×

UP Election 2022: यूपी में प्रियंका ही कांग्रेस का सीएम चेहरा, सभी को दिया ये जवाब

UP Election 2022: यूपी चुनाव के लिए मेनिफेस्टो जारी करते समय आज प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सीएम चेहरे का सवाल भी उठा।

Anshuman Tiwari
Report Anshuman TiwariPublished By Vidushi Mishra
Published on: 21 Jan 2022 9:58 AM GMT
Priyanka Gandhi
X

Priyanka Gandhi

UP Election 2022: उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में अभी तक कांग्रेस की ओर से सीएम चेहरे को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है। यूपी चुनाव के लिए मेनिफेस्टो जारी करते समय आज प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सीएम चेहरे का सवाल भी उठा। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान प्रियंका गांधी से सवाल किया गया कि यूपी में कांग्रेस की ओर से सीएम चेहरा कौन होगा? प्रियंका गांधी ने सवाल का सीधा जवाब न देते हुए पत्रकारों से ही उल्टा सवाल दाग दिया कि क्या प्रदेश में कांग्रेस की ओर से कोई और चेहरा दिखाई दे रहा है क्या? कांग्रेस की ओर से सीएम चेहरे के सवाल पर स्पष्ट जवाब तो नहीं दिया गया मगर प्रियंका के जवाब से साफ हो गया कि यूपी के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से वही पार्टी की सीएम चेहरा होंगी।

हर जगह मेरा ही चेहरा तो दिख रहा है

यूपी के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी की ओर से क्रमशः योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव के चेहरे को सामने रखकर चुनाव लड़ा जा रहा है। कांग्रेस की ओर से अभी तक प्रियंका को आधिकारिक रूप से सीएम पद का चेहरा घोषित नहीं किया गया है मगर कांग्रेस के पूरे प्रचार अभियान की कमान प्रियंका गांधी ने ही संभाल रखी है। वे उत्तर प्रदेश में काफी दिनों से सक्रिय हैं और यही कारण था कि आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम चेहरे का भी सवाल उठा।

प्रियंका गांधी की ओर से इस सवाल का जवाब भी सवाल के लहजे में ही दिया गया कि क्या आप कोई और चेहरा देख रहे हैं क्या? प्रियंका ने कहा कि आपको सब जगह मेरा चेहरा तो दिख रहा है ना। इस जवाब से साफ हो गया कि प्रियंका ही कांग्रेस की ओर से चेहरा होंगी।

चुनाव लड़ने पर स्पष्ट जवाब नहीं

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रियंका गांधी से विधानसभा चुनाव और लड़ने के संबंध में भी सवाल किया गया। हालांकि सवाल के जवाब में प्रियंका ने यह स्पष्ट नहीं किया कि वे विधानसभा चुनाव लड़ेंगी या नहीं। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से अभी तक इस बाबत आखिरी फैसला नहीं लिया गया है।

भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोरखपुर शहर सीट से चुनाव मैदान में उतारा जा चुका है जबकि सपा की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव करहल विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे।

ऐसे में अब हर किसी के दिलचस्पी प्रियंका गांधी के चुनाव क्षेत्र को लेकर है मगर अभी तक कांग्रेस की ओर से इस बाबत कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया है। हालांकि पहले प्रियंका के चुनाव मैदान में उतरने की चर्चाएं चलती रही हैं।

बहुमत न मिलने पर सशर्त समर्थन

प्रियंका गांधी ने यह भी स्पष्ट किया कि चुनावी नतीजे में किसी भी पार्टी को बहुमत न मिलने की स्थिति में उनकी पार्टी का क्या रुख होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गठबंधन सरकार में शामिल होने या किसी दूसरे दल को बाहर से समर्थन देने के लिए तैयार है मगर इसकी शर्त होगी कि उसे कांग्रेस के एजेंडे पर काम करना होगा।

उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता युवाओं की बेरोजगारी दूर करना है और यदि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो 20 लाख युवाओं को नौकरी दी जाएगी। इनमें से आठ लाख नौकरियां महिलाओं के लिए होंगी।

उन्होंने कहा कि हमने पार्टी के विधान में यह भी स्पष्ट कर दिया है कि हम यह काम कैसे पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में भर्ती परीक्षाओं के लिए फीस नहीं लगेगी और ट्रेन और बस की यात्रा की मुफ्त सुविधा भी दी जाएगी।

Vidushi Mishra

Vidushi Mishra

Next Story