×

स्मृति ईरानी की अमेठी में राहुल गांधी को मिला धन्यवाद, ये थी वजह

सूचना मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के आदेश पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भेज कर श्रमिकों को उनका किराया अदा कराया।

SK Gautam
Published on: 9 May 2020 8:27 AM GMT
स्मृति ईरानी की अमेठी में राहुल गांधी को मिला धन्यवाद, ये थी वजह
X

अमेठी: लॉक डाउन में श्रमिको का परदेस से घर आना जहां राजनैतिक मुद्दा बन गया वही कांग्रेस बनाम बीजेपी की नूराकुशती का लाभ श्रमिकों को पूरा का पूरा मिल रहा है। केंद्र और राज्य सरकारो ने श्रमिकों को लाने के लिए जो संकल्प लिया था उसे वो पूरा भी कर रही। ये और बात है कि परदेस से आने वाला श्रमिक टिकट का पैसा चुकता कर के ही घर को लौट रहा है। इस सबके बीच कांग्रेस ने ये घोषणा कर रखी है के श्रमिको के टिकट का पैसा पार्टी भरेगी, जिस पर वो कटिबद्ध है।

सैकड़ों श्रमिक गुजरात और पंजाब से अमेठी लौटे

इस क्रम में बीते दो दिनो में सैकड़ों श्रमिक गुजरात और पंजाब से अमेठी लौटे हैं। शनिवार सुबह कांग्रेस नेतृत्व के निर्देश पर पार्टी जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल के तत्वाधान में जिले के मुसाफ़िरखाना ब्लाक के दादरा व भददौर गांव में कांग्रेसियों ने पहुंचकर आए हुए श्रमिकों के टिकट का भुगतान किया।

श्रमिकों को उनका किराया अदा कराया

कांग्रेस पार्टी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार दोनो गांवों में 16 श्रामिक गुजरात (सूरत) से ट्रेन द्वारा वाराणसी पहुंचे थे। वहां से सभी बस द्वारा अपने घर आये थे। सूचना मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के आदेश पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भेज कर श्रमिकों को उनका किराया अदा कराया। परदेस से आने वाले श्रमिक 620 रूपये का टिकट लेकर आए थे, इस हिसाब से प्रति श्रमिक की दर से दस हजार रूपये वितिरित किया गया है। श्रामिको ने राहुल-प्रियंका व जिलाध्यक्ष का धन्यवाद देते हुए आभार जताया है।

प्रियंका गांधी ने कहा था कि-श्रमिकों के टिकट का भुगतान किया जायेगा

वही शुक्रवार को भी कांग्रेसियों का अमेठी में ये सिलसिला जारी था। जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने अपने कार्यालय में आए श्रमिको के टिकट का भुगतान किया था। यूपी कांग्रेस ने इससे सम्बंधित फोटो ट्वीट कर लिखा था कि ''गुजरात से चलकर अमेठी आई ट्रेन के लोगों से गुजरात भाजपा सरकार ने टिकट के पैसे वसूल लिए थे। कल कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा था कि हम वॉट्सएप पर टिकट मंगाकर उन सभी को किराये का पैसा देंगे। आज अमेठी से इस प्रक्रिया की शुरुआत हो गई।''

स्पेशल श्रमिक ट्रेन पंजाब से अमेठी पहुंची

आपको बता दें कि गुरुवार को गुजरात के साबरमती से ट्रेन अमेठी आई थी, जिस पर 42 जिलों के 1212 श्रमिक सवार थे। इनमे अमेठी के 283 श्रमिक भी शामिल थे। जिनकी थर्मल स्कैनिंग और अन्य जांचे कराई गई और फिर सरकारी बसों से सभी को उनके घर भेजा गया था। वही कल यानी शुक्रवार को स्पेशल श्रमिक ट्रेन पंजाब से अमेठी पहुंची थी। जिस पर पंजाब से आए 1076 श्रमिक आए थे। इनमे अमेठी जनपद के 382 श्रमिक यात्री भी शामिल थे। आए हुए यात्रियों से 600 और 650 रुपए टिकट के लिए गए थे।

SK Gautam

SK Gautam

Next Story