×

Azam Khan Sitapur Jail: बड़ी खबर, जेल में बंद आजम खान ने अजय राय से मिलने से किया इनकार, दिया ये बयान

Azam Khan Sitapur Jail: सीतापुर जेल सूत्रों से खबर मिल रही है आजम खान ने अजय राय से मिलने से इनकार कर दिया है। आजम खान ने कहा कि वह केवल अपने परिवार के लोगों से ही मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वो किसी से भी नहीं मिलेंगे।

Jugul Kishor
Published on: 26 Oct 2023 5:00 AM GMT (Updated on: 26 Oct 2023 11:05 AM GMT)
X

आजम खान और अजय राय (सोशल मीडिया) 

Azam Khan Sitapur Jail: समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता और महासचिव आजम खान सीतापुर जिला जेल में बंद है। कांग्रेस उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय आज यानी कि गुरुवार (26 अक्टूबर) को आजम से मुलाकात करने वाले थे। इसी बीच सीतापुर जेल सूत्रों से खबर मिल रही है आजम खान ने अजय राय से मिलने से इनकार कर दिया है। आजम खान ने कहा कि वह केवल अपने परिवार के लोगों से ही मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वो किसी से भी नहीं मिलेंगे।

आजम से आज मिलने वाले थे अजय राय

दरअसल, अजय राय आजम खान से दोपहर एक बजे के करीब मुलाकात करने वाले थे। लेकिन उससे पहले ही आजम खान का बयान सामने आ गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राय ने बुधवार को कहा था कि, भाजपा सरकार में आजम खान और उनके परिवार के लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है। ऐसे हालात में वह मानवीयता के आधार पर गुरुवार को सपा नेता से मुलाकात करेंगे और उनके उत्पीडऩ के खिलाफ आवाज भी उठाएंगे।

जेल में सजा काट रहे हैं आजम खान

रामपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट ने इसी महीने (18 अक्टबर) को दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में सपा नेता और पूर्व मंत्री आजम खान को दोषी करार देते हुए सात साल कारावास की सजा सुनाई थी। इस मामले में उनकी पत्नी प्रोफेसर तंजीन फातिमा और स्वार विधानसभा से पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम को भी सात-सात साल की सजा सुनाई गई है। अब्दुल्ला आजम हरदोई जिला कारागार में सजा काट रहे हैं। वहीं, तंजीन फातिमा रामपुर की जेल में ही बंद हैं।

सपा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर साधा निशाना

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजम खान से अजय राय की होने वाली मुलाकात को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने बुधवार को कहा कि आजम खान से सभी को मिलना चाहिए, लेकिन कांग्रेस के नेता उस समय कहां थे, जब उन्हें फंसाया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया है कि कांग्रेस के नेता भी उन्हें फंसाने में लगे थे।

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व से निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे आजम खान से मुलाकात करने सीतापुर जेल पहुंचे। उन्होंने कहा कि आजम खान पर भाजपा की योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा किए जा रहे रंजिशन अत्याचार के खिलाफ़ उनके साथ खड़े होने का भरोसा दिलाया और हर प्रकार से सहयोग की बात कही। आजम खान से जेल में मुलाकात के लिए कांग्रेस ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर दी थी। लेकिन प्रशासन द्वारा विद्वेष भावना के तहत मुलाकात करने से इनकार कर दिया। जिससे अक्रोशित होकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।

मानवता के नाते दुख दर्द साझा करने आए हैं-अजय राय

सीतापुर पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा भारतीय जनता पार्टी की योगी आदित्यनाथ सरकार साजिशन आजम खान को परेशान कर रही है। सरकार के इशारे पर उन पर फर्जी मुकदमें लिखे गए। जेल भिजवाया गया। आजम खान कोई अपराधी नहीं हैं। राजनैतिक व्यक्ति हैं। उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता हैं। उनके नगर विकास मंत्री रहते सफलतम महाकुंभ का आयोजन हुआ। जिसकी सराहना पूरे विश्व में हुई। छात्र जीवन से ही राजनैतिक रहे। आजम खान के साथ भाजपा सरकार द्वारा विद्वेष भावना से ऐसा अत्याचार करना बिल्कुल उचित नहीं। हम मानवता के नाते उनके दुख दर्द को साझा करने के लिए यहां आए हैं। जो भी जरूरत होगी जो भी वह हमसे सहयोग की उम्मीद करेंगे, उसके लिए हम साथ खड़े हैं। ऐसे अत्याचार और तानाशाही के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने हमेशा लड़ाई लड़ी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा आज भी हम मानवता धर्म के नाते यहां आए हैं। कांग्रेस पार्टी और हमारे नेताओं ने हमेशा स्थापना के समय से ही अन्याय और अत्याचार के खिलाफ़ आवाज उठाई है। लड़ाई लड़ी है। उत्तर प्रदेश में जब-जब भाजपा सरकार ने अत्याचार किया, चाहे हाथरस की घटना हो, उम्भा की घटना हो। उन्नाव की बलात्कार की घटना हो या लखीमपुर की किसानों पर गाड़ी चढ़ाने की घटना हो। शाहजहांपुर की बेटी को न्याय दिलाने की घटना जैसी लगभग 400 मुख्य और अन्य भी हजारों घटनाएं हैं, जहां प्रत्येक जगह हमारी नेता प्रियंका गांधी जी पहुंची। कांग्रेस के नेता कार्यकर्ता पहुंचे और अत्याचार के खिलाफ़ लड़ाई लड़ी। भाजपा सरकार को झुकना पड़ा। आज भी हम उसी जुल्म और अत्याचार के खिलाफ आजम खान के साथ खड़े होने, उनके सहयोग के लिए यहां आए हैं।

जिला प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने जिला प्रशासन द्वारा सरकार के इशारे पर मिलने से रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि हमें आजम खान से मिलने से क्यों रोका जा रहा है। आखिर आजम खान किस हालत में है। यह बात कैसे पता चलेगी? प्रदेश को कानून की बजाय जंगलराज बना दिया गया है। सब मनमर्जी से चलाया जा रहा है। हमने जेल में मुलाकात के लिए सभी वैधानिक औपचारिकताएं पूरी कर दी थी। लेकिन उसके बाद भी हमें मिलने से रोका गया। झूठा बहाना आजम खान के न मिलने का प्रशासन द्वारा बनाया गया।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story