Unnao: अस्पताल की दीवार पर युवती का लटका मिला शव, मां बोली- गैंगरेप के बाद हुई बेटी की हत्या

Unnao News: मृतका की मां ने पुलिस को तहरीर दी। बांगरमऊ कोतवाली में उन्होंने गैंगरेप के बाद हत्या का केस दर्ज करवाया है। मृतका की मां ने कुछ नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है।

Network
Written By NetworkPublished By aman
Published on: 30 April 2022 2:57 PM GMT
unnao girl dead body found hanging suspicious condition mother said daughter killed after gang rape
X

 प्रतीकात्मक फोटो 

Unnao Crime News : उन्नाव जिले के बांगरमऊ कोतवाली (Kotwali Bangarmau) क्षेत्र में एक युवती ने संदिग्ध हालत में फंदे से झूलकर जान दे दी। युवती की लाश हरदोई-उन्नाव मार्ग पर दुल्लापुरवा गांव स्थित एक निजी अस्पताल (Private Hospital) के पीछे की दीवार में सरिया से झूलती मिली। शनिवार सुबह आसपास के लोगों ने युवती का शव फंदे से लटकता देखा। जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृत युवती के परिजन और स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई है।

क्या है मामला?

जिले के आसीवन थाना क्षेत्र के टिकाना गांव के रहने वाले राशिद की बेटी नाजिया शुक्रवार को नव संचालित निजी अस्पताल में पहले दिन ही काम पर आई थी। लेकिन, अगली सुबह अस्पताल के पीछे सरिया से लटकी उसकी लाश मिली। नाजिया का शव जब लटकता मिला तब, उसके मुंह पर मास्क और हाथ में रुमाल पकड़े हुए थी। जबकि, दोनों हाथ सीने पर दीवार के बीच दबे थे। अस्पताल कर्मियों के अनुसार, रात में वह अस्पताल में ही सोई थी। मगर, शनिवार सुबह कर्मियों के जागने पर उसका शव लटका मिला। जानकारी मिलने पर, सीओ बांगरमऊ विक्रमाजीत सिंह व इंस्पेक्टर बृजेन्द्र नाथ शुक्ल ने मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल की।

परिजनों का आरोप- दुष्कर्म के बाद की हत्या

वहीं, मृतका के परिजनों का आरोप है कि दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को फंदे से लटका कर फांसी का रूप दिया गया है। हालांकि, अब जो भी सच्चाई होगी वो पोस्टमार्टम और जांच-पड़ताल के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। बता दें कि, मृतका नाजिया कुल 8 बहनों में चौथे नंबर पर थी। वह अविवाहित थी। उसके पिता की करीब 7 साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। घर चलाने के लिए वह निजी अस्पताल में नौकरी कर गृहस्थी चलाने में सहयोग करती थी। नाजिया करीब डेढ़ साल पहले से निजी अस्पतालों में कार्य कर रही है। इससे पहले वह सफीपुर क्षेत्र में कार्य करती थी। नाजिया के अलावा उसकी छोटी बहन सुबुही भी बांगरमऊ नगर के एक निजी अस्पताल में काम करती है।

विधायक ने किया था अस्पताल का उद्घाटन

बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के हरदोई-उन्नाव मार्ग स्थित दुल्लापुरवा गांव स्थित यह निजी अस्पताल चार दिन पहले ही संचालित हुआ है। अस्पताल का उद्घाटन बांगरमऊ विधायक श्रीकांत कटियार ने किया था।

आखिर बाहर से कैसे बंद हुई कुंडी?

निजी अस्पताल परिसर की दूसरी मंजिल की छत पर पहुंचने के बाद किसी ने ऊपर से ही कुंडी बंद कर दी थी। पुलिस ने पीछे की छत से सीढ़ी लगाकर ऊपर पहुंच कर दरवाजा खुलवाया। जबकि, इसी छत से सटी एक मंजिला इमारत में पीछे शव लटका मिला। ऐसी स्थितियों में संशय लगातार बना हुआ है। सवाल यही है कि आखिर दूसरी मंजिल पर बाहर से कुंडी कैसे बंद हुई? जबकि इस छत पर बाहर जाने का कोई रास्ता नहीं है।

नामजद और अज्ञात के खिलाफ गैंगरेप व हत्या का केस दर्ज

मृतका की मां ने पुलिस को तहरीर दी है। बांगरमऊ कोतवाली में उन्होंने गैंगरेप के बाद हत्या का केस दर्ज करवाया है। मृतका की मां ने दुल्लापुरवा गांव स्थित न्यू जीवन अस्पताल बांगरमऊ के नूर आलम, चांद आलम व अनिल कुमार सहित अन्य अज्ञात जो अस्पताल संचालक है के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। मृतका की मां ने आशंका जताई कि उसकी बेटी का गैंगरेप के बाद हत्या की गई है। आत्महत्या का रूप देने के लिए शव हो लटका कर फांसी का रूप दिया गया है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story