×

UP Election 2022: मौलाना तौकीर रजा की बहू ने किया BJP का समर्थन, ससुर के खिलाफ खोला मोर्चा

UP Election 2022: उन्होंने यहां तक कहा कि भाजपा की वजह से ही हम जिंदा बच सके हैं। मौलाना तौकीर रजा पर बड़ा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि आज वे प्रियंका गांधी के साथ लड़की हूं लड़ सकती हूं।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Divyanshu Rao
Published on: 20 Jan 2022 4:19 PM GMT
UP Election 2022
X

मौलाना तौकीर रजा की तस्वीर 

UP Election 2022: उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के समर्थन का ऐलान करने वाले मौलाना तौकीर रजा (maulana tauqeer raza) के खिलाफ उनकी बहू निदा खान ने ही मोर्चा खोल दिया है। निदा खान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्थन करते हुए कहा कि मोदी राज में महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं।

उन्होंने यहां तक कहा कि भाजपा की वजह से ही हम जिंदा बच सके हैं। मौलाना तौकीर रजा पर बड़ा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि आज वे प्रियंका गांधी के साथ लड़की हूं लड़ सकती हूं, के नारे लगा रहे हैं मगर यही वे चेहरे हैं जो अपने घर में लड़कियों का उत्पीड़न करते हैं।

इत्तेहाद ए मिल्लत काउंसिल के मुखिया मौलाना तौकीर रजा ने हाल में विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस का समर्थन करने का ऐलान किया था। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को सच्चा सेक्युलरिस्ट बताया था।

उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव को मुसलमानों के लिए बीजेपी से भी खराब बताया था। उनका कहना था कि कुछ लोगों की गलतफहमी के कारण वे कांग्रेस से दूर हुए थे मगर सच्चाई यह है कि देश और प्रदेश की भलाई के लिए कांग्रेस का सत्ता में आना जरूरी है।

मौलाना तौकीर रजा की तस्वीर

बहू ने लगाया नाइंसाफी का आरोप

इस बीच मौलाना तौकीर रजा की बहू निदा खान ने भाजपा का समर्थन करते हुए अपने ससुर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने कहा कि समाज के लिए बड़ी-बड़ी बातें करने वाले मौलाना तौकीर रजा अपने घर तक के मामले नहीं सुलझा पाए। निदा ने कहा कि जब मैं बहू बनकर उनके घर पहुंची तो मेरे साथ नाइंसाफी की गई मगर मौलाना तौकीर रजा ने इस बाबत कुछ नहीं किया।

अब वे कांग्रेस का समर्थन करने के साथ महिलाओं के लिए बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं। प्रियंका गांधी के साथ लड़की हूं लड़ सकती हूं, का नारा लगाने वाले मौलाना ऐसे लोगों में शामिल हैं जो अपने घर की लड़कियों का उत्पीड़न करते हैं। अपने घर पर लड़कियों के साथ नाइंसाफी होने पर आंखें मूंद लेते हैं।

भाजपा के कारण ही जिंदा बच सकी

भाजपा की प्रशंसा करते हुए निदा खान ने कहा कि भाजपा के कारण ही मैं जिंदा बच सकी हूं। सपा की सरकार के समय मेरा उत्पीड़न किया गया और मेरे खिलाफ फर्जी मुकदमे लिखे गए। जानलेवा हमलों के जरिए मेरी जान तक लेने की कोशिश की गई मगर भाजपा की सरकार बनने के साथ ही यह सिलसिला पूरी तरह खत्म हो गया।

भाजपा की सरकार आने पर गुंडों की नकेल कसी गई और इसी का नतीजा था कि गुंडागर्दी पूरी तरह समाप्त हो गई। निदा खान का यह बयान हाल में कांग्रेस को समर्थन देने की घोषणा करने वाले मौलाना तौकीर रजा को करारा जवाब माना जा रहा है।

बाटला हाउस कांड पर विवादित बयान

मौलाना तौकीर रजा ने कांग्रेस को समर्थन देने के साथ ही बाटला हाउस एनकाउंटर को लेकर विवादित बयान भी दिया था। उन्होंने एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए कहा था कि उस एनकाउंटर में आतंकी नहीं मारे गए थे। उनका कहना था कि इंस्पेक्टर महेश चंद्र शर्मा की हत्या पुलिस वालों ने ही की थी।

उनका कहना था कि कांग्रेस ने हमसे इस एनकाउंटर का जांच कराने का वादा किया था। अगर इस एनकाउंटर की जांच कराई गई होती तो सच्चाई पूरी दुनिया के सामने आ जाती।

जांच में साफ तौर पर पता चल जाता कि जो मारे गए थे वे आतंकी नहीं थे बल्कि उन्हें तो और शहीद का दर्जा मिलना चाहिए था। मौलाना तौकीर रजा के इस बयान के बाद भाजपा ने कांग्रेस और मौलाना पर बड़ा हमला बोला था।

भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा का कहना था कि 2012 के चुनाव में भी कांग्रेस का एजेंडा बाटला हाउस एनकाउंटर था और 2022 के चुनावों में भी कांग्रेस की सुई वहीं अटकी हुई है।

Divyanshu Rao

Divyanshu Rao

Next Story