×

Sonbhadra: कलेक्ट्रेट में अफसरों के लिए लगाई गई योग कक्षाएं, सीखे योगाभ्यास

Sonbhadra: अमृत योग सप्ताह के छठवें दिन कलेक्ट्रेट में अफसरों व मुख्यालय पर तैनात कर्मचारियों के लिए योग कक्षाएं लगाई गई। इस दौरान उन्होंने योगाभ्यास की सीख ली।

Kaushlendra Pandey
Published on: 19 Jun 2022 10:07 AM GMT
Sonbhadra News In Hindi
X

 कलेक्ट्रेट में अफसरों के लिए लगाई गई योग कक्षाएं।

Sonbhadra: 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (international yoga day) को लेकर तैयारियां आखिरी चरण में पहुंच गई हैं। अमृत योग सप्ताह (Amrit Yoga Week) के तहत ग्राम पंचायतों और ब्लॉक मुख्यालय पर योग कक्षाएं लगाने के बाद छठवें दिन रविवार को कलेक्ट्रेट में अफसरों और मुख्यालय पर तैनात कर्मचारियों के लिए योग कक्षाएं लगाई गई।

डीएम चंद्र विजय सिंह (DM Chandra Vijay Singh) के निर्देशन और सीडीओ संतोष गंगवार (CDO Santosh Gangwar) तथा एडीएम सहदेव मिश्रा (ADM Sahdev Mishra) की अगुवाई में हुए इस आयोजन में कई योगासनों का अभ्यास कराते हुए, योग की बारीकियों और उसके फायदों से अवगत कराया ही गया।


इन योगाभ्यास की दी सीख

योग प्रशिक्षक अभिषेक सिंह (Yoga Instructor Abhishek Singh) और भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के मुख्य योग शिक्षक यतींद्र कुमार उपाध्याय ने सूर्य नमस्कार, कपालभांति, भ्रामरी, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, धनुषासन आदि आसनों का अभ्यास कराने के साथ ही बारी-बारी से इसके फायदे गिनाए। भागदौड़ भरी जिंदगी में किसी व्यक्ति के लिए खुद को स्वस्थ रखना एक बड़ी चुनौती बताते हुए, नियमित योगाभ्यास की सीख दी।


योग से तनाव काफी हद तक होता है दूर: मुख्य विकास अधिकारी

मुख्य विकास अधिकारी संतोष गंगवार (Chief Development Officer Santosh Gangwar) ने कहा योग से हमारी आयु बढ़ती है। जीवन से तनाव काफी हद तक दूर हो जाता है। योग को दिनचर्या का अंग बनाने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि हमें अपने मन को हमेशा संतुलित रखना है। इसी में हमारा आत्म विकास और आरोग्यता का राज छिपा हुआ है। अपर जिला अधिकारी सहदेव मिश्रा ने कहा कि यदि हम योग को अपने जीवन शैली में उतार लें तो इससे जहां हमारी कार्य करने की क्षमता में वृद्धि होगी। वहीं आध्यात्मिक उन्नति शरीर में एक नई ऊर्जा का एहसास कराएगी। डीडीओ रामबाबू त्रिपाठी, आयुर्वेद चिकित्सा अधिक्षक राजेश सिंह चंदेल ने भी लोगों को रोजाना योग करने की सलाह दी और इसके लाभों से अवगत कराया।


ब्रह्मकुमारी बहनों ने मन की चंचलता को काबू करने का बताया तरीका

कलेक्ट्रेट में आयोजित योग शिविर में ब्रह्मकुमारी बहनों ने भी योग के इतिहास और इससे होने वाले फायदों की जानकारी दी। मन की एकाग्रता को उन्नति का आधार बताते हुए, चित्त की चंचलता को काबू करने के तरीके बताए। ध्यान योग और इससे होने वाले फायदों पर विस्तार से जानकारी दी। कहा कि योग एक ऐसा माध्यम है जिससे शरीर को निरोग रखने के साथ ही आध्यात्मिक लक्ष्यों की आसानी से प्राप्ति की जा सकती है।


21 जून को विशिष्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जाएगा योग दिवस कार्यक्रम

कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर घर-घर योग की अलख जगाने पर जोर देते हुए बताया गया कि 21 जून को तियरा स्थित विशिष्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा सभी ग्राम पंचायतों, ब्लाक मुख्यालयों, तहसील मुख्यालयों, आयुष चिकित्सा केंद्रों, विद्यालयों विभिन्न औद्योगिक परियोजनाओं में योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जिला प्रोबेशन विभाग के शेषमणि दुबे सहित तमाम लोगों की मौजूदगी बनी रही।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story