×

UP Budget Session 2023: योगी सरकार का बजट, निकाय चुनाव और मिशन 2024 पर निगाहें, हर वर्ग को साधने की होगी कोशिश

UP Budget Session 2023: प्रदेश में जल्द होने वाले निकाय चुनाव और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बजट में हर वर्ग को लुभाने की कोशिश की जा सकती है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 22 Feb 2023 12:49 AM GMT (Updated on: 22 Feb 2023 12:49 AM GMT)
UP Budget 2023
X

File Photo of UP Budget 2023 (Pic: Newstrack)

UP Budget Session 2023: उत्तर प्रदेश विधानमंडल बजट सत्र के दौरान आज योगी सरकार की ओर से प्रदेश का बजट पेश किया जाएगा। प्रदेश में जल्द होने वाले निकाय चुनाव और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बजट में हर वर्ग को लुभाने की कोशिश की जा सकती है। प्रदेश सरकार की निगाहें मिशन 2024 पर लगी हुई हैं। इसलिए माना जा रहा है कि इस बार यूपी के बजट में किसानों, महिलाओं, युवाओं, मध्यमवर्ग और उद्योग जगत को लुभाने के लिए बड़ी घोषणाएं की जा सकती हैं।

एक्सप्रेसवे और मेट्रो सेवाओं के लिए भी बजट में बड़ा ऐलान किया जा सकता है। धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास के लिए भी बजट में योगी सरकार की ओर से बड़ी राशि आवंटित की जा सकती है। पश्चिमी यूपी में सियासी समीकरण को और मजबूत बनाने के लिए गन्ना किसानों पर भी प्रदेश सरकार की ओर से फोकस किया जा सकता है। अयोध्या,मथुरा और काशी जैसे धार्मिक शहरों के विकास और एमएसएमई सेक्टर के लिए भी योगी सरकार खजाना खोल सकती है।

निकाय चुनाव और 2024 पर निगाहें

उत्तर प्रदेश में जल्द ही निकाय चुनाव होने वाले हैं और 2024 की सियासी जंग से पहले योगी सरकार ने निकाय चुनाव को जीतने पर निगाहें लगा रखी हैं। देश में अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश को सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि यहां पर लोकसभा की 80 सीटें हैं। 2014 और 2019 में दिल्ली की सत्ता पर भाजपा की पकड़ मजबूत बनाने में उत्तर प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

ऐसे में योगी सरकार और भाजपा की निगाहें 2024 के चुनावों पर लगी हुई हैं। इसी कारण सियासी जानकारों का मानना है कि बजट में योगी सरकार हर वर्ग को लुभाने के लिए बड़ी घोषणाएं कर सकती है। इन घोषणाओं के जरिए भाजपा की चुनावी संभावनाओं को मजबूत बनाने की कोशिश की जाएगी।

इस बार सबसे बड़ा होगा बजट का आकार

जानकारों के मुताबिक इस बार योगी सरकार की ओर से प्रदेश के इतिहास में सबसे बड़ा बजट पेश किया जाएगा। इस बार बजट का आकार करीब सात लाख करोड़ रुपए का हो सकता है। 2021-22 में योगी सरकार की ओर से पेश किए गए पांचवें पूर्ण बजट का आकार 5 लाख 50 हजार 270 करोड़ रुपए का था।

इससे पूर्व 2020-21 का बजट 5.12 लाख करोड़ रुपए का था मगर जानकारों का मानना है कि इस बार के बजट में बड़ी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। इस बार बजट का आकार सात लाख करोड़ रुपए का हो सकता है।

MSME सेक्टर पर होगा सरकार का फोकस

उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से हाल में राजधानी लखनऊ में यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया था। इस आयोजन के दौरान सबसे ज्यादा एमओयू एमएसएमई सेक्टर में साइन किए गए हैं। इस कारण माना जा रहा है कि योगी सरकार की ओर से एमएसएमई सेक्टर के लिए बजट में बड़ी घोषणाएं की जा सकती हैं।

उद्यमियों को जमीनों में छूट के साथ ही बिजली और अन्य संसाधन मुहैया कराने के लिए सरकार बड़ा कदम उठा सकती है। समाजवादी पार्टी समेत अन्य विपक्षी दलों की ओर से ग्लोबल समिट के दौरान की गई निवेश की घोषणाओं को लेकर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। ऐसे में सरकार इस समिट की कामयाबी के लिए बजट में बड़ी घोषणाएं कर सकती है।

युवाओं और महिलाओं पर भी सरकार की निगाहें

निकाय चुनाव और मिशन 2024 में भाजपा की चुनावी संभावनाओं को मजबूत बनाने के लिए युवाओं और महिलाओं को आकर्षित करने की कोशिशें जरूर की जाएंगी। माना जा रहा है कि युवाओं को लैपटॉप और टैबलेट बांटने के लिए बजट में बड़ी राशि का आवंटन किया जा सकता है। इसके साथ ही युवाओं के लिए कुछ अन्य ऐलान भी किए जा सकते हैं।

ओडीओपी के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में महिलाओं को रोजगार मुहैया कराने के लिए भी सरकार बड़े कदम उठा सकती है। महिलाओं से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के लिए बजट में राशि आवंटित किए जाने की उम्मीद है। महिलाओं को कुटीर उद्योगों से जोड़ने के लिए भी बजट में कदम उठाए जा सकते हैं।

धार्मिक स्थलों पर भी होगा सरकार का फोकस

प्रदेश के तीन बड़े धार्मिक नगरों अयोध्या, काशी और मथुरा के लिए भी बजट में बड़ा ऐलान किया जा सकता है। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण पूरा होने से पूर्व सरकार की ओर से विभिन्न विकास परियोजनाएं चलाई जा रही हैं। ऐसे में सरकार अयोध्या के लिए बड़े ऐलान कर सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी के लिए भी बजट में विशेष ख्याल रखा जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा के विकास पर भी जोर देते रहे हैं। ऐसे में मथुरा के लिए भी सरकार बजट में अलग से बड़ी राशि का प्रावधान कर सकती है।

धार्मिक स्थलों के साथ ही प्रदेश के पर्यटक स्थलों के विकास पर भी योगी सरकार का फोकस होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर्यटक स्थलों पर बेहतर सुविधा सुविधाएं मुहैया कराने पर जोर देते रहे हैं। ऐसे में इन सुविधाओं के विकास के लिए भी सरकार बड़ी घोषणाएं कर सकती है।

महाकुंभ के लिए हो सकता है बड़ा ऐलान

प्रयागराज में 2025 में महाकुंभ का आयोजन होने वाला है। विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन को और दिव्य और भव्य बनाने के लिए भी योगी सरकार बजट में बड़ा ऐलान कर सकती है। प्रयागराज में महाकुंभ की तैयारियां अभी से ही शुरू कर दी गई हैं और प्रयागराज में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में भी ठोस कदम उठाया जा सकता है। धार्मिक एजेंडे पर भाजपा का हमेशा से विशेष फोकस रहा है। इसलिए बजट में महाकुंभ के मद्देनजर भी बड़ी घोषणा संभावित है।

किसानों को लुभाने की होगी कोशिश

योगी सरकार की ओर से किसानों को लुभाने के लिए भी बड़े कदम उठाए जा सकते हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों की ओर से लगातार धरना दिया जा रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सपा और रालोद के गठबंधन के कारण भाजपा को कड़ी चुनौती मिल रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपना सियासी समीकरण मजबूत बनाने के लिए सरकार गन्ना किसानों के लिए भी बड़े कदम उठा सकती है।

इसके अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में रहने वाले किसानों के लिए भी सरकार बजट में कई ऐलान कर सकती है। किसानों को उर्वरक और उपकरणों पर मिलने वाली सब्सिडी में और बढ़ोतरी किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने पर जोर

प्रदेश में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाए जाने की मांग लंबे समय से उठती रही है और योगी सरकार का इस पर विशेष फोकस भी रहा है। ऐसे में जिलों में मेडिकल सुविधाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में भी बड़े कदम उठाए जा सकते हैं।

2017 में सत्ता में आने के बाद से ही योगी सरकार प्रदेश के हर जिले में मेडिकल कॉलेज बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए भी बजट में बड़ी राशि का आवंटन किया जा सकता है। जिलों के मेडिकल कॉलेजों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मिलने वाली सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में भी कदम उठाए जाने की उम्मीद है।

मिशन 80 को पूरा करने की होगी कोशिश

सियासी जानकारों का मानना है कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ ही योगी सरकार की निगाहें भी मिशन 2024 पर लगी हुई हैं। इसी कारण इस बार योगी सरकार की ओर से लोकलुभावन बजट पेश किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। जानकारों के मुताबिक बजट के जरिए योगी सरकार भाजपा की चुनावी स्थिति को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़े कदम उठाएगी।

2024 के चुनावों से पूर्व निकाय चुनावों में भी भाजपा की बड़ी जीत हासिल करने की कोशिश है। इसलिए सरकार इस बार के बजट में हर वर्ग को साधने की कोशिश कर सकती है। भाजपा की ओर से इस बार प्रदेश की सभी सीटों पर जीत हासिल करने के लिए मिशन 80 तैयार किया गया है। मोदी और योगी सरकार इस दिशा में लगातार काम करने में जुटी हुई हैं। ऐसे में इस बार के बजट का सभी को बेसब्री से इंतजार है।

Durgesh Sharma

Durgesh Sharma

Next Story