TRENDING TAGS :
UP Deputy CM केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर साधा निशाना, कहा- राम मंदिर के नाम पर फैलाई जा रही अफवाह
केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राम मंदिर के नाम पर जनता को गुमराह किया जा रहा है।
Keshav Prasad Maurya: अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर सियासत फिर एक बार शुरू हो गई। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा खरीदी गई जमीन पर सवाल उठाए जा रहे हैं। सपा व कांग्रेस की ओर से जमीन की खरीद में घोटाले का आरोप लगाया गया है। इस बीच यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि मंदिर के नाम पर विपक्ष जनता को गुमराह कर रहा है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का आगरा में कहा कि राम मंदिर के नाम पर जनता को विपक्ष द्वारा गुमराह किया जा रहा है। फर्जी अफवाह फैलाई जा रही हैं लेकिन राम भक्त अपनी जगह पर अडिग हैं। वहीं, उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा सरकार ने राम भक्तों के खून से होली खेली है। वहीं कांग्रेस पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट में राम को काल्पनिक बताया था। जनता यह सब अच्छी तरीके से समझती है।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर फैलाई जा रही अफवाहें
उन्होंने आगे कहा कि राज्य में अगले साल होने जा रहे विधानसभा चुनाव के मद्देनजर विरोधी इस तरह की अफवाह फैला रहे हैं, लेकिन विरोधियों का यह विचार किसी भी रूप में सफल नहीं होगा। भाजपा ने 4 साल में जो कार्य किए हैं वह जनता के समक्ष हैं। कोरोना काल में जिओ का और जीवन दोनों के लिए बेहतर प्लानिंग की गई है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि विपक्ष 15 साल के भीतर जो कार्य नहीं करवा सका है वह कार्य भाजपा ने करवा दिए हैं।
बता दें कि आज बुधवार का दिन आगरा और मथुरा जिले के लिए विशेष रहा। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को दोनों जिलों के लिए 483 करोड़ रुपये की योजनाओं का तोहफा दिया। दोनों जिलों के अधिकांश क्षेत्रों में लोक निर्माण विभाग, सेतु निर्माण और राजकीय निर्माण निगम की ओर से सड़कों का निर्माण अथवा उनकी मरम्मत का कार्य अब आसानी से शुरू किया जा सकेगा। साथ ही कई नए छोटे और बड़े पुल भी बनेंगे। ऐसे में लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
सड़कों को किया जाएगा चौड़ा
वहीं, इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 5 किलोमीटर लंबी सड़क की चौड़ाई अब 3 मीटर से बढ़ाकर 5 मीटर होगी। इसके अलावा रोड के 5 किमी से कम लंबी होने की दशा में रोड के किनारे धार्मिक स्थल या पर्यटन स्थल है तो उस रोड को भी चौड़ा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाईस्कूल और इंटर के टॉपर बच्चों के घर के पास की गली या फिर सड़क का निर्माण किया जाएगा और इस सड़क का नाम एपीजे अब्दुल कलाम के नाम पर रखा जाएगा। इसी तरह स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के नाम पर मेजर ध्यानचंद विजयपथ का रोड का नाम रखा जाएगा।
गौरतलब है कि आज उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य खेरिया एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वो सीधे सर्किट हाउस गए। यहां विभागीय अफसरों के साथ बैठक करने के बाद 395 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके बाद उन्होंने भाजपा प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। कुछ ही देर बाद वे आगरा से बरेली के लिए रवाना हो गए।
दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।