×

'जिन्होंने राम भक्तों पर गोली चलवायी, आज मांग रहे राम मंदिर का निमंत्रण', केशव प्रसाद मौर्य का समाजवादी पार्टी पर वार

Ramlala Pran Pratishtha: केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, सपा, बसपा, कांग्रेस इन सब का कोई भविष्य नहीं है। लोकसभा चुनाव में यूपी की सभी 80 सीट हमलोग जीतेंगे। हम यही कहते हैं। राम सबके थे, सबके हैं और सबके रहेंगे।

Shaban Malik
Published on: 12 Jan 2024 4:50 PM GMT (Updated on: 12 Jan 2024 4:58 PM GMT)
unnao news
X

यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Social Media)

Click the Play button to listen to article

Keshav Prasad Maurya Unnao Visit: उन्नाव सांसद साक्षी महाराज का जन्मदिन शुक्रवार (12 जनवरी) को शहर के कब्बा खेड़ा स्थित एक निजी रिसोर्ट में धूमधाम से मनाया गया। साक्षी महाराज के 68वें जन्मदिन अवसर पर केंद्रीय मंत्री से लेकर राज्य मंत्री तक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस आयोजन में यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) भी शामिल हुए। साक्षी महाराज को जन्मदिन की बधाई देने उन्नाव पहुंचे।

ये पूरा आयोजन राजनीतिक रहा। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मंच से कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, 'प्रदेश में राम लहर इतनी तेज है कि विपक्षियों का हाजमा खराब हो गया है। राम मंदिर 500 साल के बाद बनने जा रहा है। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में 22 जनवरी को यजमान के रूप में देश के प्रधानमंत्री का आगमन होने जा रहा है। लेकिन, कई लोगों की बयानबाजी जारी है।

निमंत्रण मिलने और नहीं आने वालों पर केशव का कटाक्ष

उन्होंने कहा, 'राम लला अपने जन्म स्थान पर विराजमान होने जा रहे हैं। ऐसे में कई लोग कह रहे हमें निमंत्रण नहीं मिला। हम नहीं आएंगे। केशव मौर्य कहते हैं, मैं तो भगवान से प्रार्थना करता हूं, ऐसे राम धारियों को सद्बुद्धि दें।' यूपी के डिप्टी सीएम ने कहा, अखिलेश यादव ने कहा, मैंने सब चेक करवा लिया है हमें न्योता नहीं मिला। इस पर राम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट ने कहा, हमने निमंत्रण भेज दिया है। मतलब जिन्होंने राम भक्तों पर गोली चलवाई वह निमंत्रण मिलने पर कहते हैं कि निमंत्रण नहीं आया है। जिस कांग्रेस ने भगवान श्री राम को काल्पनिक बताया। राम हुए ही नहीं। लेकिन, जब चुनाव आता है तो कांग्रेस को प्रभु श्रीराम की याद आती है। चुनाव हो जाने के बाद क्या राम भक्त होते हैं? क्या राजभक्ति होती है? ये सब भूल जाते हैं।'


'नहीं रोक पाएंगे मोदी का विजयपथ'

डिप्टी सीएम ने आगे कहा, 'मैं आप सब लोगों को आज यहां बता रहा हूं, हमारे प्रधानमंत्री और सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने भव्य मंदिर बनवाने का काम किया। देश में चार करोड़ गरीबों के भी घर बनाने का काम किया। देश को विकास की एक नई ऊंचाई दी। यही बात विपक्षियों को हजम नहीं हुई। उन्हें लग रहा है कि सारे विरोधी आपस में मिलकर शायद मोदी का विजयपथ रोक लेंगे। लेकिन, मोदी सरकार की इस बार हैट्रिक लगेगी। आप सबके आशीर्वाद से बहुत कम समय में संगठन को मजबूत बनाने की शक्ति मिली है। पार्टी की ताकत लगातार बढ़ रही है।'

जो पहले हमें वोट नहीं देते थे, वो भी अब तैयार

डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा, 'जो पहले हमें वोट नहीं देते थे, वह भी हमें वोट देने को तैयार हैं। बताओ समाजवादी पार्टी के यादव तो उनका बंधुआ मजदूर है। वह वोट देगा, लेकिन उनको यह नहीं मालूम है कि उससे भी ज्यादा वह जातिवादी, राष्ट्रवादी और मोदीवादी है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार उत्तर प्रदेश को गुंडा गर्दी से भ्रष्टाचार मुक्त, गुंडागर्दी मुक्त, अपराध मुक्त, दंगा मुक्त प्रदेश बनाने का काम किया। मैं आंदोलन के सिपाही के नाते 1983 से लेकर 1992 तक संघर्ष में साथ रहा। राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के लिए और जब सपा की सरकार थी तब 1990 में उन्होंने कारसेवकों पर गोली चलवाई थी। लेकिन रामभक्तों पर बीजेपी की सरकार में फूल बरसाने का काम होता है।'

केशव मौर्य- 22 जनवरी को मनाएं दिवाली

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, 'यह भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। 2014 के लोकसभा चुनाव का चुनाव सहित उत्तर प्रदेश में 73 लोकसभा सीट जीते थे। लेकिन, 2024 के लोकसभा चुनाव में कई राज्यों की लोकसभा सीट मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का काम करेंगी। उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने पंक्तियों के माध्यम से आह्वान किया 'घर घर कमल खिलेंगे, तुम कमल का बटन दबा देना। उन्होंने लोगों से अपील की 'हर ग्राम अयोध्या धाम, हर मंदिर श्री राम' मंदिर 14 जनवरी से 22 जनवरी तक स्वच्छता का अभियान और 22 जनवरी को दीपावली मनाने का कार्य करेंगे। हर घर को स्वच्छ रखें। अपना घर है अपना घर स्वच्छ करो अपने गांव का मंदिर है उसको बनाओ और यहां एक मंदिर गोद ले लो। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के नाते हर घर में रंगाई, पुताई, रंगोली दीप उत्सव सहित सारा कार्यक्रम वहां पर करने का काम करेंगे।'


'कारसेवकों पर गोली चलाने वाले अब सत्ता में नहीं आएंगे'

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के उस बयान जिसमें उन्होंने कहा था कि 'कारसेवकों पर गोली चलाना जायज था। इसी पर पलटवार करते हुए डिप्टी सीएम बोले, कारसेवकों पर, राम भक्तों पर लाठी चलाने वाले, गोली चलाने वाले, जेल भेजने वाले, सत्ता से बेदखल हो गए हैं। वह अब कभी सत्ता में वापस नहीं आएंगे। अखिलेश यादव के बारे में मैं यही कहूंगा कि वह उस परिवार से ताल्लुक रखते हैं जिसके मुखिया मुलायम सिंह यादव थे।'

लोकसभा चुनाव में यूपी की सभी 80 सीट जीतेंगे

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, सपा, बसपा, कांग्रेस इन सब का कोई भविष्य नहीं है। लोकसभा चुनाव में यूपी की सभी 80 सीट हमलोग जीतेंगे। हम यही कहते हैं। राम सबके थे, सबके हैं और सबके रहेंगे। लेकिन कांग्रेस के नेता कहते हैं कि, प्राण प्रतिष्ठा में ही नहीं जाएंगे। हमारी सरकार जनता की सुरक्षा के लिए संकल्पित है। समाजवादी पार्टी का चरित्र गांधार कर दी अपराधियों दंगाइयों और माफिया के साथ रहने का रहा है मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सुशासन और विकास की गारंटी है।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story