×

Shrikant Tyagi Case: न्याय नहीं मिला तो मेरठ में ऐतिहासिक पंचायत आयोजित की जाएगी

Shrikant Tyagi Case: वहीं इस मामले में आज राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने एक बार फिर भाजपा पर हमला बोलते हुए न्याय पाने के लिए त्यागी समाज से एकजुट होने का आव्हान किया है।

Sushil Kumar
Published on: 26 Aug 2022 12:23 PM GMT
Shrikant Tyagi Case
X

Shrikant Tyagi Case (Image: Newstrack)

Shrikant Tyagi Case: श्रीकांत त्यागी प्रकरण थमता नही दिख रहा है। मेरठ में कमिश्नरी स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क में इस प्रकरण को लेकर चल रहे धरने में आज शामिल हुए किसान नेता कुलदीप त्यागी ने कहा की यदि अनु त्यागी और उसके परिवार को अति शीघ्र न्याय नहीं मिला तो मेरठ में ऐतिहासिक पंचायत आयोजित की जाएगी।

वहीं इस मामले में आज राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने एक बार फिर भाजपा पर हमला बोलते हुए न्याय पाने के लिए त्यागी समाज से एकजुट होने का आव्हान किया है। कमिश्नरी स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क में इस प्रकरण को लेकर चल रहे धरने में पहुंचे रालोद के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने कहा कि यह हम मानते हैं कि श्रीकांत त्यागी का गाली देना गलत था लेकिन जो कार्रवाई पुलिस व प्रशासन द्वारा की गई उसको किसी भी सूरत में जायज नही ठहराया जा सकता है।

राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने नोएडा पुलिस पर कथित भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी की पत्नी और परिवार की अन्य महिलाओं को पूछताछ के बहाने प्रताडि़त करने का आरोप लगाते कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लालकिले की प्राचीर से महिलाओं के सम्मान की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश की पुलिस महिलाओं को रातभर थाने में बैठाकर उन्हें प्रताडि़त करती है। रालोद ने कहा कि भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल और महेश शर्मा को जवाब देने का समय आ गया है।

श्रीकांत त्यागी की पत्नी अनु त्यागी भी आज धरने में शामिल हुई। इस मौके पर अपनी आप बीती सुनाते हुए अनु त्यागी ने कहा कि पुलिसकर्मी उनके साथ भी अभद्रता करते हुए गाड़ी में बैठाकर थाने ले गए। उस समय कोई भी महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी। थाने में प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने जिस तरह के अपशब्द बोले उन्हें बताया नहीं जा सकता। तीन दिन थाने में रखा गया। घर की बिजली काट दी गई और 16 घंटे तक बच्चे भूखे रहे। नौ और 12 साल के बच्चों को सोसायटी के लोगों ने गुंडा कहा।

सोसायटी के कुछ लोगों ने पहले से ही साजिश रची थी। मात्र छह इंच का पौधा लगाने को लेकर विवाद हो गया। सांसद महेश शर्मा पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके अस्पताल में किए जा रहे अवैध निर्माण की जांच की जानी चाहिए। अनु त्यागी ने आगे कहा कि महेश शर्मा मोदीनगर विधानसभा से अपने बेटा-बेटी को चुनाव लड़ाना चाहते हैं, जहां से लगातार मेरे पति टिकट के लिए प्रयासरत हैं। यह महेश शर्मा जानते हैं इसलिए उन्होंने ये सब कराया है"धरने के दौरान सांसद राजेंद्र अग्रवाल और महेश शर्मा मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।

बता दें कि बता दें कि नोएडा में महिला से अभद्रता करने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने श्रीकांत त्यागी के खिलाफ एक्शन लिया था। प्रशासन ने श्रीकांत ने घर के बाहर जो अतिक्रमण कर रखा था उसे भी तोड़ दिया था। इस मामले में त्यागी समाज श्रीकांत के समर्थन में उतर आया है। इस क्रम में मेरठ में चौधरी चरण सिंह पार्क मेरठ में त्यागी समाज के तत्वाधान में अनु त्यागी व उसके परिवार को न्याय दिलाने हेतु चल रहे बेमियादी धरना कल से शुरु किया गया है।

आज के धरने की अध्यक्षता आज महेंद्र सिंह त्यागी द्वारा की गई। जबकि संचालन दीपक त्यागी द्वारा किया गया। धरने में अनु त्यागी श्रीकांत की बहन नीति शाक्य और बुआ ने भी विचार रखे। आज के धरने में मनोज त्यागी,तालहेटा विनीत त्यागी, अभिषेक त्यागी उर्फ रॉकी आशीष वशिष्ठ, ललित शर्मा, अंकुर त्यागी, जितेंद्र त्यागी, नीरज त्यागी, प्रशांत त्यागी, प्रिंस त्यागी, राजेश त्यागी, मनीषा त्यागी, गौरव त्यागी,अक्षय त्यागी आदि मौजूद रहे।

Rakesh Mishra

Rakesh Mishra

Next Story