×

UP Election 2022: अपर्णा यादव और संघमित्रा के जरिए भाजपा का जवाब, महिला सुरक्षा के मुद्दे पर दोनों को बनाया पोस्टर गर्ल

UP Election 2022: अपर्णा यादव के साथ ही इस पोस्टर में स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी और बदायूं से भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य को भी जगह दी गई है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Monika
Published on: 19 Jan 2022 12:45 PM GMT
aparna yadav - Sanghamitra Maurya
X

अपर्णा यादव और संघमित्रा बनी बीजेपी की पोस्टर गर्ल (फोटो : सोशल मीडिया ) 

UP Election 2022: समाजवादी पार्टी (Samajwadi party) को तीखा जवाब देते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बड़ा सियासी दांव चला है। भाजपा की ओर से एक पोस्टर (BJP Poster ) जारी करते हुए उस पर समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव (aparna yadav) को जगह दी गई है। अपर्णा यादव ने आज नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा था। भाजपा में शामिल होने के साथ ही अपर्णा यादव पार्टी की पोस्टर गर्ल (Poster Girl ) बन गई है। अपर्णा यादव के साथ ही इस पोस्टर में स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी और बदायूं से भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य ( Sanghamitra Maurya) को भी जगह दी गई है। इस पोस्टर पर अपर्णा और संघमित्रा की फोटो के साथ बड़े अक्षरों में लिखा गया है- सुरक्षा जहां, बेटियां वहां।

अपर्णा के जरिए सपा को झटका

भारतीय जनता पार्टी के नेता तेजिंदर सिंह बग्गा की ओर से यह पोस्टर ट्वीट किया गया है। दरअसल इस पोस्टर के जरिए भाजपा ने सपा को घेरने की कोशिश की है। अपर्णा यादव मुलायम सिंह की छोटी बहू हैं और उन्होंने 2017 का विधानसभा चुनाव सपा के टिकट पर लखनऊ की करंट सीट से लड़ा था। हालांकि उस चुनाव में अपर्णा को भाजपा प्रत्याशी रीता बहुगुणा जोशी के हाथों हार का मुंह देखना पड़ा था।

अब अपर्णा यादव ने भाजपा का दामन थाम लिया है और माना जा रहा है कि पार्टी की ओर से उन्हें लखनऊ कैंट की सीट से चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है। अपर्णा यादव का भाजपा में शामिल होना सपा के लिए झटका माना जा रहा है। मुलायम के कुनबे में सेंधमारी करके भाजपा ने सपा को जवाब देने की कोशिश की है। सपा ने पिछले दिनों भाजपा के कई विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को तोड़कर पार्टी को करारा झटका दिया था।

स्वामी प्रसाद मौर्य को भी घेरा

इस पोस्टर के जरिए भाजपा ने सपा मुखिया अखिलेश यादव को घेरने के साथ ही स्वामी प्रसाद मौर्य पर भी तंज कसा है। स्वामी प्रसाद मौर्य और उनके साथ कई विधायकों ने तो सपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है मगर उनकी बेटी और बदायूं से सांसद संघमित्रा मौर्य अभी भी भाजपा में बनी हुई हैं। संघमित्रा ने स्पष्ट कर दिया है कि उनका अभी भाजपा छोड़ने का कोई इरादा नहीं है और वे पार्टी में बनी रहेंगी। संघमित्रा को पोस्टर में स्थान देने का भाजपा का कदम बड़ी सियासी चाल माना जा रहा है ताकि इसके जरिए स्वामी प्रसाद मौर्य को घेरा जा सके।

पोस्टर के साथ लिखा- सुरक्षा जहां, बेटियां वहां

बग्गा ने इस पोस्टर को ट्वीट करते हुए लिखा है कि योगी सरकार ने महिलाओं के लिए उत्तर प्रदेश को पूरी तरह सुरक्षित बनाया। सुरक्षा जहां, बेटियां वहां। इससे पहले उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भी पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अपर्णा की तस्वीरें शेयर करते हुए टिप्पणी की थी कि बेटियां वहां, सम्मान और सुरक्षा जहां।

दरअसल अपर्णा और संघमित्रा के चेहरे के साथ भाजपा यूपी की महिलाओं को बड़ा सियासी संदेश देने की कोशिश कर रही है। इसके साथ ही मुलायम की बहू और स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी के चेहरे के जरिए पार्टी सपा को घेरने की भी कोशिश कर रही है। पार्टी इस पोस्टर के जरिए प्रदेश की आधी आबादी को साधने की कोशिश में जुटी है।

taja khabar aaj ki uttar pradesh 2022, ताजा खबर आज की उत्तर प्रदेश 2022

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story