×

CM Yogi Plane Emergency Landing: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्लेन में आई तकनीकी खराबी, आगरा में कराई गई आपात लैंडिंग

CM Yogi Plane Emergency Landing: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विमान में बुधवार को तकनीकी खराबी आ गई, जिससे उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद उसे आगरा हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग करानी पड़ी।

Newstrack          -         Network
Published on: 26 March 2025 7:22 PM IST
CM Yogi Adityanath
X

CM Yogi Adityanath (Photo: Social Media)

CM Yogi Plane Emergency Landing: आगरा से लखनऊ रवाना होने के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी विमान में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे उसे उड़ान के 20 मिनट बाद ही आपात लैंडिंग करनी पड़ी। यह घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री खेरिया एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना हो रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया, और अधिकारी तुरंत एयरपोर्ट पहुंचे।

विमान खराब होने के कारण मुख्यमंत्री करीब डेढ़ घंटे तक आगरा में रुके। इसके बाद दिल्ली से भेजे गए दूसरे विमान से उन्होंने लखनऊ के लिए उड़ान भरी, जिससे अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

जनसभा में रखे विकास के संकल्प

इससे पहले, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा के जीआईसी मैदान में प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और 635 करोड़ की 128 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आगरा की पहचान मुगलों से नहीं, बल्कि छत्रपति शिवाजी, राधारानी, बांके बिहारी और ब्रजभूमि से है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा कि सरकार विरासत को संवारने के साथ-साथ काशी, अयोध्या, प्रयागराज और बटेश्वर जैसे स्थलों का भी विकास कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 8.50 लाख युवाओं को रोजगार मिल चुका है, जिसमें हाल ही में हुई पुलिस भर्ती में 60 हजार युवाओं को नौकरी दी गई, जिनमें 12 हजार महिलाएं शामिल हैं।


सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकारों में गुंडे, माफिया और दंगाई हावी थे, लेकिन उनकी सरकार ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ की जगह ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ नीति लागू की है। इसके बाद उन्होंने लाभार्थियों को चेक और टूलकिट वितरित की और प्रदर्शनी में लोगों से मुलाकात कर उन्हें प्रोत्साहित किया। जनसभा समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

सीएम योगी ने प्रदेश में हुए 2017 से पहले की अराजकता को दिलाया याद

सीएम योगी ने 2017 से पहले की सपा सरकार पर जमकर हमला बोला और उस दौर की अराजकता को याद दिलाया। उन्होंने कहा कि जिनकी उम्र 25 साल से ऊपर है, उन्हें 2017 से पहले का उत्तर प्रदेश याद होगा। उस समय अराजकता, गुंडागर्दी और माफियागिरी का बोलबाला था। नौजवानों के सामने पहचान का संकट था, अन्नदाता किसान आत्महत्या करने को मजबूर था, गरीब भूख से मरता था, व्यापारी और बेटियां असुरक्षित थीं।


पर्व-त्योहारों से पहले लोगों के मन में डर रहता था कि कहीं दंगे न हो जाएं, कर्फ्यू न लग जाए। सीएम योगी ने कहा कि उस समय सड़कों पर गड्ढे, शाम होते ही अंधेरा और हर तीसरे दिन दंगों की खबरें उत्तर प्रदेश की पहचान बन गई थीं। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि यह पहचान का संकट खड़ा करने वाले वही लोग थे, जो आज झूठ का पुलिंदा लेकर अनर्गल प्रलाप करते हैं।

Shivam Srivastava

Shivam Srivastava

Next Story