×

BJP Released Song on Akhilesh: बीजेपी ने निकाय चुनाव से पहले सपा सुप्रीमो पर रिलीज किया गाना, गुंडे पुकारते हैं अखिलेश आइए...

BJP Released Song on Akhilesh Yadav: भाजपा ने सोमवार की सुबह अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए एक गाना रिलीज किया। इसमें तमाम तरह के आरोप लगाए हैं।

Krishna Chaudhary
Published on: 24 April 2023 11:27 AM GMT (Updated on: 24 April 2023 12:11 PM GMT)

BJP Launch Song on SP: उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ी हुई है। चुनाव में बढ़त हासिल करने को लेकर दल-बदल का खेल भी खूब हो रहा है। सत्तारूढ़ बीजेपी ने कई सपा नेताओं को अपने पाल में कर माहौल बनाने की कोशिश की है। इसी क्रम में पार्टी ने वीडियो वॉर भी शुरू कर दिया है। बीजेपी ने अखिलेश यादव को गुंडे, माफियाओं और अपराधी किस्म के नेताओं का सरपस्त बताते हुए एक वीडियो अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से जारी किया है।

इस वीडियो का शीर्षक है, ‘गुंडे पुकारते हैं अखिलेश आइए..’। वीडियो में जो गाना बज रहा है उसमें माफिया अतीक अहमद और गायत्री प्रजापति समेत अन्य माफियाओं और अपराधियों को सपा सुप्रीमो के साथ दिखाकर उन्हें घेरने की कोशिश की गई है। दरअसल, यूपी में 4 मई और 11 मई को निकाय चुनाव होने हैं। इससे ठीक पहले बीजेपी ने यह गाना लॉन्च कर लॉ एंड ऑर्डर के मुद्दे पर अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।

गाने में अखिलेश यादव के साथ-साथ उनके पिता दिवंगत मुलायम सिंह यादव और चाचा शिवपाल यादव को भी अपराधियों के साथ दिखाया गया है। समाजवादी पार्टी पर प्रदेश में गुंडे, बदमाश और माफियाओं को सरंक्षण देकर उन्हें नेता बनाने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा पश्चिमी यूपी में साल 2013 में हुए मुजफ्फरनगर दंगे को लेकर भी नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव को घेरा गया है। कैराना और अन्य इलाकों से हिंदुओं के पलायन के लिए भी भी सपा नेता को जिम्मेदार ठहराया गया है।

गाने का क्या है सपा से कनेक्शन

दरअसल, बीजेपी द्वारा लॉन्च किया गया गाना ‘गुंडे पुकारते हैं अखिलेश आइए..’ का कनेक्शन सपा के उस गाने से है जो 2021 में विधानसभा चुनाव से पहले लॉन्च किया गया था। इस गाने के बोल थे, ‘जनता पुकारती है, अखिलेश आइए’। ये गाना खूब हिट रहा था। इस गाने में अखिलेश यादव को लोहिया, जेपी और मुलायम सिंह यादव की विरासत संभालने वाले के तौर पर पेश किया गया था। गाने में साल 2012 से 2017 तक सपा सरकार के दौरान किए गए कार्यों का बखान किया गया था।
अब बीजेपी ने उसी गाने के टोन का इस्तेमाल कर सपा सुप्रीमो को कानून व्यवस्था के मुद्दे पर घेरने की कोशिश की है। ऐसे में माना जा रहा है कि समाजवादी पार्टी की तरफ से एक वीडियो सॉन्ग जारी कर बीजेपी पर जवाबी हमला किया जा सकता है। बता दें कि यूपी में बीजेपी सपा के खिलाफ लॉ एंड ऑर्डर को हमेशा से बड़ा मुद्दा बनाती रही है। लोकसभा से लेकर विधानसभा और अब निकाय चुनाव में भी यह कवायद हो रही है। सत्तारूढ़ दल को इसका फायदा भी मिला है।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story