×

UP Elections 2022 Sixth Phase Election Campaign: आज थम जाएगा प्रचार का शोर, योगी-अखिलेश-प्रियंका की धुआंधार रैली, जानें कौन कहां?

up elections 2022 sixth phase election campaign 10 जिलों की 57 सीटों के लिए 3 मार्च को मतदान होंगे। प्रदेश के जिन जिलों में वोटिंग होनी है वो है, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया बलिया, अंबेडकरनगर, बलरामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीर नगर और महाराजगंज।

aman
Written By aman
Published on: 1 March 2022 4:44 AM GMT (Updated on: 1 March 2022 6:28 AM GMT)
up elections 2022 pm modi and akhilesh yadav road show in varanasi
X

up elections 2022 pm modi and akhilesh yadav road show in varanasi 

UP Elections 2022 Sixth Phase Election Campaign : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Election 2022) के छठे चरण के लिए प्रचार का शोर आज थम जाएगा। जैसे-जैसे चुनाव के आखिरी दो चरण के मतदान की तिथियां नजदीक हैं, सभी पार्टियों के बड़े नेताओं ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में आज यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) से लेकर समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) की धुआंधार रैली होनी है। आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) से लेकर जेपी नड्डा (JP Nadda) और राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) तक की रैलियां और जनसभाएं प्रदेश में होगी। हम आपको बताते हैं आज कौन से नेता कहां चुनाव प्रचार करेंगे।

आपको बता दें, कि यूपी विधानसभा चुनाव के छठे चरण 10 जिलों की 57 सीटों के लिए 3 मार्च को मतदान होंगे। प्रदेश के जिन जिलों में वोटिंग होने हैं वो है, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया बलिया, अंबेडकरनगर, बलरामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीर नगर और महाराजगंज। गौरतलब है कि इसी चरण के चुनाव में सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की किस्मत का भी फैसला होगा। सीएम योगी गोरखपुर सदर विधानसभा सीट से प्रत्याशी हैं।

सीएम योगी के आज यहां-यहां होंगी जनसभाएं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आज धुंआधार सात चुनावी रैलियां होंगी। आज सबसे पहली रैली सुबह 10.15 बजे गोरखपुर के पिपराइच विधानसभा में होगी। उसके बाद, महाराजगंज में सुबह 11 बजे पनियरा विधानसभा में फिर सिद्धार्थनगर के कपिलवस्तु विधानसभा में दोपहर 12 बजे, उसके बाद बलरामपुर के तुलसीपुर, गैंसड़ी विधानसभा क्षेत्र में दोपहर 1.10 बजे जनसभा होगी। दोपहर 2 बजे जनसभा बलरामपुर व उतरौला विधानसभा क्षेत्र में होगी। दोपहर 3 बजे सीएम की जनसभा सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र में होगी। आज आखिरी सभा शाम 4.15 बजे गोरखपुर के सहजनवा विधानसभा क्षेत्र में होगी।

इसे पहले, महाशिवरात्रि पर मुख्यमंत्री गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर के शक्ति मंदिर में भगवान भोले शंकर का रुद्राभिषेक किया। करीब डेढ़ घंटे तक मठ के प्रथम तल पर स्थित शक्ति मंदिर में विशेष पूजन अनुष्ठान हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोक समृद्धि, लोक कल्याण, लोक के निरोग और विश्व शांति की कामना की।

अखिलेश यादव आज बलिया-गोरखपुर के चुनावी दौरे

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव आज सबसे पहले दोपहर 12:15 बजे बलिया जिले में ग्राम कटरिया में कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे। उसके बाद दोपहर 1 बजे बलिया जिले में ही पिंडहरा, 18 बिगहा मैदान, बांसडीह में कार्यकर्ता सम्मेलन करेंगे। अखिलेश दोपहर 2 बजे बलिया जिले में जनता इंटर कॉलेज, नगरा में कार्यकर्ता सम्मेलन में मौजूद रहेंगे। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार को दिन में 2:15 बजे खजनी विधानसभा के माल्हनपार में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद 3:30 बजे चौरीचौरा विधानसभा के ब्रह्मपुर ब्लाक के पास जनसभा को संबोधित करेंगे। आज शाम 4:15 बजे सपा सुप्रीमो गोरखपुर जिले में ब्रह्मपुर ब्लॉक के करीब दक्षिण जंगल, रसूलपुर नंबर- 2 में कार्यकर्ता सम्मेलन संबोधित करेंगे।

प्रियंका ने भी झोंकी ताकत

वहीं, आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी छठे चरण के लिए जमकर चुनाव प्रचार करेंगी। आज यूपी में उनकी कई चुनावी जनसभाएं होंगी। प्रियंका की पहली सभा दोपहर 12 बजे माता प्रसाद इंटर कॉलेज, इटवा, सिद्धार्थनगर में होगी। उसके बाद वो सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ में जनसभा करेंगी। दोपहर 2.30 बजे वो जयपुरिया इंटर कॉलेज से दानिडाला चौराहा, फरेंदा, महाराजगंज में डोर टू डोर अभियान से जुड़ेंगी। शाम 4 बजे कांग्रेस महासचिव बस्ती जिले में शास्त्री चौक से दक्षिण दरवाज़ा तक डोर टू डोर अभियान करेंगी।

जेपी नड्डा आज महराजगंज और कुशीनगर में करेंगे जनसभाएं

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा आज महराजगंज और कुशीनगर में जनसभाएं करेंगे। नड्डा की पहली जनसभा आज महराजगंज में दोपहर 1.30 बजे बिठवालिया, निचलौल, सिसवा में होगी। इसके बाद, दोपहर 3.15 बजे लक्ष्मीगंज मैदान, रामकोला, कुशीनगर में जनसभा को संबोधित करेंगे।

राजनाथ आज बलिया और संतकबीरनगर में होंगे

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज बलिया और संतकबीरनगर में जनसभाएं करेंगे। उनकी पहली सभा सुबह 11.45 बजे रामलीला मैदान, नाथ बाबा की मथिया, रसडा़, बलिया में होगी। दोपहर 1.30 बजे राजनाथ सिंह जूनियर हाई स्कूल, खलीलाबाद, संत कबीर नगर में जनसभा को संबोधित करेंगे। जबकि, दोपहर 2. 45 बजे उनकी बभनौली, हैसर बाजार, धनघटा, संत कबीर नगर में जनसभा संबोधित करने का कार्यक्रम है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story