×

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हमले का विरोध...'बीजेपी सरकार विफलता छिपाने की कोशिश में'

Siddharthnagar: सुहेल अहमद बोले, राहुल गांधी की यात्रा आम लोगों के दिलों को छूने वाली साबित हुई है। हाशिए पर जा चुके लोगों को सफलतापूर्वक न्याय दिलाने तक हमारा प्रयास जारी रहेगा। इसी से घबराकर असम के मुख्यमंत्री इस यात्रा को बाधित करने का प्रयास कर रहे हैं।

Intejar Haider
Published on: 23 Jan 2024 11:49 AM GMT
Siddharthnagar News,
X

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन (Social Media)

Siddharthnagar News: दबे, कुचले एवं पीड़ितों के न्याय की मांग को लेकर राहुल गांधी के नेतृत्व में 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई। राहुल की यात्रा इस वक़्त असम होकर गुजर रही है। आरोप है कि, असम में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की न्याय यात्रा पर हमला किया। इसी के विरोध में मंगलवार (23 जनवरी) को सिद्धार्थनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद की अगुवाई में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस पार्टी ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार सदर को सौंपी। साथ ही, असम की बीजेपी सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।

असम सीएम यात्रा को बाधित करने का कर रहे प्रयास

इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद ने कहा, 'राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो न्याय यात्रा मणिपुर में शुरू हुई थी। सफलतापूर्वक मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश होते हुए अब असम में प्रवेश कर चुकी है। आम लोगों के दिलों को छूने वाली यह यात्रा देश में युवाओं, महिलाओं और हाशिए पर जा चुके लोगों के लिए सफलतापूर्वक न्याय की मांग कर रही है। इसी से घबराकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा इस शांतिपूर्ण यात्रा को बाधित करने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं।'

'बीजेपी सरकार विफलता छिपाने की कोशिश में'

सुहेल अहमद ने कहा, 'पिछले तीन दिनों से लगातार भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भारत जोड़ो न्याय यात्रा (Bharat Jodo Nyay Yatra) पर हमला किया गया है। यात्रा के पोस्टर भी फाड़े। 21 जनवरी को भाजपा कार्यकर्ता जान-बूझकर इकट्ठा हुई और भीड़ ने राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा के काफिले पर पुन: हमला किया। इस हमले में असम कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सहित तमाम कार्यकर्ता घायल हो गए। यह हमला और कुछ नहीं बल्कि असम के मुख्यमंत्री और केंद्र की भाजपा सरकार की प्रशासनिक विफलताओं और भ्रष्टाचार को छिपाने का एक हताशापूर्ण प्रयास है।'

मोहम्मद मोकीम- न्याय का हक मिलने तक जारी रहेगी यात्रा

उन्होंने कहा, 'आज हम कांग्रेस जन यह मांग करते हैं कि, महामहिम राष्ट्रपति को असम सरकार को बर्खास्त कर वहां राष्ट्रपति शासन लागू कर देना चाहिए।' पूर्व सांसद मोहम्मद मोकीम ने कहा कि, राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हमला आम लोगों के मुद्दे को दबाने का प्रयास है। हमारा आज का विरोध-प्रदर्शन केवल इन हमलों की प्रतिक्रिया नहीं है। यह न्याय के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता की घोषणा है। कुछ लोगों की हताशा भरी हरकतों से राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा रुकने वाली नहीं है। यह यात्रा जारी रहेगी। आम लोगों को न्याय का हक मिलने तक।'

विरोध-प्रदर्शन में ये हुए शामिल

कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन में अनिल सिंह अन्नू, देवेन्द्र कुमार गुड्डू, कृष्ण बहादुर सिंह, सादिक अहमद, रितेश त्रिपाठी, होरी लाल, मैनुद्दीन प्रधान, देवेन्द्र राव, प्रमोद कुमार, रियाज़ मनिहार, राजेश सिंह, पप्पू खान, ओमप्रकाश दूबे, सुदामा प्रसाद, सतीश त्रिपाठी, शाहरुख पठान, संतोष चौधरी, मुकेश चौबे, शौकत अली, गुल मोहम्मद, घनश्याम यादव, अनिल कुमार, जुबैर खान, चन्दू मौर्या, नीरज दुबे सहित आदि कार्यकर्ता शामिल हुए।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story