×

यूपी के राजभवन में सौर इंडक्शन चूल्हे से कुकिंग, मंत्रियों की मौजूदगी में हुई शुरूआत

Rishi
Published on: 1 Aug 2018 2:38 PM GMT
यूपी के राजभवन में सौर इंडक्शन चूल्हे से कुकिंग, मंत्रियों की मौजूदगी में हुई शुरूआत
X

लखनऊ : यूपी के राजभवन में सौर इंडक्शन चूल्हे से कुकिंग होगी। राज्य सरकार के कद्दावर मंत्रियों की मौजूदगी में राज्यपाल राम नाईक ने इसकी शुरूआत की। गवर्नर हाउस में यह प्रयोग के तौर पर लगाया गया है। सौर इंडक्शन चूल्हा डीसी इंडक्शन स्टोप है जो अन्य चूल्हों से सुरक्षित और सस्ता है। यह एलपीजी के बराबर काम करता है। जिसमें आठ सौ वाॅट का सौर पैनल लगा है और बैट्री बैकअप भी दिया गया है।

राम नाईक ने वैकल्पिक ऊर्जा मंत्री बृजेश पाठक, ग्राम्य विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) महेंद्र सिंह, राज्यपाल के प्रमुख सचिव हेमंत राव, प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास अनुराग श्रीवास्तव, राज्यपाल के विशेष सचिव डाॅ अशोक चन्द्र व अन्य अफसरों की मौजूदगी में सोलर चूल्हे की शुरूआत की। इसका निर्माण प्रो चेतन सिंह सोलंकी आईआईटी मुंबई व उनके साथियों द्वारा किया गया है।

राज्यपाल ने कहा कि ऊर्जा बचत की दृष्टि से सौर ऊर्जा एक अच्छा विकल्प है। इससेे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है। जैसे बूंद-बूंद से सागर भरता है उसी तरह यदि सामूहिक तौर पर वैकल्पिक ऊर्जा का उपयोग किया जाये तो ऊर्जा की अच्छी बचत हो सकती है। कुकिंग एक बड़ा मुद्दा है। सौर ऊर्जा से अन्य ईंधनों की बचत होगी वहीं यह एक सुरक्षित साधन भी है।

यूपी में सोलर लैंप बनाने वाली पहली कंपनी सोनभद्र में लगेगी

यूपी में सोलर लैंप बनाने वाली पहली कंपनी सोनभद्र में लगेगी। इसका असर आसपास के स्थानीय निवासियों पर पड़ेगा। स्वंय सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की रोजगार के साथ आमदनी बढेगी। बुन्देलखण्ड जैसे पिछड़े क्षेत्र की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए डेरी लगेगी। इसे महिलाए चलाएंगी।

ग्राम्य विकास मंत्री महेंद्र सिंह ने राजधानी के सरोजनीनगर विकास खण्ड के बेती गांव में सोलर ऊर्जा लैंप योजना की शुरूआत करते हुए कहा कि महिलाओं को समर्थ बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही है। प्रदेश में 70 लाख सोलर लैंप बांटने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक 3.70 लाख लैंप बच्चों को दिए जा चुके हैं।

ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की पढाई में न आए बाधा, इसलिए दिया जा रहा सोलर लैंप

मंत्री ने कहा कि राज्य और केन्द्र सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए सभी विकास खण्ड अधिकारियों को महिला समूहों को जागरूक करने को कहा गया है। 29 जनपदों के 115 विकास खण्डों में कार्यक्रम होंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों की शिक्षा में किसी प्रकार का व्यवधान न आये इसके लिए सोलर लैम्प पढ़ने वाले छात्रों को दिया जा रहा है।

Rishi

Rishi

आशीष शर्मा ऋषि वेब और न्यूज चैनल के मंझे हुए पत्रकार हैं। आशीष को 13 साल का अनुभव है। ऋषि ने टोटल टीवी से अपनी पत्रकारीय पारी की शुरुआत की। इसके बाद वे साधना टीवी, टीवी 100 जैसे टीवी संस्थानों में रहे। इसके बाद वे न्यूज़ पोर्टल पर्दाफाश, द न्यूज़ में स्टेट हेड के पद पर कार्यरत थे। निर्मल बाबा, राधे मां और गोपाल कांडा पर की गई इनकी स्टोरीज ने काफी चर्चा बटोरी। यूपी में बसपा सरकार के दौरान हुए पैकफेड, ओटी घोटाला को ब्रेक कर चुके हैं। अफ़्रीकी खूनी हीरों से जुडी बड़ी खबर भी आम आदमी के सामने लाए हैं। यूपी की जेलों में चलने वाले माफिया गिरोहों पर की गयी उनकी ख़बर को काफी सराहा गया। कापी एडिटिंग और रिपोर्टिंग में दक्ष ऋषि अपनी विशेष शैली के लिए जाने जाते हैं।

Next Story