×

UP Election: भगवान परशुराम के मंदिर का अखिलेश यादव ने किया अनावरण, 12 फीसदी विप्रो पर टिकी नजर

UP Election: आज अखिलेश यादव ने भगवान परशुराम के मंदिर का अनावरण कर विप्रो को अपने पाले में करने की कोशिश की है। यह मंदिर गोसाईगंज स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के किनारे भव्य बनाया गया है।

Rahul Singh Rajpoot
Written By Rahul Singh RajpootPublished By Chitra Singh
Published on: 2 Jan 2022 1:24 PM GMT
Akhilesh Yadav
X

भगवान परशुराम के मंदिर में पूजा करते अखिलेश यादव (फोटो- आशुतोष त्रिपाठी न्यूज ट्रैक) 

UP Election: यूपी चुनाव में जीत हासिल करने के लिए सियासी पार्टियां हर हथकंडे अपना रही हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आज दसवें चरण की रथ यात्रा (Samajwadi Party Rath Yatra) राजधानी लखनऊ से शुरू की। लेकिन आज सबसे खास कार्यक्रम भगवान परशुराम की मंदिर का अनावरण रहा। सपा के ब्राह्मण नेता इस मंदिर को बनवाने में काफी दिनों से लगे थे। जिसके बाद आज अखिलेश ने इसका अनावरण कर विप्रो को अपने पाले में करने की कोशिश की है। यह मंदिर गोसाईगंज स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के किनारे भव्य बनाया गया है। मंदिर के अनावरण में तमाम पंडितों को भी बुलाया गया था और मंत्रोच्चार के बीच अखिलेश यादव ने विधि विधान से पूजा पाठ कर इसका अनावरण किया। मंदिर के बाहर 73 फीट ऊंचा फरसा भी लगाया गया है जो परशुराम जी का प्रमुख शस्त्र था।

इस मंदिर का निर्माण सुल्तानपुर जिले के लम्भुआ से पूर्व विधायक संतोष पांडे ने कराया है। हालांकि सपा के तमाम ब्राम्हण नेताओं का भी इसमें सहयोग बताया जा रहा है। जिसमें पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा, ऊंचाहार से सपा विधायक मनोज पांडे, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय का नाम शामिल है। आज इस मौके पर ब्राह्मण समाज के हजारों लोग भी अपने आराध्य देवता के मंदिर के अनावरण में साक्षी बने।

लखनऊ के सुल्तानपुर रोड के किनारे बने एचसीएल से अखिलेश यादव ने अपने रथ यात्रा की शुरुआत की। जहां हजारों की तादाद में मौजूद उनके नेता और कार्यकर्ताओं का काफिला गोसाईगंज के लिए रवाना हुआ। इस मौके पर जगह जहां अखिलेश यादव का भव्य स्वागत किया गया। वहीं लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने एक बार फिर से सीएम योगी और बीजेपी पर जमकर हमला किया।

गोसाईगंज में अखिलेश यादव (फोटो- आशुतोष त्रिपाठी न्यूज ट्रैक)

अखिलेश यादव ने कहा बाबा मुख्यमंत्री कहते हैं 500000 रोजगार दिया, फिर कहते हैं एक करोड़ रोजगार दिया, विज्ञापनों में कहते हैं दो करोड़ रोजगार दिया। बताओ नौजवानों कितने लोगों को रोजगार मिला? अखिलेश ने किसानों युवाओं महिलाओं को लेकर बीजेपी पर ताबड़तोड़ हमले किए।

उन्होंने हाथरस और उन्नाव कांड का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाएं और बेटियां भी बीजेपी के राज में सुरक्षित नहीं है। सपा प्रमुख ने आज एक बार फिर 300 यूनिट फ्री बिजली देने और किसानों की सिंचाई माफ करने का अपना वादा निभाया। उन्होंने कहा कि अभी उनका मेनिफेस्टो नहीं आया है जब मेनिफेस्टो आएगा तो इसमें गांव, गरीब, किसान, नौजवान और हमारी माताओं के लिए होगा।

भगवान परशुराम के मंदिर में अखिलेश यादव (डिजाइन फोटो- न्यूज ट्रैक)

बता दें पूर्वांचल एक्सप्रेस वे को लेकर पहले ही सियासत जोरों पर थी अखिलेश यादव इसे अपना बताने में लगे थे और बीजेपी अपना। अब इसके किनारे भगवान परशुराम का मंदिर बनाकर सपा ने ब्राह्मणों को अपने पाले में करने की पूरी कोशिश की है। क्योंकि इस बार का चुनाव 12 प्रतिशत ब्राह्मणों पर सभी पार्टियों की निगाहें टिकी हैं। उनका मानना है कि अगर ब्राम्हण उनके पक्ष में आए तो उनकी सरकार बननी तय है। इसी को लेकर बीजेपी, बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी ने पूरी ताकत झोंक रखी है। अखिलेश ने अपने ब्राह्मण नेताओं को इसकी जिम्मेदारी सौंप है जिसे अब मंदिर बनवा कर सपा के नेता पंडितों को पूरी तरह से अपने पाले में लाने की कोशिश की है।

Chitra Singh

Chitra Singh

Next Story