×

UP Election 2022: पांचवें चरण के आखिरी दिन नेताओं ने झोंकी ताकत, शाह, राहुल, डिंपल, सहित अन्य नेता आज यहां करेंगे चुनाव प्रचार

कांग्रेस नेता राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के चुनावी समर में पहली बार जनसभा करते नजर आएंगे। बता दें, कि राहुल गांधी ने चार चरण के चुनाव बीत जाने के बाद पांचवें चरण के प्रचार के आखिरी दिन पहली बार मैदान में उतर रहे हैं।

aman
Written By aman
Published on: 25 Feb 2022 3:46 AM GMT (Updated on: 25 Feb 2022 3:47 AM GMT)
up election 2022 pm modi cm yogi akhilesh campaigning for 7th phase
X

up election 2022 pm modi cm yogi akhilesh campaigning for 7th phase

UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Election 2022) के पांचवें चरण के चुनाव प्रचार का आज अंतिम दिन है। आज शाम पांच बजे के बाद चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। इसलिए आज शुक्रवार को सभी राजनीतिक दलों के बड़े नेता जोर-शोर से चुनाव प्रचार में जुटे रहेंगे। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) और समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) तो हर रोज धुआंधार प्रचार कर रहे हैं, लेकिन आज प्रदेश की जनता को राहुल गांधी (Rahul Gandhi), डिंपल यादव (Dimple Yadav), जया बच्चन (Jaya Bachchan) सरीखे नेताओं से भी रूबरू होगी।

आज सभी पार्टियों के बड़े राजनेता चुनाव प्रचार के लिए कमर कसकर मैदान में उतर रहे हैं। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ आज सुल्तानपुर, चित्रकूट और प्रयागराज में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे। वहीं, कांग्रेस (Congress) नेता राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के चुनावी समर में पहली बार जनसभा करते नजर आएंगे। बता दें, कि राहुल गांधी ने चार चरण के चुनाव बीत जाने के बाद पांचवें चरण के प्रचार के आखिरी दिन पहली बार मैदान में उतर रहे हैं। राहुल आज प्रयागराज और अमेठी में जनसभा को संबोधित करेंगे।

आज यहां अमित शाह भरेंगे हुंकार

केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के स्टार प्रचारक अमित शाह शुक्रवार 25 फरवरी को अंबेडकरनगर, प्रयागराज, कौशाम्बी तथा प्रतापगढ़ में चुनावी दौरा करेंगे। आज अमित शाह की पहली जनसभा सुबह 12 बजे के करीब अंबेडकरनगर के आलापुर में होगी। इसके बाद वो वो प्रयागराज के सोरांव और कौशांबी के सिराथू में भी जनसभा को संबोधित करेंगे। गौरतलब है कि सिराथू में यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बीजेपी प्रत्याशी हैं।

राहुल और प्रियंका गांधी का दौरा यहां

वहीं, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का यूपी दौरा आज से शुरू हो रहा है। आज वो अमेठी और प्रयागराज में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। राहुल की पहली जनसभा अमेठी के जगदीशपुर में होगी जबकि दूसरी जनसभा प्रयागराज के कोरांव में होनी है। वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अमेठी और प्रतापगढ़ में पार्टी प्रत्याशियों के लिए जनसभा को संबोधित करेंगी। इसके अलावा प्रियंका जगदीशपुर में राहुल गांधी की रैली में भी साथ-साथ होंगी।

अखिलेश आज बहराइच और अयोध्या में

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव आज बहराइच और अयोध्या में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। अखिलेश आज 12 बजे के करीब रामनगरी अयोध्या के मिल्कीपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। जिसके बाद दोपहर 1:30 बजे वो अयोध्या में रोड शो भी करेंगे। यह रोड शो राम कथा पार्क से फैजाबाद शहर के गांधी पार्क तक होगा। इस दौरान वो सपा उम्मीदवार के लिए वोट भी मागेंगे। आज सुबह 11 बजे के करीब अखिलेश यादव बहराइच के पयागपुर विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

डिंपल यादव और जया बच्चन की रैली

आज यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव की पत्नी और कन्नौज से पूर्व सांसद डिंपल यादव तथा राज्यसभा सांसद जया बच्चन कौशांबी के सिराथू में एक जनसभा को संबोधित करेंगी। यह चुनावी रैली दोपहर 12 बजे के करीब होगी। बता दें, कि सिराथू विधानसभा सीट से पल्लवी पटेल चुनावी मैदान में हैं। वो केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की बहन हैं और डिप्टी सीएम केशव मौर्य के खिलाफ मैदान में हैं।

-भारतीय जनता पार्टी की मथुरा से सांसद हेमा मालिनी आज बलिया सदर में जनसभा को संबोधित करेंगी।

-केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर आज प्रतापगढ़ और बाराबंकी में चुनाव प्रचार करेंगे।

-केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का आज अमेठी दौरे पर होंगी। वो तिलोई, गौरीगंज और जगदीशपुर में चुनाव प्रचार करेंगी। स्मृति ईरानी डोर-टू-डोर जनसंपर्क भी करेंगी।

-यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का आज प्रयागराज, सुल्तानपुर, सिद्धार्थनगर और सिराथू में चुनावी दौरा है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story