×

'बंदरिया के नाच पर भी भीड़ इकट्ठा होती है', पटना में INDIA गठबंधन रैली पर साक्षी महाराज का तंज

Unnao News: असदुद्दीन ओवैसी के यूपी में एंट्री पर साक्षी महाराज ने नरम रुख अपनाते हुए कहा, 'हिंदुस्तान में कश्मीर से कन्याकुमारी तक कोई व्यक्ति कहीं से भी चुनाव लड़ सकता है।

Shaban Malik
Published on: 5 March 2024 1:30 PM GMT
X

उन्नाव में साक्षी महाराज का भव्य स्वागत हुआ (Social Media) 

Unnao News: भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता और उन्नाव से सांसद साक्षी महाराज (BJP MP Sakshi Maharaj) का कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भव्य स्वागत किया। दरअसल, उन्नाव से वर्तमान सांसद साक्षी महाराज तीसरी बार भाजपा प्रत्याशी घोषित होने के बाद मंगलवार (05 मार्च) को अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचे। साक्षी महाराज का लखनऊ से लेकर उन्नाव तक दर्जनों स्थानों पर बीजेपी पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत किया।

'अबकी बार 5 लाख पार' का नारा

उन्नाव जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार, विधायक आशुतोष शुक्ला, विधायक पंकज गुप्ता, विधायक बम्बालाल दिवाकर, विधायक श्रीकांत कटियार, विधायक आशुतोष शुक्ला सहित शहर में बीजेपी नेताओं ने ढोल- नगाड़ों से साक्षी महाराज का स्वागत किया। इस बीच, जमकर आतिशबाजी भी हुई। विधायकों ने सांसद को 5 लाख से अधिक वोटों से जिताने की अपील की। पूरे शहर में सांसद साक्षी महाराज की होर्डिंग लगाई गई है। इन होर्डिंग्स में 'अबकी बार 5 लाख पार' का नारा दिया गया है।

...और बनता गया कारवां

बीजेपी सांसद साक्षी महाराज फ्लाइट से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे। यहां बड़ी संख्या में उन्नाव से आए कार्यकर्ता और विधायकों ने साक्षी महाराज का स्वागत किया। एयरपोर्ट पर ही साक्षी महाराज का भव्य स्वागत हुआ। साक्षी महाराज की एयरपोर्ट से उन्नाव की तरफ गाड़ियां मुड़ी तो पीछे से बाइक काफिले से जुड़ गई। साक्षी महाराज का जगह-जगह स्वागत हुआ। शहर में जैसे ही साक्षी महाराज का प्रवेश हुआ, वैसे ही कार्यकर्ताओं में भारी जोश देखने को मिला।

इंडिया गठबंधन की पटना रैली पर ये क्या बोले साक्षी?

बीजेपी कार्यकर्ता ने पहले से ही ढोल-नगाड़ों का इंतजाम कर रखा था। सांसद साक्षी महाराज के प्रथम आगमन होने पर कार्यकर्ताओं ने माला पहनकर भव्य स्वागत किया। शहर से होते हुए सांसद साक्षी महाराज अपने संसदीय कार्यालय साक्षी धाम पहुंचे। कैम्प कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान बिहार में बीते दिनों INDIA गठबंधन की हुई जनसभा पर प्रतिक्रिया दी। पटना के गांधी मैदान में रैली के दौरान तेजस्वी यादव, राहुल गांधी, अखिलेश यादव मौजूद रहे। कार्यक्रम में भारी भीड़ रही। जिस पर साक्षी महाराज ने कहा, 'भारत की जनता की नब्ज पकड़ने की कोशिश करिए। जब बंदरिया का नाच नचाया जाता है तब भी भीड़ वहां इकट्ठा हो जाती है।'

'ओवैसी कहीं से भी चुनाव लड़ सकते हैं'

असदुद्दीन ओवैसी के यूपी में एंट्री पर भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने नरम रुख अपनाते हुए कहा, 'हिंदुस्तान में कश्मीर से कन्याकुमारी तक कोई व्यक्ति कहीं से भी चुनाव लड़ सकता है। ओवैसी एक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वह कहीं से भी चुनाव लड़ सकते हैं।'

राहुल गांधी, EVM, जाति जनगणना पर ये बोले

वहीं, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के EVM को लेकर दिए बयान पर साक्षी महाराज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, 'नाच ना आवे आंगन टेढ़ा। कुछ ऐसा ही इन्होंने यात्रा निकालकर देख ली। भाजपा सांसद ने जाति जनगणना पर बेबाकी से राय रखी। उन्होंने कहा, जिस तरह से बिहार में जाति जनगणना हुई थी, वह सौहार्दपूर्ण नहीं थी। इसमें मेरा व्यक्तिगत कुछ कहना उचित नहीं है। राम बिमुख अस हाल तुम्हारा रहा न कोउ कुल रोवन हारा। राम का विरोध कर बड़ी-बड़ी पार्टियां साफ हो गई। मुझे लगता है विनाश काले विपरीत बुद्धि। इससे ज्यादा मैं कुछ नहीं कह सकता। बीजेपी ने हिंदू-मुसलमान के बीच जो सौहार्द कायम किया, मुझे लगता है कि इस बार 2019 के अपने पिछले रिकॉर्ड को भी तोड़ेंगे। इस बार कम से कम 5 लाख मतों का अंतर पार करूंगा'।

यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार पर भी बोले साक्षी महाराज

साक्षी महाराज ने कहा, भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है। आपको पता है कि अकेले पार्टी के आधार पर उत्तर प्रदेश में बहुमत में है। केंद्र में भी हम बहुमत में हैं। लेकिन, हम लोग मौके का फायदा उठाने वाले नहीं हैं। हम लोग जो वादा करते हैं, पूरा करते हैं। उन्होंने कहा, योगी मंत्रिमंडल में आए लोगों को शुभकामनाएं। चुनाव में कई छोटी-छोटी बातों का भी प्रभाव पड़ता है, बीजेपी इसका ध्यान रख रही है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story