TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: विवाहिता की संदिग्ध मौत में नया मोड़, दहेज के लिए की गई हत्या, पति समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज:
Sonbhadra News: मां की तरफ से दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर पुलिस को सौंपी गई है। इस पर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और दहेज हत्या के आरोप में पति सहित पांच के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
Thana Bijpur News (Photo Social Media)
Sonbhadra News: बीजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जरहां अंतर्गत बियाडांड़ टोले में चार दिन पूर्व दोपहर में विवाहिता का फंदे से लटकता शव पाए जाने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मां की तरफ से दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर पुलिस को सौंपी गई है। इस पर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और दहेज हत्या के आरोप में पति सहित पांच के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
- पति ने काम से लौटने पर शव लटकता दिखने का किया था दावा:
बताते चलें कि 10 फरवरी की दोपहर बियाड़ां़ड़ टोला निवासी गायत्री प्रजापति का शव उसके कमरे में लटकता पाए जाने से सनसनी फैल गई थी। पति उदय कुमार प्रजापति का दावा था कि वह सुबह काम करने चला गया था। दोपहर में देर तक पत्नी का कमरा बंद होने की जानकारी मिली। सूचना पाकर पहंुचा तो दरवाजा बंद था। काफी आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खुला तो वह दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचा तो देखा कि शव फंदे से लटक रहा था। वहीं, पुलिस का कहना था कि जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दरवाजा खुला हुआ था और शव फंदे से लटक रहा था जिसे कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई करते हुए, पोस्टमार्टम कराया गया।
- पिता का दावा: दहेज के लिए लगातार किया जा रहा था प्रताड़ित:
मां रीना देवी पत्नी रामेश्वर प्रसाद निवासी नधिरा थाना बभनी की तरफ से पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया है कि उसकी पुत्री गायत्री की शादी अप्रैल 2024 में उदय कुमार निवासी जरहा टोला वियाड़ाड के साथ की गई थी। शादी के कुछ माह बाद ही उसके पति उदय कुमार, जेठ सोनू, उनकी पत्नी, पवन कुमार और उनकी पत्नी द्वारा दहेज में दो लाख की मांग करते हुए उसकी पुत्री को प्रताड़ि़त किया जाने लगा। इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताने पर उसकी पुत्री को प्रताड़ित किए जाने का क्रम जारी रखा गया। 10 फरवरी 2025 की दोपहर एक बजे दामाद उदय कुमार का फोन आया कि उनकी पुत्री गायत्री ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जब वह परिवार के लोगों के साथ मौके पर पहुंची तो देखा कि उसकी बेटी का शव फंदे से लटक रहा था। उसे इस बात का शक है कि उनकी पुत्री की दहेज के लिए हत्या कर दी गई है।
- बेटी के अंतिम संस्कार के बाद थाने पहुंचकर दी तहरीर:
पोस्टमार्टम के बाद मायके के लोगों ने ही शव का दाह संस्कार कराया। छोटे भाई के साथ बीजपुर थाने तहरीर लेकर पहुंची मां रीना देवी का कहना था कि बेटी का अंतिम संस्कार कराकर वह थाने पर पहुंची हैं। अब उन्हें इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जरूरत है। उधर, बीजपुर पुलिस का कहना है कि प्रकरण में दी गई तहरीर के आधार पर पति सहित अन्य ससुरालियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 85, 80(2) और डीपी एक्ट की धारा 3/4 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की छानबीन की जा रही है।