×

Supertech Twin Tower Demolition: नोएडा सुपरटेक ट्विन टावर गिराने में आएगा इतना खर्च, बनाने में लगे थे इतने पैसे

Supertech Twin Tower Demolition: 7.5 लाख स्क्वायर फीट के बिल्ड अप एरिया में फैले इस ट्विन टावर को तैयार करने में 933 रुपए प्रति स्क्वायर फीट का खर्च आया था। अब इमारत गिराने की लागत 267 रुपए प्रति स्क्वायर फीट है।

Krishna Chaudhary
Published on: 28 Aug 2022 2:51 AM GMT (Updated on: 28 Aug 2022 2:51 AM GMT)
supertech twin towers demolition
X

सुपरटेक ट्विन टावर : Photo- Social Media

Supertech Twin Tower Demolition Today: नोएडा स्थित सुपरटेक की गगनचुंबी इमारत ट्विन टॉवर आज यानी रविवार 28 अगस्त की दोपहर ताश के पत्तों की तरह ढह जाएगी। नोएडा सेक्टर- 93 ए स्थित इन दो टावर का नाम सियान और एपेक्स (Supertech Twin Tower's Cyan and Apex) है।

इसे भारत की सबसे ऊंची इमारत बताई जा रही है, जिसे कल दोपहर 2.30 बजे 3700 किलोग्राम से अधिक विस्फोटकों की मदद से जमींदोज कर दिया जाएगा। इसे बनाने में 70 करोड़ रुपए की लागत आई थी। वहीं, इसे गिराने में भी करोड़ों रुपए खर्च होंगे।

विस्फोटकों सहित कुल खर्च 20 करोड़ रुपए

7.5 लाख स्क्वायर फीट के बिल्ड अप एरिया में फैले इस ट्विन टावर को तैयार करने में 933 रुपए प्रति स्क्वायर फीट का खर्च आया था। अब इस इमारत को गिराने की लागत 267 रुपए प्रति स्क्वायर फीट है। विस्फोटकों सहित कुल विध्वंस की लागत 20 करोड़ रुपए है। कुल लागत में से सुपरटेक 5 करोड़ रुपए का भुगतान कर रही है। शेष 15 करोड़ राशि मलबे को बेचकर प्राप्त की जाएगी। ट्विन टावर के गिराने के बाद इसमें से 55 हजार टन मलबा निकलेगा, जिसमें 4 हजार टन स्टील होगा।"

100 करोड़ का बीमा करवाया गया

इसके अलावा इमारत को गिराने का ठेका लेने वाली कंपनी एडिफिस इंजीनियरिंग (Edifice Engineering) ने आसपास के क्षेत्र में किसी भी तरह की क्षति के लिए 100 करोड़ रुपए का बीमा कवर भी हासिल किया है। रविवार को जिस उपकरण से ट्विन टावर को जमींदोज किया जाएगा, उसका नाम है 'शॉर्ट एक्सप्लोडर'। इसकी एक बटन दबाते ही 9 सेकेंड तक धमाके होंगे और 15 सेकेंड के अंदर दोनों टावर मलबे के ढेर में तब्दील हो जाएंगे।

होम बायर्स का पैसा सूद समेत वापस करना होगा

बता दें कि, एपेक्स टॉवर 32 फ्लोर और सियान टावर 29 फ्लोर का है। इन दोनों टॉवर में कुल 915 फ्लैट हैं। इनमें से 633 फ्लैट बुक हो चुके हैं। सुपरटेक ने इस बुकिंग से 180 करोड़ रुपए हासिल किए हैं। सुप्रीम कोर्ट में केस हारने के बाद अब कंपनी को होम बायर्स को उनके पैसे सूद समेत वापस लौटाने होंगे। कंपनी को इस प्रोजेक्ट से 1200 करोड़ रुपए की आमदनी की उम्मीद थी। रियल एस्टेट के जानकारों के मुताबिक, ट्विन टावर में एक 3 बीएचके फ्लैट की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपए रखी गई थी।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story