×

UP By Election 2022: मैनपुरी, रामपुर और खतौली में मतदान, तीनों सीटों पर सपा-बीजेपी-रालोद की साख दांव पर

UP By Election 2022: वहीं, मैनपुरी लोकसभा सीट (Mainpuri bypoll 2022) पर भी साफ और स्वच्छ मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी है।

aman
Report aman
Published on: 5 Dec 2022 12:32 AM GMT
UP By Election 2022 Latest Update
X

UP By Election 2022 Latest Update (Photo - Social Media)

UP by Election 2022: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की दो विधानसभा सीटों रामपुर और खतौली तथा एक लोकसभा सीट मैनपुरी पर आज, सोमवार (05 दिसंबर) को उप चुनाव के तहत वोट डाले जाएंगे।मतदान के लिए रविवार को ही पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया गया। शनिवार शाम 5 बजे चुनाव प्रचार का शोर थमने से पहले राजनीतिक दलों ने मतदाताओं को रिझाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। पोलिंग सेंटर्स पर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा रहेगा। सुरक्षा का जिम्मा CISF, ITBP, PAC और स्थानीय पुलिस संभालेगी। मतदान से पहले क्षेत्र की सीमा को सील कर दिया गया है। मतगणना 8 दिसंबर को होगी।

वहीं, मैनपुरी लोकसभा सीट (Mainpuri bypoll 2022) पर भी साफ और स्वच्छ मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी है। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और प्रदेश के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) के निधन के बाद खाली हुई मैनपुरी सीट पर उपचुनाव हो रहा है। इस सीट पर यादव परिवार की बहू और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव (Dimple Yadav) मैदान में हैं। डिंपल के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने रघुराज सिंह शाक्य (Raghuraj Singh Shakya) को अपना प्रत्याशी बनाया है। बता दें, मैनपुरी लोकसभा सीट से कुल 6 उम्मीदवार मैदान में हैं।

मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में 28 जोन, 163 सेक्टर

मैनपुरी के जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह (Election Officer Avinash Krishna Singh) ने बताया कि, 5 दिसंबर को होने वाले चुनाव के लिए मैनपुरी जिले को 28 जोन तथा 163 सेक्टर में बांटा गया है। विधानसभा क्षेत्र के हिसाब से मैनपुरी को 6 जोन और 40 सेक्टर में, विधानसभा क्षेत्र भोगांव (Assembly constituency Bogaon) को 7 जोन तथा 3 सेक्टर में, विधानसभा किशनी (Vidhan Sabha Kishni) क्षेत्र को 6 जोन और 40 सेक्टर में तथा विधानसभा करहल (Assembly Seat Karhal) को 9 जोन और 44 सेक्टर में बांटा गया है। सभी जोन में जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। ये मजिस्ट्रेट जोन तथा सेक्टर में भ्रमण करेंगे।

EVM का खास ख्याल, मैनपुरी में भारी पुलिस बल तैनात

इस दौरान, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की सुरक्षा का खास ख्याल रखा जा रहा है। मैनपुरी में बाहरी जिलों से भी पुलिस फोर्स को बुलाया गया है। आगरा जोन के आगरा (Agra), मथुरा (Mathura), फिरोजाबाद (Firozabad), अलीगढ़ (Aligarh), एटा (Etah), हाथरस (Hathras) और कासगंज (Kasganj) जिलों से 661 दरोगा और 6367 सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है।

रामपुर सीट को 6 जोन और 34 सेक्टर में बांटा गया

इसी तरह, सपा के 'अभेद्य किला' रामपुर में भी उप चुनाव होने हैं। रामपुर विधानसभा सीट के लिए भी आज मतदान होंगे। सपा के कद्दावर नेता आजम खान की विधायकी समाप्त होने के बाद इस सीट पर चुनाव हो रहे हैं। विधानसभा सीट पर उपचुनाव में करीब 4 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। रामपुर में 166 मतदान केंद्रों पर 454 बूथ बनाए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन मुस्तैद है। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, रामपुर विधानसभा क्षेत्र की सुरक्षा के लिए इसे 6 जोन तथा 34 सेक्टरों में बांटा गया है। सभी जगह मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। सभी मतदान केंद्र पर त्रिस्तरीय सुरक्षा होगी। पोलिंग बूथ पर मतदान कक्ष के बाहर पुलिस का सख्त पहरा रहेगा।

रामपुर में कितने मतदाता?

जानकारी के लिए बता दें, रामपुर विधानसभा सीट पर चुनाव में करीब 3,88,994 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 1,82,052 महिला तथा 2,06,904 पुरुष वोटर हैं। 38 मतदाता थर्ड डेंजर हैं। जिले के एसपी का कहना है कि चुनाव में गड़बड़ी करने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। रामपुर में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार आसिम रजा मैदान में हैं तो उनके खिलाफ बीजेपी ने आकाश सक्सेना को उतारा है। किसी और बड़ी पार्टी ने अपने उम्मीदवार यहां नहीं उतारे हैं।

खतौली विधानसभा सीट को 9 जोन में बांटा गया

वेस्ट यूपी के मुज़फ्फरनगर जिलें की खतौली सीट पर भी आज मतदान होंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी-जिला मैजिस्ट्रेट सीबी सिंह के अनुसार, खतौली विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दिन शांति बनाए रखने के लिए क्षेत्र की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है। सभी मतदान केंद्रों पर पुख्ता सुरक्षा के लिए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ ITBP, CISF और PAC के जवान मुस्तैद रहेंगे। खतौली सीट के लिए सपा-रालोद गठबंधन ने मदन भैया पर अपना दांव लगाया है तो बीजेपी ने राजकुमारी सैनी को मैदान में उतारा है।

इस संबंध में मुजफ्फरनगर के एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय (SP City Arpit Vijayvargiya) ने कहा कि, उपचुनाव के दौरान मतदान शांतिपूर्ण कराने के लिए पुलिस ने इस क्षेत्र को 37 सेक्टर में बांटा है। साथ ही 9 जोन भी होंगे। खतौली विधानसभा क्षेत्र में 170 मतदान केंद्रों पर 369 बूथ हैं। जहां ITBP की 5 कंपनियों, CISF की 5 कंपनियों, PAC की 4 कंपनियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, पुलिस के करीब 1,000 कर्मचारी भी तैनात रहेंगे।

Admin 2

Admin 2

Next Story