×

कांग्रेस का योगी सरकार पर हमला, अब वादे से मुकर रही है सरकार

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री को इसी प्रदेश की जनता ने इतने विशाल जनादेश से चुना था। इसी का बदला ले रही है सरकार

Aradhya Tripathi
Published on: 15 May 2020 10:45 AM GMT
कांग्रेस का योगी सरकार पर हमला, अब वादे से मुकर रही है सरकार
X

लखनऊ: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने योगी सरकार पर प्रवासी मजदूरों को उनके घर पहुंचाने के वादे से मुकरने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने वादा किया था कि यूपी के एक-एक प्रवासी श्रमिक को उनके घरों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की है। लेकिन अब योगी आदित्यनाथ सरकार अपने वादे से मुकर रही है।

सरकार करे श्रमिकों के खाने-पीने और ग्लूकोज की व्यवस्था

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि यूपी से लगने वाली सभी राज्य की सीमाओं पर राज्य परिवहन निगम की बसें लगायी जाएं और सीमा में प्रवेश करने वाले प्रवासी मजदूरों व उनके परिजनों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था कराई जाए। साथ ही मीलों-मील चलकर थके-हारे आ रहे श्रमिकों के भोजन, पानी और ग्लूकोज की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई जाए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बुलन्दशहर का उदाहरण देते हुए कहा कि यूपी के कई जिलों में प्रदेश के कई जनपदों के प्रशासन द्वारा राष्ट्रीय राजमार्गों पर श्रमिकों के लिए भोजन, पानी और ग्लूकोज की व्यवस्था करने वाले संगठनों के खिलाफ कार्यवाही किए जाने का नोटिस जारी किया गया है।

ये भी पढ़ें- देश में अलर्ट: आ रहा चक्रवाती तूफान, मौसम विभाग ने दी चेतावनी

उन्होंने कहा कि सरकार का यह रवैया हमारे प्रवासी श्रमिकों के खिलाफ सबसे क्रूरतम कृत्य है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री को इसी प्रदेश की जनता ने इतने विशाल जनादेश से चुना था। कहीं उस विशाल जनादेश का बदला तो नहीं है जो प्रवासी मजदूरों से लिया जा रहा है। क्योंकि वह श्रमिक हमारे इसी राज्य के निवासी और मतदाता हैं जो रोजी-रोटी के लिए कमाने दूसरे राज्यों में गये हुए थे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समाचार पत्रों, मीडिया के माध्यम से प्रकाशित हो रही खबरें जिसमें विभिन्न प्रदेशों से पैदल व निजी वाहनों से यात्रा कर रहे परेशान हाल यूपी के प्रवासी श्रमिकों की हालत पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हमारी सरकारों ने संवेदनशीलता पूरी तरह से खो दी है।

कांग्रेस 21 जनपदों में प्रवासियों को स्टाल लगा कर करा रही भोजन

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यूपी राज्य सड़क परिवहन निगम और निजी क्षेत्र के हजारों-हजार बसें मिलकर हमारे देश का सबसे बड़ा बसों का बेड़ा है। इसके बावजूद भी इस भीषण गर्मी में जहां एक आम आदमी के लिए सौ कदम चलना मुश्किल होता है। वहां सैकड़ों-सैंकड़ों किलोमीटर अपने बच्चों एवं सामान के साथ हजारों-हजार श्रमिक सड़कों पर पदयात्रा करने को मजबूर हैं। राज्य सरकार के मुखिया जहां देश के सबसे बड़े परिवहन बेड़े का दावा तो करते हैं पर असमय आयी इस विपदा से अपने ही राज्य के दूसरे राज्यों में विभिन्न संस्थानों में काम करने वाले कामगार और मजदूर की यह पीड़ा उन्हें नहीं दिख रही है।

ये भी पढ़ें- कोविड-19 : रिमोट से चलती दुनिया

अजय कुमार ने बताया कि कोरोना महामारी से आई इस भयानक विपदा के समय में भीषण गर्मी में भूख, प्यास से परेशान हाल प्रवासी मजदूरों के लिए कांग्रेस 21 जनपदों के राष्ट्रीय राजमार्गों पर जगह-जगह स्टाल लगाकर यात्रियों को भोजन, पानी, ग्लूकोज, बिस्किट आदि जरूरी चीजों का इंतजाम कर रही हैं। पार्टी कार्यकर्ता बीते छह दिनों से गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, मेरठ, आगरा, मथुरा, बुलन्दशहर, हापुड़, सहारनपुर, अमरोहा, झांसी, सीतापुर, लखीमपुर, इलाहाबाद, वाराणसी, चन्दौली, लखनऊ, बाराबंकी, बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर आदि जिलों में राष्ट्रीय राजमार्गों से गुजर रहे मजदूरों को मानवता के आधार पर भोजन, पानी, बिस्किट, ग्लूकोज आदि का प्रबन्ध पूरी सेवा भाव के साथ कर रहे हैं। जबकि सरकार भूखे प्यासे श्रमिक भाइयों के लिए इंतजाम कर पाने में अक्षम साबित हो रही है।

Aradhya Tripathi

Aradhya Tripathi

Next Story