढ़ें... अब अगर महिला को कहा ‘छम्मकछल्लो’, तो जा सकते हैं जेल

जब शब्द खंगाला तो नीलकंठ प्रकाशन की एक किताब ‘भारतीय फिल्मों में महिला किरदार’ की लेखिका संचिता सिंह ने 'Ra.One' गाने के सन्दर्भ में छम्मक छल्लो का अर्थ लिखा है- एक सुन्दर कमनीय नायिका, जो सुन्दर वस्त्रों और आभूषणों से सजी-धजी हो। लेकिन जनाब मेरे इस ज्ञान पर विश्वास कर गलती से भी किसी लड़की को छम्मक छल्लो मत बोल दीजिएगा।

वजह भी सुन लीजिये। महाराष्ट्र के ठाणे में अदालत का कहना है कि हिंदी शब्द छम्मक-छल्लो का अंग्रेजी में कोई शब्द नहीं है। आमतौर पर इसका इस्तेमाल किसी महिला का अपमान करने के लिए किया जाता है। इससे महिला को चिढ़

होती है और उसे गुस्सा आता है। अब जब गुस्सा आया तो समझ गए न आप!

हाल ही में एक साहब सजा काट भी चुके हैं। उन्हें अदालत के उठने तक साधारण कैद की सजा सुनाई गई साथ ही उन पर एक रुपये का जुर्माना भी लगा। हुआ यूं कि एक महिला ने शिकायत की कि 9 जनवरी, 2009 को जब वह अपने पति के साथ सैर से लौट रही थी, तो कूड़ेदान को लेकर पड़ोसी से झगड़ा हुआ और पड़ोसी ने उसे 'छम्मक-छल्लो ' बोला। पुलिस ने सुनी नहीं तो मैडम पहुंच गई कोर्ट। आठ साल लड़ाई लड़ी और जनाब को IPC की धारा-509 के तहत कोर्ट में एक दिन खड़े रहने की सजा हुई और एक रुपया जुर्माना भी हुआ। अमा तो जाने दीजिये! छम्मक छल्लो को और कर लीजिये इस शब्द से तौबा।

priyankajoshi

priyankajoshi

इन्होंने पत्रकारीय जीवन की शुरुआत नई दिल्ली में एनडीटीवी से की। इसके अलावा हिंदुस्तान लखनऊ में भी इटर्नशिप किया। वर्तमान में वेब पोर्टल न्यूज़ ट्रैक में दो साल से उप संपादक के पद पर कार्यरत है।

Next Story