×

Sitapur Murder Case: कोई अकेला घटना को अंजाम नहीं दे सकता! गले नहीं उतर रही सीतापुर कांड की कहानी

Sitapur Murder Case: मृतका प्रियंका सिंह का मायका लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार में है। प्रियंका के भाई अंकित सिंह ने घटना को सुनियोजित बताया है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 12 May 2024 10:03 AM GMT
sitapur news
X

सीतापुर में हुए मर्डर केस पर उलझती जा रही गुत्थी (न्यूजट्रैक)

Sitapur Murder Case: जिले के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में बीते शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना घटित हुई। यहां एक शख्स ने मां, पत्नी और तीन बच्चों की हत्या कर दी। बाद में खुद की भी जान ले ली। लेकिन यह घटना न तो किसी बाहर के लोगों के गले उतर रही है और न ही घरवालों के। हर किसी का इस ह्दयविदारक घटना पर बस यही कहना है कि आखिर इतने संपन्न परिवार में ऐसी घटना कैसे हो सकती है। साथ ही घटना के दृश्य देख कई चीजें संदिग्ध नजर आ रही हैं। मृतक अनुराग सिंह के ससुराल वालों को भी यह घटना समझ से परे लग रही है। उन्होंने भी इस वारदात पर गंभीर सवाल खड़े किये हैं।


प्रियंका के भाई ने उठाये गंभीर सवाल

मृतका प्रियंका सिंह का मायका लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार में है। प्रियंका के भाई अंकित सिंह ने घटना को सुनियोजित बताया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बहनोई अनुराग सिंह के बड़े भाई अजीत ने सुनियोजित तरीके से इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया है। क्योंकि कोई अकेला इस घटना को अंजाम नहीं दे सकता। घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। घटना में जो भी दोषी हैं। उन्हें कड़ी सजा मिलनी चाहिए। मेरी बहन और बच्चों की हत्या बड़ी ही बेरहमी से की गयी है। अंकित सिंह ने कहा कि इतने बड़े घर के नीचे गिरने पर मेरे भांजे और भांजी तड़पते रहे। लेकिन कोई भी उन्हें बचाने या उठाने नहीं आया। लगभग दो घंटे बाद ग्रामीणों ने बच्चों को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन इससे पहले ही उनकी सांसे थम गयी। अंकित ने बताया कि एक रिश्तेदार से घटना की जानकारी होने पर जब वहां पहुंचा तो मंजर देखकर रूह कांप गयी।


मनोरोगी नहीं थे बहनोई

अंकित सिंह ने कहा कि पुलिस बहनोई अनुराग सिंह को मानसिक बीमार बता रही है। जबकि यह बिल्कुल भी गलत है। अनुराग सिंह अपने बच्चों से बहुत प्यार करते थे। परिवार बेहद संपन्न था। प्रापर्टी के विवाद में वारदात को अंजाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार देर रात प्रापर्टी को लेकर विवाद हुआ था। लेकिन मासूम बच्चों से क्या विवाद था। बच्चों की भी हत्या करना साफ जाहिर कर रहा था कि जिसने भी घटना को अंजाम दिया। वह परिवार में भी किसी को भी जीवित नहीं छोड़ना चाहता था।


भाई की तहरीर पर दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा

रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के पल्हापुर गांव में रहने वाले अनुराग सिंह (45) ने शनिवार सुबह किसी बात को लेकर अपनी मां सावित्री(62) और पत्नी प्रियंका सिंह (40) की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद बेटी अस्वी (12), अर्ना (8) और पुत्र आद्विक (4) को भी छत से नीचे फेंककर मार डाला। परिवार के सभी सदस्यों की हत्या करने के बाद अनुराग ने खुद को भी गोली मार ली। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक अनुराग के भाई अजीत की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story