×

सोनभद्र में धान खरीद का रियलिटी चेक: कहीं हो रही खरीद, तो कहीं पसरा था सन्नाटा, क्रय केंद्र प्रभारी नदारद तो कहीं दरवाजे बंद

Sonbhadra Exclusive : सोनभद्र में इन दिनों धान की खरीद के दौरान कई खामियों की खबर मिली थी। जिसके बाद newstrack.com की टीम ने रियलिटी चेक किया। कई जगह सरकारी दावों के उलट स्थिति नजर आई। आइये देखें क्या है इस विशेष रिपोर्ट में :

Kaushlendra Pandey
Published on: 27 Nov 2023 12:58 PM GMT (Updated on: 27 Nov 2023 1:08 PM GMT)
paddy purchase in sonbhadra
X

Paddy Purchase in Sonbhadra 

Sonbhadra Exclusive: कहीं धान खरीद होती मिली तो कहीं सन्नाटा..। कहीं केंद्र प्रभारी नदारद मिले तो कहीं लगी मिली दरवाजों की सिटकनी..। धान खरीद को लेकर सोमवार (27 नवंबर) को किए गए रियलिटी टेस्ट में कुछ ऐसा ही नजारा सामने आया। सोनभद्र जिले में चल रही धान खरीद और इसे लेकर अधिकारियों की तरफ से दिए जा रहे निर्देश के अनुपालन में बरती जा रही उदासीनता को लेकर तरह-तरह के सवाल उठाए जाते रहे। newstrack.com टीम ने धान क्रय के वर्तमान हालात का रियलिटी चेक किया।

यह स्थिति तब थी, जब लक्ष्य के मुकाबले कम धान की खरीद को देखते हुए, गत 23 नवंबर को ही डीएम चंद्र विजय सिंह (DM Chandra Vijay Singh) की तरफ से अवकाश तिथि 24 नवंबर और 27 नवंबर को सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को अपने-अपने केंद्र पर मौजूद रहने और किसानों से संपर्क कर धान खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।

रियलिटी चेक में सामने आई 'सच्चाई'

newstrack.com की टीम को सुबह के वक्त जहां अधिकांश केंद्रों पर सन्नाटे की खबर मिली। वहीं, ठंड के साथ ही, आसमान में धुंध की स्थिति को देखते हुए दोपहर बाद रियलिटी चेक की प्रक्रिया अपनाई गई। राबटर्सगंज और चतरा ब्लॉक के उपकेंद्रों की पड़ताल को दौरान जो तस्वीर सामने आई, उससे यही समझ में आया कि जिले के अधिकांश केंद्रों पर धान खरीद की मौजूदा स्थिति और ऑनलाइन दिख रहे खरीद के आंकड़ों के बीच अंतर ही नहीं, बड़ा गड़बड़झाला है। कुछ जगहों पर ऑनलाइन अच्छी खरीदारी दिखने के बावजूद गोदाम में, उसके मुकाबले काफी कम धान भरी बोरियां रखे जाने की भी चर्चा रही। हालांकि, पड़ताल के दौरान गोदामों पर ताला लटकता मिला, इसलिए इसकी सच्चाई सामने नहीं आ सका। अलबत्ता किसानों की तरफ से सन्नाटे की स्थिति के बावजूद अच्छी धान खरीद दिखाने वाले केदं्रों पर खरीद-गोदाम दोनों के भौतिक सत्यापन की मांग उठाई जाती रही।


इन केंद्रों की हुई पड़ताल, कुछ ऐसा दिखा नजारा

चतरा बी;ब्लॉक : धान खरीद की रियलिटी जांचने की शुरुआत चतरा ब्लॉक से की गई। दोपहर 2 बजे साधन सहकारी समिति, रामगढ पर एक कांटा संचालित मिला। उसके जरिए धान खरीद होती मिली। केंद्र प्रभारी भी मौजूद थे। वहीं, दोपहर सवा दो बजे रामगढ स्थित उप मंडी समिति में बने क्रय केंद्रों पर सन्नाटा मिला। मौजूद मिले एक कर्मी ने बताया कि क्रय केंद्र प्रभारी आज नहीं आए हैं। दोपहर ढाई बजे राबटर्सगंज-पन्नूगंज मुख्य मार्ग पर स्थित दो क्रय केंद्र वाले हाट शाखा चतरा पर भी सन्नाटे की स्थिति मिली। क्रय केंद्र प्रभारी नदारद मिले। एक कर्मी मौजूद मिला जिसका कहना था कि केंद्र प्रभारी के न रहने से आज धान खरीद नहीं की गई। उसका दावा था कि कुछ किसान आए थे जिनका नंबर लगा दिया गया है।

राबटर्सगंज ब्लाक (जिला मुख्यालय): दोपहर बाद सवा तीन बजे राबटर्सगंज मंडी समिति की स्थिति जांची गई। यहां स्थित तीन क्रय केंद्र पर एक-एक ट्रैक्टर धान लेकर खड़े मिले। उस पर लदे धानों की एक-एक कांटा से तौल-खरीद होती मिली। साढ़े तीन बजे जिला खाद्य विपणन कार्यालय के पास स्थित हाट शाखा पर भी धान क्रय होता मिला। ट्रैक्टरों की कतार के लिए पहचाने वाले इस केंद्र पर महज एक ट्रैक्टर के सवाल पर कर्मी का कहना था कि अभी धान की ज्यादातर फसल खेत में पडी हुई है। धान की मड़ाई के बाद यहां किसानों की तेजी से आवक शुरू हो जाएगी। एसएमआई के बारे में पूछने पर पता चला कि पास के कमरे में वह किसी का इंतजार कर रहे हैं।


जिला मुख्यालय से चार किमी दूर वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग से सटे स्थित गया रतवल धान क्रय केंद्र पर पौने चार बजे सन्नाटा पसरा मिला। क्रय केंद्र के कार्यालय-अध्यक्ष के कमरों के दरवाजे पर भी बाहर से कुंडिया लगी मिली। आस-पास के लोगों से जानकारी ली गई तो बताया गया कि यहां के केंद्र प्रभारी शनिवार को घर जाने की बात कहकर गए थे। अभी लौटे नहीं है। एक संजय नामक कर्मचारी के द्वारा आकर केंद्र खोलने की बात बताई गई। पड़ताल के समय कर्मी के गैरमौजूदगी पर लोगों का कहना था कि कोई आया था, उसी के साथ कहीं गए हैं।


नगवां ब्लाक: इसी तरह, वैनी कस्बे के पास स्थित नगवां क्रय केंद्र की स्थिति जानी गई तो वहां धान खरीद होती मिली। केंद्र प्रभारी भी मौके पर मौजूद पाए गए। बताया गया कि अभी धान कम आ रहा है। जैसे-जैसे किसान पहुंच रहे हैं। वैसे-वैसे खरीद की जा रही है।


चोपन क्रय केंद्र को लेकर एक वीडियो होता रहा वायरल

उधर, खरीद की रियलटी जांचने के दौरान, चोपन गांव स्थित क्रय केंद्र का एक वीडियो भी वायरल होता रहा। इसमें क्रय केंद्र पर जहां सन्नाटे की स्थिति दिखी। वहीं, क्रय केंद्र परिसर में दिखता धान का खलिहान खासा चर्चा का विषय बना रहा। हालांकि यह वीडियो किस दिन का है, इसके बारे में सटीक जानकारी मिल पाई। वीडियो में दिखती स्थिति को लेकर जांच की मांग उठाई जाती रही।


केंद्र प्रभारियों के गैर मौजूदगी की ली जाएगी जानकारी

धान खरीद के नोडल एवं जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित चौधरी ने बताया कि चतरा क्रय केंद्र प्रभारी के यहां शादी है, जिसको लेकर वह अवकाश पर हैं। रामगढ़ मंडी समिति क्रय केंद्र प्रभारी को भी अवकाश पर होने की जानकारी मिली है। गया रतवल के केंद्र प्रभारी की गैर मौजूदगी के बारे में जानकारी ली जा रही है।










aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story