×

UP Election 2022: यूपी में अब कांग्रेस को प्रियंका का ही सहारा, किसी भी दल से गठबंधन नहीं, सभी सीटों पर लड़ेगी पार्टी

UP Election 2022: उत्तर प्रदेश में लगातार सियासी रूप से कमजोर होती जा रही पार्टी को अब प्रियंका गांधी से ही किसी करिश्मे का इंतजार है। इसीलिए कांग्रेस की ओर से सारी रणनीति का खाका प्रियंका गांधी के इर्द-गिर्द ही बुना जा रहा है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Shreya
Published on: 13 Sep 2021 7:07 AM GMT
UP Election 2022: यूपी में अब कांग्रेस को प्रियंका का ही सहारा, किसी भी दल से गठबंधन नहीं, सभी सीटों पर लड़ेगी पार्टी
X

डिजाइन फोटो- न्यूजट्रैक 

UP Election 2022: उत्तर प्रदेश की सियासी जंग में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) की बढ़ती सक्रियता के बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद (Salman Khurshid) ने एक अहम बयान दिया है। आगरा दौरे पर आए खुर्शीद ने कहा कि उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में कांग्रेस प्रियंका गांधी की अगुवाई में ही विधानसभा चुनाव (Assembly Election 2022) लड़ेगी।

पार्टी के सीएम चेहरे के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने स्पष्ट किया की पार्टी का चेहरा तो प्रियंका गांधी ही हैं। वैसे उन्होंने अभी तक खुद इस बाबत कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। इसलिए हम भी ऐसा नहीं कर सकते। उन्होंने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने और किसी भी पार्टी से गठबंधन न करने की भी बात कही।

सलमान खुर्शीद का बयान उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की रणनीति का अहम संकेत माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश में लगातार सियासी रूप से कमजोर होती जा रही पार्टी को अब प्रियंका गांधी से ही किसी करिश्मे का इंतजार है। इसीलिए कांग्रेस की ओर से सारी रणनीति का खाका प्रियंका गांधी के इर्द-गिर्द ही बुना जा रहा है। पार्टी ऐसी सीटों पर फोकस करने में जुटी हुई है जहां कांग्रेस की स्थिति थोड़ी अच्छी दिख रही है ताकि प्रियंका के दम पर कांग्रेस ऐसी सीटों को जीत सके। प्रियंका की सक्रियता से कार्यकर्ताओं का उत्साह तो जरूर बढ़ा है। मगर कमजोर सांगठनिक ढांचे के कारण प्रियंका पार्टी में कितनी जान फूक पाएंगी, यह अभी देखा जाना बाकी है।

सलमान खुर्शीद (फाइल फोटो साभार- सोशल मीडिया)

प्रियंका को ही पार्टी का चेहरा बताया

आगरा में मीडिया से बातचीत के दौरान खुर्शीद ने कहा कि प्रियंका गांधी की सक्रियता से उत्तर प्रदेश में पार्टी लगातार मजबूत हो रही है। पार्टी उन्हीं के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। हालांकि सीएम चेहरे को लेकर खुर्शीद गोलमोल जवाब देने में जुटे रहे। उन्होंने कहा कि सबकी नजर में पार्टी का चेहरा तो प्रियंका ही हैं मगर अभी तक उन्होंने खुद इस संबंध में कोई बात नहीं कही है। इसलिए हम भी इस बात को नहीं कर सकते।

दरअसल, पार्टी में कार्यकर्ताओं की ओर से भी काफी दिनों से यह मांग की जा रही है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए प्रियंका को पार्टी का सीएम चेहरा घोषित किया जाए मगर पार्टी की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से यह घोषणा नहीं की गई है। सलमान खुर्शीद ने भी इशारों में पार्टी का चेहरा तो प्रियंका को ही बताया मगर इस मुद्दे पर पार्टी के अधिकारिक स्टैंड से किनारा करते हुए दिखे।

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

कांग्रेस को अपनी ताकत पर पूरा भरोसा

उन्होंने कहा कि पार्टी ने उत्तर प्रदेश की सियासी जंग में अपने दम पर लड़ने का फैसला किया है। खुर्शीद ने कहा कि पार्टी को अपनी ताकत पर पूरा भरोसा है, इसीलिए हमने अपने दम पर विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र के लोगों की अलग-अलग समस्याएं हैं। इन समस्याओं की जानकारी करने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता हर विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से यह दौरा शुरू भी कर दिया गया है ताकि स्थानीय समस्याओं की पूरी जानकारी इकट्ठा की जा सके।

उन्होंने कहा कि पार्टी के घोषणापत्र में आम लोगों की आवाज दिखेगी और लोगों की उम्मीदों के मुताबिक ही घोषणापत्र तैयार किया जाएगा। प्रदेश में कांग्रेस का वोट बैंक बिखरने के सवाल पर खुर्शीद ने कहा कि पार्टी लगातार लोगों को जोड़ने की कोशिश में जुटी हुई है। इसका नतीजा अगले विधानसभा चुनाव में जरूर दिखेगा।

प्रियंका गांधी (फोटो साभार- ट्विटर)

घोषणापत्र में होगी हर वर्ग की आवाज

सलमान खुर्शीद को कांग्रेस की चुनाव घोषणापत्र समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। घोषणापत्र तैयार करने के सिलसिले में ही वे आगरा के ताजगंज इलाके के तोरा गांव में पहुंचे थे। उन्होंने पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और रोहित चौधरी के साथ गांव की महिलाओं से बातचीत की। उनके समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने महाराजा अग्रसेन भवन में भी सुबह से शाम तक पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ लंबी मंत्रणा की और विभिन्न वर्गों से जुड़े वरिष्ठ लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से इस बार अलग तरह का घोषणापत्र (Congress Manifesto) तैयार किया जा रहा है ताकि इसमें हर वर्ग की आवाज को शामिल किया जा सके। उन्होंने कहा कि हम घोषणापत्र में लोगों के दिलों की बात शामिल करना चाहते हैं। इसीलिए घोषणापत्र तैयार करने में इस बार ज्यादा मेहनत की जा रही है।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Shreya

Shreya

Next Story