TRENDING TAGS :
Unnao News: आज जानी थी बारात रात में हो गई चोरी, लाखों के जेवर समेत 40 हजार की नगदी पार
Unnao News: देर रात अज्ञात चोरों ने घर में चोरी की घटना को अंजाम दे डाला। चोरों ने लाखों रुपए के जेवरात समेत 40 हजार की नगदी पार कर दी।
Unnao News
Unnao News: उन्नाव में इस समय कानून व्यवस्था भगवान भरोसे है, एक के बाद एक हो रही चोरी और लूट की घटनाओं ने पुलिस के माथे पर बल ला दिया है। आज फिर एक घर को चोरों ने अपना निशाना बनाया और लाखों के जेवर समेत 40 हजार की नगदी पार कर दी। सुबह घर में चोरी की जानकारी होने के बाद हड़कंप मच गया। जिस घर में बीती रात चोरी की घटना हुई है, उसी घर में आज घर मालिक की बारात जानी है। घर में चोरी की सूचना से खुशियों का माहौल गम में बदल गया। वहीं पुलिस मामले में जांच की बात कह रही है।
सोहरामऊ थानाक्षेत्र ने रुदवारा गांव के रहने वाले पीयूष कुमार की आज बारात जानी थी। जिसकी तैयारी में घर के सभी लोग लगे हुए थे, घर में खुशियों का माहौल था। लेकिन सुबह उठने पर सारी खुसियां गमगीन हो गई। दरअसल देर रात अज्ञात चोरों ने घर में चोरी की घटना को अंजाम दे डाला। चोरों ने लाखों रुपए के जेवरात समेत 40 हजार की नगदी पार कर दी। दूल्हे पीयूष ने बताया कि बारात के लिए घर में रखे जेवरों में चांदी की एक हाफ पेटी, 2 झुमकी सोने की, 2 जोड़ी पायल चांदी, सोने का एक माला, 1 बेसर सोने की और 6 बिछिया चोरों ने पार कर दी है। इसके साथ ही घर में रखी करीब 40 हजार की नगदी भी चोर ले गए। सुबह उठने पर घर का बिखरा समान देख कर घर में चोरी की जानकारी हुई।
प्रधान की सूचना पर 112 पीआरवी की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की है।वहीं पीयूष और उसके परिवार में अब सब परेशान हैं और यह सोच रहे हैं कि आखिर बिना जेवर और पैसों के बारात कैसे ले जायेगा और कैसे पीयूष की शादी होगी। पीयूष ने बताया कि उसके माता पिता की मौत हो चुकी है, वह और उसकी बहन ही रहते हैं। वह मजदूरी करके अपने घर का पेट पालता है।