कंगना रनौत के बाद अब UP के BJP विधायक ने बढ़ाई पार्टी की टेंशन, तीन कृषि कानूनों को वापस लाने की वकालत

Nandkishore Gurjar On Farm Bills: कंगना रनौत के बयान को लेकर विवाद पैदा होने के बाद भाजपा ने पल्ला झाड़ लिया था। कंगना रनौत ने भी अपने बयान पर सफाई दी है। उन्होंने लोगों की भावनाएं आहत करने के लिए माफी भी मांगी है।

Anshuman Tiwari
Published on: 25 Sep 2024 2:44 PM GMT
Nandkishore Gurjar Supports Kangana Ranaut On Farm Bills
X

Nandkishore Gurjar Supports Kangana Ranaut On Farm Bills 

Nandkishore Gurjar On Farm Bills: मोदी सरकार की ओर से वापस लिए जा चुके तीन कृषि कानून का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत के बाद अब उत्तर प्रदेश के एक भाजपा विधायक ने भी तीन कृषि कानूनों को वापस लाए जाने की वकालत की है। उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद की लोनी सीट से विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कंगना रनौत की ओर से दिए गए बयान का समर्थन करते हुए कहा कि तीन कृषि कानून पूरी तरह सही थे और उन्हें वापस लाए जाने की जरूरत है। कंगना के बाद अब यूपी के भाजपा विधायक ने पार्टी की टेंशन बढ़ा दी है।

कंगना रनौत के बयान को लेकर विवाद पैदा होने के बाद भाजपा ने पल्ला झाड़ लिया था। कंगना रनौत ने भी अपने बयान पर सफाई दी है। उन्होंने लोगों की भावनाएं आहत करने के लिए माफी भी मांगी है। उन्होंने अपने बयान को व्यक्तिगत भी बताया है। दूसरी ओर कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर लगातार हमलावर है। कांग्रेस ने मांग की है कि भाजपा सांसद पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

किसानों को फसल की पूरी कीमत मिले

भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि तीन कृषि कानून किसानों की हालत बेहतर बनाने के लिए लाए गए थे। देश की जीडीपी में किसानों की बड़ी हिस्सेदारी है। मोदी सरकार की ओर से किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की कोशिश की जा रही है। किसानों को उनकी फसल की पूरी कीमत मिलनी चाहिए। मोदी सरकार की ओर से तीन कृषि कानून बनाकर आढ़तियों का मकड़जाल तोड़ने की कोशिश की गई थी। किसान अपनी फसलों को बाहर ले जाकर नहीं बेक पा रहे और उन्हें पुलिस की ओर से भी परेशान किया जाता है।

तीन कृषि कानून को वापस लाया जाए

लोनी के विधायक ने कहा कि किसानों को राहत देने के लिए ही तीन कृषि कानून बनाए गए थे। इस बिल में किसानों की स्थिति मजबूत बनाने के लिए उचित प्रावधान किए गए थे मगर किसान नेता राकेश टिकट इसके खिलाफ खड़े हो गए। पहले तो उन्होंने कृषि बिल का समर्थन किया मगर बाद में इसके खिलाफ आंदोलन छेड़ दिया। भाजपा विधायक ने कहा कि आंदोलन में खालिस्तान से लेकर आईएसआई तक ने सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि मैं यह आरोप नहीं लगा रहा हूं बल्कि यह प्रमाणित हो चुका है। तीनों कृषि बिल में किसानों के विकास की बात थी। इसलिए इसे वापस लाया जाना चाहिए।

कंगना के बयान का किया समर्थन

भाजपा विधायक गुर्जर ने पार्टी की सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत की ओर से कृषि कानून को लेकर दिए गए बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कंगना रनौत ने जो बातें कही हैं,वह पूरी तरह सही हैं। किसान आंदोलन स्थल पर लाश टंगी हुई थी और इसे पूरे देश ने देखा है मगर आज कोई सच्चाई कहना और सुनना नहीं चाहता।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ले गए तीन कृषि कानून से किसानों की जिंदगी बदल सकती थी। इसलिए तीन कृषि कानून को फिर से लागू किए जाने की जरूरत है।

कंगना के बयान से पार्टी ने किया किनारा

कंगना रनौत के बयान को लेकर बवाल होने के बाद भाजपा ने उनके बयान से किनारा कर लिया था। बाद में कंगना रनौत ने भी अपने बयान पर सफाई देते हुए माफी मांग ली है। हरियाणा विधानसभा चुनाव के बीच यह मुद्दा गरमाने से भाजपा नेतृत्व की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हरियाणा किसान आंदोलन का गढ़ रहा है और भाजपा नेताओं की ओर से तीन कृषि कानूनों की वकालत किए जाने से पार्टी को सियासी नुकसान की आशंका भी जताई जाने लगी है।

Shalini singh

Shalini singh

Next Story