Unnao News: पुलिस ने नहीं की कार्रवाई तो युवक ने निगला जहरीला पदार्थ, जाने पूरा मामला

Unnao News: पीड़ित विजय ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई भी कठोर कार्रवाई नहीं की। जिससे आहत होकर उसने शनिवार को जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ी तो परिजनों ने उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

Shaban Malik
Published on: 30 March 2024 9:18 AM GMT
Unnao News
X

अस्पताल में भर्ती पीड़ित युवक (Newstrack)

Unnao News: यूपी पुलिस पर आए दिन आरोप लगते रहते हैं और उन्हीं आरोपों को लेकर प्रदेश की पुलिस सुर्खियों में बनी रहती है। एक बार फिर उन्नाव पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगा है। ताजा मामला उन्नाव जनपद के माखी थाना क्षेत्र राम सिंह खेड़ा गांव का है। पीड़ित युवक का आरोप है कि वह दूसरे गांव में अपने एक मित्र के यहां होली मिलने गया था। वहां पहले से ही दबंग व्यक्ति मौजूद थे, जिनकी पहले से ही पुरानी रंजिश चली आ रही थी। उन्होंने युवक को घेर कर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

इसके बाद गंभीर हालत में उसे सीएचसी मियागंज में भर्ती कराया गया। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किया। लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई न होने से आहत होकर पीड़ित ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। जहां उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार राम सिंह खेड़ा गांव का रहने वाला विजय पुत्र ठाकुर प्रसाद बीते 26 मार्च की रात पास के ही गांव पोले खेड़ा में अपने मित्र के यहां होली मिलने के लिए गया था। इसी दौरान पोले खेड़ा गांव के रहने वाले राजा पुत्र सिंहनाथ, राकेश पुत्र श्री राम, भोले पुत्र रामनरेश, नीरज पुत्र बंसी ने उसे रोककर पुरानी रंजिश के चलते मारने पीटने लगे। इस बात का उसने विरोध किया तो दबंगों ने उसके सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर घायल कर दिया। चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर पास मौजूद लोगों ने उसे किसी तरह बचाया। घायलवस्था में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मियागंज में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने उसका उपचार किया।

पीड़ित ने मामले की लिखित तहरीर माखी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मारपीट जान से मारने की धमकी समेत अन्य धाराओं मुकदमा दर्ज किया। पीड़ित विजय ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई भी कठोर कार्रवाई नहीं की। जिससे आहत होकर उसने शनिवार को जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ी तो परिजनों ने उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। थाना प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज है। जांच पड़ताल की जा रही है। जहर निगलने जैसी जानकारी थाना पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story