×

Dhateras 2022: सुबह से ही दिखाई पड़ने लगी भीड़, शबाब पर रही मुख्य बाजार की रौनक

Siddharthnagar: दीपावली पर्व से पहले धनतेरस पर रविवार को प्रमुख बाजारों की रौनक देखने लायक रही। खरीदारों की भीड़ में मुस्लिम वर्ग के लोग भी दिखाई दिए।

Intejar Haider
Published on: 23 Oct 2022 8:29 AM GMT
Siddharthnagar News
X

धनतेरस पर मुख्य बाजार की रौनक 

Siddharthnagar: दीपावली पर्व (Diwali 2022) से पहले धनतेरस (Dhateras 2022) पर रविवार को प्रमुख बाजारों की रौनक देखने लायक रही। आकर्षक ढंग से सजी दुकानों पर सुबह से ही जो भीड़ उमड़ी उसका सिलसिला देर रात तक जारी रहा। खरीदारों की भीड़ में मुस्लिम वर्ग के लोग भी दिखाई दिए। नए बर्तन, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं, आभूषण, झालरों आदि की दुकानों पर रौनक देखने लायक रही। ग्राहकों का उत्साह मंदी पर भारी पड़ता दिखाई दिया।

बर्तन की दुकानों पर जुटी भीड़

नगर पंचायत (Nagar Panchayat) के मुख्य चौराहे, रोडवेज मार्ग, पुरानी बाजार, बढ़नी मार्ग, बैदौला आदि स्थानों के अलावा क्षेत्र के भवानीगंज, मन्नीजोत, चौखड़ा, बयारा, भड़रिया, बढ़नी चाफा, बेवा चौराहा, धोबहा आदि मुख्य चौराहों पर स्थित बर्तन की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ जुटी। बाजार में सर्वाधिक बिक्री स्टील के बर्तनों की हुई। स्थाई दुकानों के अलावा पटरियों पर अस्थाई लगी दुकानें पर खरीदारों की भीड़ नजर आई।


दीपावली व धनतेरस पर्व पर सामानों की बिक्री की धूम

दीपावली व धनतेरस पर्व के मद्देनजर ब्रांडेड व इलेक्ट्रानिक सामानों की बिक्री की धूम छाई रही। टी.वी., फ्रिज, वाशिंग मशीन, मोबाइल, आयरन, मोटर साइकिल आदि सामानों की खरीदारी में भी तेजी रही। दुकानों पर लोगों खरीदारी के लिए उमड़े दिखाई दिए।


धनतेरस पर इन चीजों की हुई खूब बिक्री

धनतेरस पर चांदी के सिक्के, गणेश-लक्ष्मी प्रतिमा की बिक्री भी खूब हुई। सर्राफा व्यवसाइयों के यहां भीड़ अधिक दिखी, वहीं मूर्ति खरीदने वाले भी नजर आए। इसके अलावा झालरों की बिक्री भी जमकर हुई। बहुत सारे घरों पर अभी से लाइटें जगमग करने लगी हैं।

तमाम लोगों ने मिट्टी के दिये खरीदे तो साथ में मोमबत्तियां भी खरीदीं। इसके अलावा सजावट केलिए झालरों के पैकेट काफी अधिक बिके। इसके अलावा चूड़ा गट्टा, चीनी के खिलौनों व लइया की बिक्री भी जमकर हुई।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story