TRENDING TAGS :
UP Election 2022: युवा, बेदाग छवि, जिताऊ और टिकाऊ चेहरे पर सपा लगाएगी जोर
UP Election 2022: समाजवादी पार्टी स्वच्छ छवि, युवा, जिताऊ और टिकाऊ लोगों को ही तरजीह देगी, क्योंकि इस बार समाजवादी पार्टी कई छोटे-छोटे दलों के साथ तालमेल कर 2022 का चुनाव लड़ने जा रही है।
UP Election 2022: यूपी चुनाव की तैयारियों में जुटे सियासी दल प्रत्याशियों पर काफी मंथन कर रहे हैं। सभी को जिताऊ और टिकाऊ उमीदवार की जरूरत है। समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) की करें तो वह 2022 के लिए फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। सपा इस बार साफ सुथरी छवि, युवा, जिताऊ, टिकाऊ और बड़े चेहरों पर दांव लगाने जा रही है। उसे मालूम है बीजेपी को परास्त करने के लिए उसे इन सब की जरूरत होगी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने जिला अध्यक्षों और विधानसभा क्षेत्र अध्यक्षों से संभावित उम्मीदवारों के 6-6 नाम मांगे थे। जिसकी रिपोर्ट उन तक पहुंचा दी गई है। अब इन्हीं नामों पर सपा प्रमुख मंथन करेंगे और उसके बाद प्रत्याशियों के नामों पर फाइनल मुहर लगेगी।
अखिलेश यादव ने इस बार प्रत्याशी चयन में सर्वे रिपोर्ट व संगठन के फीडबैक को मुख्य आधार बनाने की रणनीति बनाई है। पार्टी स्वच्छ छवि, युवा, जिताऊ और टिकाऊ लोगों को ही तरजीह देगी। इसके साथ ही जल्द गठबंधन की सीटों का भी एलान करने की तैयारी है। क्योंकि इस बार समाजवादी पार्टी कई छोटे-छोटे दलों के साथ तालमेल कर 2022 का चुनाव (UP Election 2022) लड़ने जा रही है। अखिलेश यादव ने जिला अध्यक्षों, विधानसभा अध्यक्षों से जो फॉर्म भरवाए हैं, उसमें संभावित उम्मीदवारों (SAPA Candidates) के नाम डाले गए है।
सपा रणनीतिकारों ने कहा था कि जिसे प्रबल दावेदार मानते हैं उसका नाम पहले लिखे। उसके बाद नीचे और नेताओं के नाम दर्ज करें। इसके साथ ही पदाधिकारियों से दूसरी पार्टी भाजपा, बसपा, कांग्रेस के संभावित उम्मीदवारों के भी नाम मांगे गए थे। जिनमें से यह तालमेल बिठाया जाएगा कि कौन सा प्रत्याशी उन्हें टक्कर दे सकता है। उस आधार पर भी प्रत्याशियों को चयन को वरीयता मिलेगी।
समाजवादी पार्टी (फाइल फोटो- सोशल मीडिया)
पार्टी के चुनावी रणनीतिकारों का मानना है कि उम्मीदवार तय करते समय हर स्तर पर मूल्यांकन किया जाएगा। पहले से मिली रिपोर्ट जिला अध्यक्षों, महानगर अध्यक्षों, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष विभिन्न स्तर पर हुए सर्वे रिपोर्ट को मिलाकर फाइनल रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इस रिपोर्ट के आधार पर टॉप 3 उम्मीदवार (samajwadi party candidate list 2022) चुने जाएंगे। फिर इनमें जो बेहतर होगा उसे मैदान में उतारा जाएगा। इसके साथी जो नेता समाजवादी पार्टी का दामन थाम रहे हैं, उनके नामों पर भी मंथन होगा। अगर वह भारी पड़ेंगे तो उन्हें भी उम्मीदवार बनाया जा सकता है।