×

UP Madarasa: यूपी में मदरसों पर बड़ा फैसला, समय सारिणी में हुआ बदलाव

UP Madarasa: मदरसों की समय-सारिणी में बदलाव किया गया है। प्रदेश मदरसे अब 5 की बजाय 6 घंटे चलेंगे। मदरसों में शिक्षण कार्य का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक का होगा।

Krishna Chaudhary
Published on: 28 Sep 2022 5:46 AM GMT
Teaching work in madrasas in Uttar Pradesh from 9 am to 3 pm
X

उत्तर प्रदेश में मदरसों में शिक्षण कार्य सुबह 9 बजे से दोपहर तीन बजे तक का होगा: Photo- Social Media

Lucknow: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh News) के मदरसों (Madrasas) की समय-सारिणी में बदलाव किया गया है। प्रदेश के मदरसे अब 5 की बजाय 6 घंटे चलेंगे। मदरसों में शिक्षण कार्य का समय सुबह 9 बजे से दोपहर तीन बजे तक का होगा। पहले इनमें सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक पढ़ाई होती थी। मदरसों के समय में फेरबदल का निर्णय उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद (Uttar Pradesh Madrasa Education Council) ने लिया है। परिषद ने इसके अलावा भी कई अहम निर्णय लिए हैं।

परिषद द्वारा जारी नए आदेश के मुताबिक, मदरसों में सुबह 9 बजे से दिन के तीन बजे तक पढ़ाई होगी। सुबह शिक्षण कार्य की शुरूआत दुआ और राष्ट्रगान से होगी। यूपी मदरसा शिक्षा परिषद के अध्यक्ष डॉ इफ्तिखार अहमद जावेद ने बताया कि नया टाइम-टेबल 1 अक्टूबर से 31 मार्च तक रहेगा। एक अप्रैल से 30 सितंबर तक सुबह 8 बजे से दोपहर दो बजे तक मदरसों में पढ़ाई कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि यह समय इसलिए बढ़ाया गया है ताकि दीनी तालीम के साथ आधुनिक विषय और अच्छे से बच्चों को पढ़ाया जा सके।

सुबह 9 बजे दुआ और राष्ट्रगान से पढ़ाई की शुरूआत

मदरसा शिक्षा परिषद के रजिस्ट्रार जगमोहन सिंह द्वारा मंगलवार को जारी किए गए आदेश के अनुसार, अब मदरसों में पढ़ाई की शुरूआत सुबह 9 बजे दुआ और राष्ट्रगान से होगी। शिक्षण कार्य सुबह 9.20 बजे से दोपहर के 12 बजे तक होगा। इसके बाद मध्यावकाश होगा, जिसमें बच्चे 12 से 12.30 के बीच भोजन कर सकेंगे। इसके बाद फिर दूसरी पाली शुरू होगी। जिसमें 12.30 बजे से दिन के तीन बजे तक कक्षाएं लगेंगी।

15 अक्टूबर तक मदरसों का सर्वे

बता दें कि योगी आदित्यनाथ सरकार प्रदेश में मौजूद गैर–मान्यता प्राप्त मदरसों का सर्वे करा रही है। सरकार की ओर से 31 अगस्त तक प्रदेश में चलने वाले सभी गैर मान्यता प्राप्त निजी मदरसों का सर्वेक्षण कराने का आदेश दिया गया था। इसके लिए एक टीम गठित कर ली गई है, जो 15 अक्टूबर तक सर्वे का काम पूरा कर सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंप देंगी।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story