×

UP Election 2022: यूपी में फिर आएगी योगी सरकार, ओपिनियन पोल में जनता की पहली पसंद

UP Election 2022: इंडिया टीवी और रिसर्च कंपनी ग्राउण्ड जीरो के इस ओपिनियन पोल के मुताबिक उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों (UP Assembly Seats) में भाजपा और उसके सहयोगी दलों को 230-235, सपा और उसके सहयोगी दलों को 160-165, कांग्रेस को तीन से सात, बसपा को दो से पांच और अन्य को एक से तीन सीटें मिलने की संभावना है।

Ramkrishna Vajpei
Written By Ramkrishna VajpeiPublished By Shreya
Published on: 19 Jan 2022 2:25 AM GMT (Updated on: 19 Jan 2022 2:32 AM GMT)
UP Election 2022: कौन होगा यूपी का अगला मुख्यमंत्री, ओपिनियन पोल में जानें जनता की पहली पसंद
X

 कौन होगा यूपी का अगला मुख्यमंत्री (फोटो- न्यूजट्रैक) 

UP Election 2022: उत्तर प्रदेश की जनता का मूड भांपने के लिए इंडिया टीवी (India TV) और रिसर्च कंपनी ग्राउण्ड जीरो (Ground Zero Research) ने एक सर्वे को अंजाम दिया। ये सर्वे कल और आज इंडिया टीवी से प्रसारित किया गया। इंडिया टीवी और रिसर्च कंपनी ग्राउण्ड जीरो के इस ओपिनियन पोल के मुताबिक उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों (UP Assembly Seats) में भाजपा और उसके सहयोगी दलों को 230-235, सपा और उसके सहयोगी दलों को 160-165, कांग्रेस को तीन से सात, बसपा को दो से पांच और अन्य को एक से तीन सीटें मिलने की संभावना है।

बसपा को बलिया की रसड़ा, बस्ती की हर्रैया और मथुरा की मांट विधानसभा सीट पर जीत मिल सकती है। इसके अलावा अन्य में बाबागंज व कुंडा सीट पर रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया के जनसत्तादल के उम्मीद्वारों को जीत मिल सकती है।

सीएम योगी आदित्यनाथ (फोटो- न्यूजट्रैक)

ओपिनियन पोल में सीएम के तौर पर योगी जनता की पहली पसंद

इंडिया टीवी और रिसर्च कंपनी ग्राउण्ड जीरो ने अपने ओपिनियन पोल (Election Opinion Poll UP) में यूपी को पांच हिस्सों में बांटा है। जिसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश, रुहेलखंड, अवध, बुंदेलखंड और पूर्वांचल को रखा गया है। ओपिनियन पोल के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्नाथ (CM Yogi Adityanath) के नेतृत्व में जीत हासिल कर भाजपा एक बार फिर से पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

ओपिनियन पोल के अनुसार, योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर सीट (Gorakhpur Seat) से रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल करेंगे। इसके अलावा दूसरी सबसे महत्वपूर्ण सीट प्रयागराज की सिराथू (Sirathu) से उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) भी जीत हासिल करेंगे। हालांकि मतों के जातिगत समीकरणों को देखते हुए उनके वोटों का प्रतिशत कम हो सकता है।

प्रियंका गांधी (फोटो साभार- सोशल मीडिया)

क्या रहेगा कांग्रेस का हाल?

अगर ग्राउण्ड रीयलिटी की बात करें तो अभी तक भाजपा का अपना दल व निषाद पार्टी से गठबन्धन है। सपा ने रालोद और कुछ छोटी पार्टियों के साथ गठबंधन किया है। कांग्रेस और बसपा अकेले चुनाव लड़ रही हैं। इनके साथ फिलहाल किसी ने गठबंधन नहीं किया है या फिर इन्होंने किसी से गठबंधन नहीं किया है। ओपिनियन पोल के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का खाता खुलना मुश्किल दिखायी दे रहा है, जिससे लगता है कि कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi Vadra) पश्चिमी उत्तर प्रदेश (Western Uttar Pradesh) में खासा प्रभाव नहीं छोड़ पायीं। खासकर मुस्लिम या जाट मतदाता उन पर उतना भरोसा नहीं कर पाया।

ओपिनियन पोल में किसे कितने वोट?

इंडिया टीवी व रिसर्च कंपनी ग्राउंड जीरो के आंकड़ों पर गौर करें तो बुंदेलखंड में भाजपा (BJP) व सहयोगियों को 43.50 फीसद वोट मिल सकते हैं जबकि समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) और उसके सहयोगी काफी पीछे हैं उनके पक्ष में 29.49 फीसद वोट जान का अनुमान है। जबकि पश्चिमी यूपी, रुहेलखंड और अवध में समाजवादी पार्टी व सहयोगी दलों की अच्छी बढ़त दिखाई दे रही है। लेकिन अवध में वोट प्रतिशत को लेकर कई जगह कांटे की टक्कर दिखायी दे रही है। हालांकि अवध में भगवा पार्टी का परचम बुलंद है और उसे कुल 111 सीटों के गुणा गणित में 68 पर कामयाबी मिलती दिख रही है लेकिन समाजवादी पार्टी व सहयोगी भी 42 सीटें झटकते दिखायी दे रहे हैं।

अगर देखा जाए तो वर्तमान चुनाव में अन्ना मवेशियों से फसलों को नुकसान और महंगाई और बेरोजगारी बड़े मुद्दे हैं। भाजपा इनकी काट हिन्दुत्व को उभार कर और विकास के ढांचे से पूरा करने की पुरजोर कोशिश करती दिख रही है।

इंडिया टीवी और ग्राउंड जीरो के आज प्रसारित सर्वे के मुताबिक, भाजपा को जहां यादव, मुस्लिम, जाटव, राजभर एवं जाट को छोड़कर अन्य जातियों का जबर्दस्त समर्थन मिलता दिख रहा है, वहीं सपा को ब्राह्मण, कुर्मी, कुशवाहा आदि जातियों के एक धड़े का समर्थन मिल रहा है। अब खेल इस पर निर्भर हो गया है कि भाजपा से नाराज वोटर कितना सपा से जुड़ते हैं या भाजपा इनका विश्वास जीतकर इनको रोकने में कितना कामयाब होती है। पश्चिम में किसानों की नाराजगी कम करने की कोशिश कितना कारगर होती है और जाट वोट भाजपा पर कितना भरोसा कर पाता है।

डिजाइन फोटो- न्यूजट्रैक

सात चरणों में होगा यूपी में मतदान

उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा सीटों के लिए सात चरणों में मतदान (UP Vidhan Sabha Chunav) होना है। 10 फरवरी को राज्य के पश्चिमी हिस्से के 11 जिलों की 58 सीटों पर मतदान के साथ इसकी शुरुआत होगी। दूसरे चरण में 14 फरवरी को राज्य की 55 सीटों पर मतदान होगा। तीसरे चरण में 59 सीटों पर, चौथे चरण में 60 सीटों, पाँचवें चरण में 60 सीटों, छठे चरण में 57 सीटों और सात मार्च को सातवें चरण में 54 सीटों पर मतदान होगा।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Shreya

Shreya

Next Story