×

Unnao: पट्रोल डालकर किसान को लगाई थी आग, 7 दिन बाद हुई मौत, पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार

Unnao News: परिजनों ने सरकारी सुरक्षा तथा किसान बीमा का पैसा और विवादित जमीन दिलाने की बात कही। वीरेंद्र के परिजनों ने एसडीएम हसनगंज से अपनी जान का खतरा बताते हुए सरकारी सुरक्षा की मांग की।

Shaban Malik
Published on: 19 Dec 2023 4:46 PM GMT
Unnao News
X

 किसान का घर शव पहुंचा तो परिजनों का बुरा हाल (Social Media)

Unnao News: उन्नाव के सोहरामऊ थाना क्षेत्र के हसनापुर गांव में जमीनी विवाद में सात दिन पहले एक किसान पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की गई थी। इलाज के बावजूद उसकी हालत बिगड़ती ही गई। उसे जिला अस्पताल से लखनऊ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। अचानक हालत बिगड़ गई। आख़िरकार इलाज के दौरान पीड़ित ने दम तोड़ दिया।

किसान के मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मंगलवार (19 दिसंबर) को जब मृतक का शव घर पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। ग्रामीणों की भीड़ भी इकठ्ठा हो गई। लोगों के आक्रोश को देखते हुए राजस्व और पुलिस की टीम मौजूद रही। किसी तरह शव का अंतिम संस्कार कराया गया। वहीं, पुलिस ने नामित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

क्या है मामला?

जानकारी के अनुसार, हसनापुर गांव के रहने वाले वीरेंद्र सिंह पुत्र कन्हाई का गांव के ही पूर्व प्रधान वीरेंद्र सिंह के बेटे जितेंद्र प्रताप सिंह, शुभम, शिव समेत अन्य लोगों से पिछले 27 वर्षों से जमीनी विवाद चल रहा है। घटना से 3 दिन पहले तहसील प्रशासन की टीम ने विवादित जमीन पहुंचकर पैमाइश कराई थी। जिसके बाद दूसरे पक्ष ने जमीन पर बाउंड्री वाल कराकर कब्जा कर लिया था। पैमाइश से किसान सहमत नहीं था। किसान वीरेंद्र सिंह परचून की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान विपक्ष के लोग पहुंचे और दुकान को भी खाली करने का दबाव बनाया। इस बात का विरोध किया गया तो दबंगों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी और मौके से भाग निकले थे।

शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम

जलती हालत में ग्रामीण पहुंचे। घटना की जानकारी पुलिस और एंबुलेंस को दी गई। उसे गंभीर हालत में उन्नाव जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां डॉक्टरों की टीम ने उसे लखनऊ सिविल अस्पताल रेफर किया। जहां इलाज के दौरान किसान की हालत बिगड़ने लगी। उसे आईसीयू में शिफ्ट किया गया। सोमवार की देर शाम लखनऊ के मेडिकल कॉलेज में वीरेंद्र सिंह की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया था। मंगलवार को शव गांव पहुंचा तो ग्रामीणों की भीड़ इकठ्ठा हो गई। हर किसी की आंखों में आंसू नजर आए।

दो आरोपी गिरफ्तार, दी जा रही दबिश

उधर, आक्रोश और भीड़ को देखते हुए हसनगंज संतोष सिंह, एसडीएम नवीन चंद्र भी मौके पर पहुंचे। परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद वह अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। पुलिस ने मुकदमे में नामित दो अभियुक्तों जीतेन्द्र सिंह उर्फ जीतू पुत्र बीरेन्द्र सिंह, वैभव सिंह उर्फ शिशु पुत्र सूर्य कुमार सिंह निवासीगण ग्राम हसनापुर थाना सोहरामऊ को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। शेष अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

किसान बीमा दिलाने की मांग

परिजनों ने सरकारी सुरक्षा तथा, किसान बीमा का पैसा और विवादित जमीन दिलाने की बात कही। वीरेंद्र का शव घर से निकलने से पहले परिजनों ने मौके पर मौजूद एसडीएम हसनगंज नवीन चंद्र से मृतक के परिवारजनों को जान का खतरा होने की बात कहकर सरकारी सुरक्षा की मांग की। घर में मौजूद मृतक वीरेंद्र सिंह के साढू राम विकास सिंह ने कहा कि, पुलिस जल्द से जल्द अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए। ग्राम प्रधान तथा पूर्व जिला पंचायत सदस्य को पुलिस ने किया नजरबंद वीरेंद्र के शव गांव पहुंचने से पहले ही पुलिस ने ग्राम प्रधान चंद्रभान यादव तथा पूर्व जिला पंचायत सदस्य योगेश यादव को नजर बंद कर दिया। शव के गांव पहुंचने से कुछ देर पहले ही पुलिस अपने साथ दोनों लोगों को लेकर गांव पहुंची।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story