×

अखिलेश यादव ने किया ट्वीट तो उबल पड़े सपाई और बसपाई, प्रदेश भर में प्रदर्शन

इस प्रदर्शन में गठबंधन धर्म का पालन करते हुए शामिल होने वाले बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं की अगुवाई करने वाले बसपा नेता पंकज गुप्ता ने बताया कि हमारा गठबंधन समाजवादी पार्टी के साथ है अगर अखिलेश जी को कोई दिक्कत आएगी तो हम सरकार को दिक्कत पैदा कर देंगे। सरकार की यह तानशाही है इसलिए सरकार को इससे बाज़ आना चाहिए।

Shivakant Shukla
Published on: 12 Feb 2019 8:46 AM GMT
अखिलेश यादव ने किया ट्वीट तो उबल पड़े सपाई और बसपाई, प्रदेश भर में प्रदर्शन
X

बाराबंकी: यहां आज सपाई काफी गुस्से में दिखें और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला भी दहन किया। प्रयागराज जा रहे अखिलेश यादव को रोके जाने पर पूरे प्रदेश में सपा कार्यकर्ता योगी सरकार का पुतला दहन कर रहे हैं।

सपाईयों के गुस्से की वजह सपा प्रमुख अखिलेश यादव का एक ट्वीट रहा जिसमें सपा प्रमुख ने जानकारी दी कि उन्हें प्रयागराज में स्थित इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में आयोजित छात्रों के एक कार्यक्रम में जाने से राज्य सरकार ने रोक दिया है। अखिलेश का ट्वीट देखते ही समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता आगबबूला हो गए और सड़कों पर उतर आये और मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर दिया।

ये भी पढ़ें— राजस्थान के अन्य जिलों में फैला गुर्जर आंदोलन, ट्रेन-बस हुई बंद

बाराबंकी मुख्यालय के छाया चौराहे पर गुस्से में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते यह कार्यकर्ता समाजवादी पार्टी के हैं। यह कार्यकर्ता आज अपने मुखिया अखिलेश यादव के एक ट्वीट को देखते ही आग बबूला हो गए और सड़कों पर उतर आये। सपाईयों का गुस्सा देख कर उनके साथ गठबंधन की साझीदार बहुजन समाज पार्टी भी उनके इस प्रदर्शन में शामिल हो गयी। कार्यकर्ताओं का गुस्सा इस कदर था कि अपने प्रदर्शन के बाद वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला ले आये और उसका दहन कर दिया।

ये भी पढ़ें— देश के भविष्य से खिलवाड़: शिक्षामित्र के घर था फंक्शन, तो बच्चों से ढुलवाई कुर्सियां

समाजवादी पार्टी बाराबंकी के पूर्व अध्यक्ष डाक्टर कुलदीप सिंह ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आज ट्वीट के जरिये जानकारी दी है कि प्रयागराज जिले के इलाहाबाद विश्वविद्यालय में आयोजित छात्रों के एक कार्यक्रम में जाने से उन्हें रोक दिया गया है। प्रदेश सरकार के इस रवैये से जनपद के कार्यकर्ता आक्रोशित हैं और सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन कर रहे हैं। सपा प्रमुख को एक पूर्व नियोजित कार्यक्रम से रोकना एक तरह से लोकतंत्र की हत्या है और सभी समाजवादी कार्यकर्ता राष्ट्रपति और राज्यपाल को सम्बोधित ज्ञापन भी दे रहे हैं और यहाँ कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला भी दहन किया है।

ये भी पढ़ें— SC की अवमानना नागेश्वर राव पर पड़ी भारी, दिनभर कोर्ट में खड़े रहने की मिली सजा

इस प्रदर्शन में गठबंधन धर्म का पालन करते हुए शामिल होने वाले बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं की अगुवाई करने वाले बसपा नेता पंकज गुप्ता ने बताया कि हमारा गठबंधन समाजवादी पार्टी के साथ है अगर अखिलेश जी को कोई दिक्कत आएगी तो हम सरकार को दिक्कत पैदा कर देंगे। सरकार की यह तानशाही है इसलिए सरकार को इससे बाज़ आना चाहिए।

शाहजहांपुर में भी हुआ विरोध

प्रयागराज जा रहे अखिलेश यादव को रोके जाने पर पूरे प्रदेश में सपा कार्यकर्ता योगी सरकार का पुतला दहन कर रहे हैं। इसी क्रम में शाहजहांपुर में भी नाराज कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष तनवीर खान के नेतृत्व मे चौराहे पर जाम लगाकर हंगामा करते हुए थाना सदर क्षेत्र के अंटा चौराहे पर ​पुतला दहन किया गया।

रायबरेली में भी नाराज सपाइयों ने शहीद चौक पर धरना दिया और सरकार के विरोध में जमकर की नारेबाजी की।

बलरामपुर में भी पूर्व मंत्री एसपी यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर सरकार विरोधी नारे लगा रहे हैं।

ये भी पढ़ें—अखिलेश को रोके जाने पर प्रयागराज में बवाल, लाठीचार्ज में धर्मेंद्र यादव घायल

गोरखपुर में भी हुआ विरोध

गोरखपुर में अखिलेश के रोके जाने की खबर पहुची तो सपा कार्यकर्ताओं के बीच पहुंची, तो उनका आक्रोश बढ़ गया। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए शास्‍त्री चौक पर जुटने लगे। उन्‍होंने योगी और उनकी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इसी दौरान वहां पर पहुंची कैण्‍ट और कोतवाली समेत कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी के जवानों के साथ उनकी धक्‍का-मुक्‍की भी हो गई। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं का गुस्‍सा शांत नहीं हुआ। उन्‍हें हिरासत में लेने के लिए पुलिस को काफी मशक्‍कत करनी पड़ी। सपा कार्यकर्ता भी सड़क पर लेटकर खुद को हिरासत से बचाने का प्रयास करते रहे। जैसे-तैसे पुलिसकर्मियों ने उन्‍हें काबू में करके हिरासत में लिया।

इस दौरान सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि राजनीति वश उनके राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष को इलाहाबाद जाने से रोका गया है। एक तरीके से ये अघोषित आपातकाल की स्थिति योगी की बीजेपी सरकार द्वारा पैदा की जा रही है। उन्‍होंने कहा कि इस तरह की राजनीति शोभा नहीं देती है। आगामी लोकसभा चुनाव में एक बार फिर गोरखपुर और प्रदेश की जनता उन्‍हें जवाब देगी।

प्रदेश की भाजपा सरकार पूरी तरह से हताश और निराश है। उनके राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष के कार्यों की जनता जिस तरह से प्रशंसा कर रही है उससे भाजपा डरी हुई है। यही वजह है कि उन्‍हें इलाहाबाद विश्‍वविद्यालय के शपथ ग्रहण समारोह में जाने से रोका गया है।

ये भी पढ़ें—झूठ बोलने में अखिलेश राहुल से भी आगे – सिद्धार्थ नाथ सिंह

वहीँ सपा नेत्री अनु प्रसाद ने कहा कि युवाओं के बीच जिस तरह से युवाओं के बीच लोकप्रिय हो रहे हैं उससे भाजपा सरकार डरी-सहमी सी है। यही वजह है कि उनके राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष को एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया। इसलिए उन लोगों को इसके विरोध में सड़क पर उतरना पड़ा।

सपाइयों ने बहराइच- लखनऊ हाईवे किया जाम

अखिलेश यादव को लखनऊ एयरपोर्ट पर रोके जाने से आक्रोशित सपाइयों ने बहराइच- लखनऊ हाईवे जाम कर दिया। कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर सरकार विरोधी नारे लगाए। सपाइयों ने इस रवैए को अलोकतांत्रिक व सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया। बड़ी संख्या में सपाइयों के हाईवे पर डटे रहने से आवागमन पूरी तरह से ठप रहा। जाम में एंबुलेंस से लेकर स्कूली छात्र-छात्राएं भी फंसे रहे। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौपा। इसके बाद जाम समाप्त हुआ।

कानपुर में सीएम योगी का फूंका पुतला

कानपुर में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं ने सीएम योगी की अर्थी निकाली। इसके बाद उनके पुतले को आग के हवाले करने लगे। इसी दौरान पहुंची पुलिस और सपा कार्यकर्ताओ के बीच जमकर धक्का मुक्की हुई। आक्रोशित सपाईयों ने पुतले को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस ने सैकड़ो कार्यकर्ताओ को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने एक बस में भर कर सभी कार्यकर्ताओ को कोतवाली भेज दिया।

पीएम के गढ़ वाराणसी में भी सपाईयों का ‘तांडव’, पुलिस के छूटे पसीने

सपा मुखिया अखिलेश यादव को लखनऊ एयरपोर्ट पर प्रयागराज जाने से रोकने का मामला राजनीतिक रूप ले चुका है। लखनऊ से उठी हंगामे की चिंगारी अब शोला बनकर पूरे प्रदेश में धधक रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सपाईयों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय पर हंगामा कर रहे सपाईयों को काबू में करने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।

मैदागिन से जिला मुख्यालय तक हंगामा

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को लखनऊ एयरपोर्ट पर रोके जाने की खबर जैसे ही वाराणसी पहुंची, सपाई हंगामे पर उतारू हो गए। मैदागिन में युवा नेता किशन यादव की अगुवाई में सपाईयों ने हल्ला बोल दिया और सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस ने जैसे तैसे सपाईयों को रोका, तभी जिला मुख्यालय से हंगामे की खबर आ गई। यहां पर सैकड़ों की संख्या में पहुंचे सपाईयों ने योगी सरकार के खिलाफ खूब नारेबाजी की। पुलिस के रोकने के बावजूद सपाई डीएम पोर्टिको तक पहुंच गए और वहीं धरना देने लगे।

पुलिस से हुई नोंकझोक

इस दौरान सपाईयों और पुलिस के बीच काफी नोंकझोक हुई। कई बार तो ऐसा वक्त आया जब लगा पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ेगा। वाराणसी के अलावा मिर्जापुर, गाजीपुर, चंदौली, मऊ, जौनपुर समेत कई शहरों में सपायों ने तांडव किया।

मेरठ में पुलिस से भिड़े सपाई

मेरठ में नाराज सपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए जुलूस के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। साथ ही मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरने के बाद मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने जा रहे थे तभी कार्यकर्ताओं की पुलिस से भिड़ंत हो गई। इस दौरान सपा नेता अतुल प्रधान भी कलेक्ट्रेट में मौजूद थे।

पुलिस ने कार्यकर्ताओं से पुतला छीनने की कोशिश की इस पर काफी देर हंगामा चला। हंगामा के दौरान ही सपा का एक कार्यकर्ता बेहोश हो गया जिसे सपा कार्यकर्ता गाड़ी में उपचार के लिए ले गए। इसके बाद सपा कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट के मुख्य गेट पर पुतला फूंकने का प्रयास किया। जिसे पुलिस ने धक्का-मुक्की के बीच छीन लिया। दोपहर करीब 3:10 पर सपा कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में राज्यपाल के नाम ज्ञापन अपर नगर मजिस्ट्रेट अमित यादव को दिया।

उधर ज्ञापन देने के बाद जब कार्यकर्ता वापस लौटने लगे तो उन्होंने कलक्ट्रेट के मुख्य गेट पर मुख्यमंत्री का पुतला फूंक दिया। इसके बाद पुलिस अफसर व प्रशासनिक अधिकारी फिर कलक्ट्रेट की ओर दौड़े। इसके बाद सपा कार्यकर्ता वहां से निकल गए।

जौनपुर में अखिलेश यादव को रोकने से सपा हुई आंदोलित

जौनपुर: अखिलेश यादव को लखनऊ एयरपोर्ट पर रोके जाने से आक्रोशित सपा कार्यकर्ताओं का विशाल जुलूस जिलाध्यक्ष लाल बहादुर यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय से शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रट परिसर में पहुंचा। इसके पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राज बहादुर यादव, डा. केपी यादव के नेतृत्व में पॉलिटेक्निक चौराहे पर लखनऊ—वाराणसी राजमार्ग को जाम कर दिया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने केंद्र, प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद सभी कलेक्ट्रेट पहुंचे।इसके पूर्व टीडी कालेज के पास कुछ छात्रनेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंककर धरना प्रदर्शन किया।

जिलाध्यक्ष लाल बहादुर यादव ने कहा कि कार्यकर्ताओं में अत्यधिक रोष इस बात का है कि जिस तरह प्रदेश के तानाशाह व निरंकुश भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी के ऊपर दमनात्मक कार्रवाई कर रही हैं उसको लेकर हम आंदोलित हैं। जिस तरह से भाजपा की वर्तमान सरकार ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लखनऊ एयरपोर्ट पर रोका गया उससे मूलाधिकार का हनन ही नहीं हुआ बल्कि संविधान के खिलाफ चुनौती है। उसी को लेकर सपा महामहिम राज्यपाल से यह मांग करती हैं कि जिन अधिकारियों द्वारा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लखनऊ एयरपोर्ट पर रोका गया उनके विरूद्ध कार्रवाई करते हुए उनको तत्काल पदमुक्त किया जाय।

इस मौके पर महासचिव हिसामुद्दीन शाह, उपाध्यक्ष श्याम बहादुर पाल, शकील अहमद, गुलाब यादव, श्रवण जायसवाल, प्रदीप यादव, राजीव यादव, विकास यादव, अरूण यादव, दीपक गोस्वामी, इकबाल अहमद, पूनम मौर्या, राजेश कुमार, संघर्ष यादव, मीडिया प्रभारी, प्रवक्ता राहुल त्रिपाठी, संतोष कुमार यादव, जेपी यादव, अमित यादव, रूखसार अहमद, अनवारुल हक, रमापति यादव, राकेश यादव, निजामुद्दीन, शिवजीत यादव, शिवसन्त यादव, रामधारी पाल, मनोज मौर्या, विकास यादव, आरिफ मोहम्मद, मुकेश यादव, अबूसाद,अलमाश, प्रदीप यादव बाबा, दीपक गोस्वामी, इकबाल भाई, जयशंकर यादव, सोचनराम विश्वकर्मा, अनिल प्रधान प्रमोद यादव, मंगला यादव, प्रवीण यादव, राजीव यादव, आशीफ साहू, मजहब भाई आदि मौजूद रहे।

इस मामले में भाजपा प्रवक्ता मनीष शुक्ला का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को लखनऊ एयरपोर्ट पर प्रशासन ने इसलिए रोका क्योंकि प्रयागराज में शांति व्यवस्था, कानून व्यवस्था खराब हो सकती है।

बाराबंकी

बाराबंकी: प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के अधिकारियों द्वारा लखनऊ एयरपोर्ट पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ की गई बदसलूकी से आक्रोशित होकर जिले के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जम कर नारेबाजी करते हुए प्रदेश सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए शहर के छाया चौराहे पर योगी आदित्यनाथ का प्रतीकात्मक पुतला जलाया। प्रदर्शन के दौरान जिले के पूर्व सांसद रामसागर रावत, पूर्व कारागार मंत्री राकेश वर्मा, इंद्रेश प्रताप सिंह, हफीज भारती, पंकज गुप्ता,डॉ0 कुलदीप सिंह, मोहम्मद आसिफ, वीरेंद्र नेवली सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

गुस्साए सपाइयों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का फूंका पुतला

हरदोई: सपा मुखिया उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को प्रयागराज जाते हुए लखनऊ एयरपोर्ट पर रोक दिए जाने से गुस्साये सपाइयों ने हरदोई के सोल्जर बोर्ड चौराहे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंक दिया और सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की।

बताया जा रहा है कि इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ के शपथग्रहण और वार्ष‍िकोत्सव को लेकर सूबे की सरकार ने सपा मुखिया को शामिल होने से रोकने के लिए लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर ही रोक लिया जिससे तनाव का माहौल बन गया। समाजवादी छात्र सभा ने अखिलेश यादव को इस कार्यक्रम का मुख्य अतिथि बनाया था, लेकिन जिला प्रशासन से अनुमति न मिलने पर उनके कार्यक्रम पर रोक लगा दी गयी।

हरदोई में समाजवादी पार्टी हरदोई के निवर्तमान जिला अध्यक्ष शराफत अली, पूर्व सांसद उषा वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष पदमराग सिंह पम्मू, पूर्व महासचिव संतराम यादव, सपा प्रदेश सचिव संजय कश्यप, सपा यूथ ब्रिगेड प्रदेश सचिव मुकुल सिंह आशा, युवजन सभा जिला अध्यक्ष रत्नेश यादव, लोहिया वाहिनी अध्यक्ष अमित सिंह मीतू, यूथ ब्रिगेड के अध्यक्ष रामज्ञान गुप्ता, छात्र सभा के जिला अध्यक्ष रहमत अली मोनू के नेतृत्व में सपा के स्थानीय कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पर इकट्ठे हुए।

Shivakant Shukla

Shivakant Shukla

Next Story