×

UP Election 2022 : पीयूष गोयल का सपा पर तीखा प्रहार, कहा- समाजवादी पार्टी की सोच परिवारवादी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए पीयूष गोयल ने समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला किया।

Bishwajeet Kumar
Published By Bishwajeet KumarWritten By Shreedhar Agnihotri
Published on: 16 Feb 2022 2:11 PM GMT (Updated on: 16 Feb 2022 3:50 PM GMT)
UP Election 2022 : पीयूष गोयल का सपा पर तीखा प्रहार, कहा- समाजवादी पार्टी की सोच परिवारवादी
X

पियूष गोयल (फाइल तस्वीर)

लखनऊ। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल (Piyush Goyal) ने समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) की परिवारवादी सोच पर प्रहार करते हुए कहा कि जो पार्टी सिर्फ एक परिवार का भला सोच सकती है उसके लिए भाजपा की 'सबका साथ, सबका विकास' की सोच समझ के बाहर है। यह तो सिर्फ जनता ही समझ सकती है जिसने योगी सरकार में अपना विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने सपा के बारे में आगे कहा कि गुंडों, माफिया और अपराधियों के दम पर सरकार चलाना एक बात है लेकिन 24 करोड़ जनता के हित के बारे में सोचना, यह सिर्फ भाजपा (BJP) ही कर सकती है। बुधवार को पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीयूष गोयल ने यह बात कही।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास और निवेश का माहौल बनाने में योगी सरकार का जो योगदान रहा उसे पूरा देश याद करेगा। पिछले 5 वर्षों में लगभग तीन लाख करोड़ रुपए से अधिक का निवेश आया। उन्होंने कहा कि निवेशकों के लिए नियमों का सरलीकरण और अच्छी कानून व्यवस्था और आधारभूत ढांचा तैयार करने में योगी सरकार ने अपनी पूरी ताकत लगा दी।

योगी सरकार को सराहा

गोयल ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने पिछले पांच वर्षों में हर क्षेत्र में जो काम किया है उसके लिए प्रदेश की 24 करोड़ जनता का आशीर्वाद भाजपा के साथ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के मार्गदर्शन में सबका साथ सबका विकास के मंत्र पर चलते हुए हर वर्ग को अपने साथ रखते हुए जिस तरह योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश में जनकल्याणकारी सरकार चलाई है उसकी हर जगह प्रशंसा हो रही है।

उन्होंने कहा की कृषि, उद्योग, इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित तमाम क्षेत्रों में योगी सरकार ने उल्लेखनीय काम किया है। उन्होंने कहा अगले पांच वर्षों में इसको आगे बढ़ाकर उत्तर प्रदेश देश में सुनहरे प्रदेश के रूप में छाप छोड़ेगा, इसमें कोई संदेह नहीं हैं।

यूपी में पहले अपराध चरम पर था

उन्होंने याद दिलाया कि 2017 में वे जब चुनाव प्रचार के लिए आए थे तो एक दिन में ही लखनऊ समेत कई जिलों में व्यवपारियों की दिन दहाड़े हत्याएं हुई थी। उत्तर प्रदेश में अराजकता चरम पर थी, अपराध चरम पर था, आम आदमी डरा हुआ था। वे खुद लखनऊ में व्यापारी श्रवण साहू के घर गए थे। वह मंजर कितना खौफनाक था। आज उत्तर प्रदेश खुशहाली के रास्ते पर बढ़ चला है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसानों के लिए योगी सरकार ने अभूतपूर्व काम किये हैं जो 2017 से पहले आज तक इस प्रदेश में नहीं हुए।

गन्ना किसानों को किया गया दोगुना भुगतान

उन्होंने कहा कि 2012 से 2017 के बीच गन्ना किसानों को जितना भुगतान किया गया उसका लगभग दोगुना 1.59 लाख करोड़ का भुगतान 2017 से अब तक किया गया। जिसमें पिछली सरकार का बकाया भी शामिल है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में धान की कुल 275 लाख मिट्रिक टन की क्रय कि गई। जबकि 2012 से 2017 के बीच मात्र 123 लाख मिट्रिक टन खरीद ही थी। इसी तरह योगी सरकार ने पिछली सरकार की तुलना में गेंहू की भी रिकार्ड खरीद की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने पिछले 5 सालों में लगभग चार करोड़ लोगों को रोजगार से जोड़ा। इसमें एमएसएमई सेक्टर का काफी योगदान रहा। इसका सुपरिणाम यह निकला कि 2017 से पहले बेरोजगारी का जो आंकडा दो अंकों में हुआ करता था वह घटकर चार प्रतिशत रह गया।

पीयूष गोयल ने प्रदेश का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में योगी सरकार के योगदान की चर्चा करते हुए कहा कि पहले प्रदेश में दो अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे थे जो अब पांच हो गए हैं। पहले एयर कनेक्टिविटी सिर्फ 25 स्थानों तक सीमित थी जबकि आज 75 शहरों से हवाई सुविधा के माध्यम से यूपी जुड़ चुका है। उन्होंने कहा कि जेवर में बनने वाला अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तो विश्व में नायाब होगा। उन्होंने कहा कि 1947 से अब तक प्रदेश में सिर्फ 12 सरकारी मेडिकल कॉलेज से जबकि पिछले 5 सालों में इनकी संख्या 30 हो गई। इसी तरह एमबीबीएस की सीट 2017 में उन्नीस सौ हुआ करती थी, जो बढ़कर 3800 हो गयी है।

Bishwajeet Kumar

Bishwajeet Kumar

Next Story