×

UP By Election 2022: SP-RLD मिल कर लड़ेंगे उपचुनाव, मैनपुरी-रामपुर सपा के खाते में, खतौली में लड़ेगी रालोद

UP by Election 2022: खतौली विधानसभा सीट पर जयंत चौधरी के नेतृत्व वाली पार्टी रालोद के सिंबल पर चुनाव लड़ा जाएगा। जबकि, रामपुर और मैनपुरी में सपा के सिंबल पर चुनाव लड़ा जाएगा।

aman
Written By aman
Published on: 9 Nov 2022 6:50 AM GMT (Updated on: 9 Nov 2022 7:04 AM GMT)
up by election 2022 rld candidate will fight on khatauli samajwadi party fight on mainpuri and rampur
X

अखिलेश यादव और जयंत चौधरी (Social Media)

UP by Election 2022 : मैनपुरी लोकसभा सीट और रामपुर तथा खतौली विधानसभा सीट के लिए होने वाले उप चुनाव की तस्वीरें साफ हो गई हैं। समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) में सीटों का बंटवारा हो गया है। खतौली विधानसभा सीट पर जयंत चौधरी के नेतृत्व वाली पार्टी रालोद के सिंबल पर चुनाव लड़ा जाएगा। जबकि, रामपुर विधान सभा और मैनपुरी लोक सभा सीट पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार मैदान में उतरेंगे।

उप चुनाव से पहले रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने कहा, खतौली विधानसभा चुनाव के लिए उनकी पार्टी दमदार कैंडिडेट उतारेगी। जयंत ने यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में सपा के साथ हुए गठबंधन को आगे भी जारी रखने की बात दोहराई। उन्होंने कहा, आगामी निकाय चुनाव भी इसी मजबूती से लड़ा जाएगा। उन्होंने चुनाव को लेकर रणनीति तय होने की भी बात कही।

विक्रम सैनी की सदस्यता रद्द

गौरतलब है कि, मुजफ्फरनगर के एमपी-एमएलए कोर्ट ने पिछले महीने 11 अक्टूबर 2022 को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक विक्रम सिंह सैनी को 2 वर्ष की सजा सुनाई थी। जिसके बाद सैनी की विधायकी रद्द हो गई। इस वजह से खतौली सीट पर उप चुनाव होगा। सोमवार को विधानसभा सचिवालय ने यह सीट रिक्त घोषित कर दी थी। जिसके बाद भारत निर्वाचन आयोग ने खतौली सीट के लिए उप चुनाव की घोषणा की थी।

रामपुर सीट भी रिक्त

दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान को 27 अक्टूबर, 2022 को रामपुर के एमपी-एमएलए कोर्ट ने हेट स्पीच मामले में 3 साल की सजा सुनाई थी। जिसके बाद 28 अक्टूबर को विधानसभा सचिवालय ने रामपुर विधानसभा सीट को रिक्त घोषित कर दिया था। आजम खान की सदस्यता सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुरूप रद्द कर दी गयी।

मुलायम सिंह के निधन से मैनपुरी सीट रिक्त

समाजवादी पार्टी के संस्थापक और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का 10 अक्टूबर को निधन हो गया था। इस वजह से मैनपुरी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र भी रिक्त घोषित की गई थी। चुनाव आयोग ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र और मैनपुरी संसदीय क्षेत्र में उपचुनाव की तारीख घोषित कर दी है। इन दोनों सीटों के लिए 10 नवंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। 5 दिसंबर 2022 को वोटिंग होगी। इन्हीं तारीखों में खतौली विधानसभा सीट के लिए भी उप चुनाव की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story