TRENDING TAGS :
गाजीपुर में दर्दनाक हादसाः गंगा नहाने गयीं तीन लड़कियां डूबीं, चार को बचाया, मचा कोहराम
Ghazipur News: रविवार सुबह सभी घर से पैदल ही गंगा नहान के लिए निकली थीं। स्नान के दौरान छह लड़कियां अचानक गहरे पानी में जाने की वजह से डूबने लगीं।
Ghazipur News
Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जनपद में रविवार सुबह दर्दनाक घटना घटित हुई। यहां करंडा थाना क्षेत्र के रमजनपुर सिकंदरपुर में सात लड़कियां घर से लगभग डेढ़ किमी दूर असवा घाट पर गंगा नदी में स्नान करने के लिए गयी थीं। सभी लड़कियां कार्तिक माह में हर दिन गंगा स्नान के लिए जाती थीं। रविवार सुबह सभी घर से पैदल ही गंगा नहान के लिए निकली थीं। स्नान के दौरान छह लड़कियां अचानक गहरे पानी में जाने की वजह से डूबने लगीं। मौके पर मची चीख पुकार पर घाट किनारे मौजूद मल्लाहों ने चार लड़कियों को सुरक्षित निकाल लिया। वहीं तीन लड़कियां डूब गयीं।
करंडा थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि गंगा नदी में डूबी तीनों लड़कियों की पहलचान रमजनपुर निवासी 18 वर्षीय पूनम यादव, 14 वर्षीय खुशी यादव पुत्री बबलू और 16 वर्षीय रोली यादव पुत्री राजदेव के रूप में हुई है। तीनों लड़कियों गांव की अन्य लड़कियों के साथ कार्तिक माह का गंगा स्नान करने के लिए घर से निकली थीं। नहाते समय गहरे पानी में जाने की वजह से वह डूबने लगीं। बताया जा रहा है कि तीनों लड़कियों के घरों पर दीपावली की तैयारी चल रही थी। गंगा नहान के बाद छोटी दिवाली की पूजा होनी थी। इससे पहले इस दर्दनाक घटना से तीनों लड़कियों के परिवार में मातम छा गया है।
एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
घटना का प्रत्यक्षदर्शी मल्लाह बलिराम चौधरी के मुताबिक रविवार सुबह घाट पर गंगा नहान के लिए पहुंची लड़कियां गहरे पानी में चली गयीं। तीन लड़कियां डूब गयीं। वहीं चार लड़कियां तेज बहाव की ओर जाने लगीं। लेकिन उन्हे बचा लिया गया। घटना की जानकारी पर नायब तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है। घाट पर किशोरियों के परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


