UP News: लोगों की बढ़ेगी क्वॉलिटी ऑफ लाइफ, AK शर्मा बोले, 5 सालों में बनेंगे 1000 अमृत सरोवर

UP News Today: योगी सरकार में मंत्री एके शर्मा ने अधिकारियों व पदाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर नागरिक सुविधाओं को बढ़ाने के लिए न्यूनतम कार्य के आधार पर निर्देश दिए।

Shashwat Mishra
Report Shashwat MishraPublished By Shreya
Published on: 15 April 2022 3:51 PM GMT
UP के लोगों की बढ़ेगी क्वॉलिटी ऑफ लाइफ: AK शर्मा बोले- 5 सालों में बनेंगे 1000 अमृत सरोवर
X

(फोटो- न्यूजट्रैक)

UP News Today: उत्तर प्रदेश के नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन मंत्री एके शर्मा (AK Sharma) ने नगरीय निकायों में सुविधाओं को बढ़ाने और शहरों को सुंदर बनाने के लिए शुक्रवार से 60 दिन विशेष अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों व पदाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर नागरिक सुविधाओं को बढ़ाने के लिए न्यूनतम कार्य के आधार पर निर्देश दिए। साथ ही, नगर की आधारभूत व्यवस्था को भी मजबूत करने पर बल दिया।

60 दिवसीय विशेष अभियान को लेकर हुई वर्चुअल बैठक

स्थानीय निकाय निदेशालय में सभी नगर निकायों के प्रमुखों, नगर आयुक्तों और अधिकारियों के साथ 60 दिवसीय विशेष अभियान को लेकर वर्चुअल बैठक कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री की स्वच्छ भारत की मंशानुरूप एवं मुख्यमंत्री की जनकल्याण की भावनाओं और नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप खरा उतरने के लिए सभी अधिकारी, कर्मचारी एवं पदाधिकारी अपने कार्य संस्कृति में बदलाव लाकर निकायों में सुविधाओं को बढ़ाने और शहरों को सुंदर बनाने के कार्य में अभी से लग जाएं। एके शर्मा ने कहा कि सुबह उठते ही अपने वातावरण एवं घर के आसपास की साफ-सफाई करने की हमारी संस्कृति रही है, जिसे पुनः स्थापित करना है।

सफाई करते मंत्री (फोटो- न्यूजट्रैक)

सुबह 5 से 8 बजे तक होगी साफ-सफाई

नगर विकास मंत्री ने कहा कि नगरों की सुबह 5ः00 से 8ः00 बजे के बीच नियमित रूप से साफ-सफाई होनी चाहिए, जिससे कोई भी नगर पहले की अपेक्षा ज्यादा सा-सुथरा दिखे। इसके अलावा लिगेसी बेस्ट कचरे के ढेर की नियमित रूप से सफाई की जाए। इसके लिए डोर टू डोर कूड़े के कलेक्शन पर विशेष ध्यान दें और इसको मजबूती से लागू भी कराएं। बरसात में पानी का कहीं भराव ना हो, इसके लिए नाली,नालों की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित हो। इसका पानी सड़कों पर न आने पाए, इसके प्रयास हो। साथ ही ज्यादा कमर्शियल, भीड़भाड़ वाली जगहों पर कठोरता के साथ सफाई सुनिश्चित कराई जाए। ऐसी जगहों पर दोपहर बाद भी दोबारा सफाई की व्यवस्था हो यह सुनिश्चित किया जाए।

5 सालों में बनेंगे 1000 अमृत सरोवर

एके शर्मा ने कहा कि किसी भी नगर को अच्छे से श्रेष्ठ की ओर ले जाने के लिए इसके आधारभूत ढांचागत व्यवस्था को मजबूत बनाना होगा। इसके लिए अगले 05 सालों में प्रदेश के विभिन्न शहरों में 1000 अमृत सरोवर बनाए जाएंगे। जो कि प्रधानमंत्री के आजादी के अमृत महोत्सव के ड्रीम प्रोजेक्ट से सम्बधित होंगे। यहां के नागरिकों को एक अच्छा, स्वच्छ वातावरण मिले, यह हमारी जिम्मेदारी ही नहीं बल्कि प्राथमिक कर्तव्य भी है। जिसे हर हाल में पूरा करना होगा और उनके क्वालिटी आफ लाइफ को बढ़ाना होगा।

उन्होंने कहा कि हमारा प्रदेश वैश्विक स्तर पर जनसंख्या की दृष्टि से पांचवें स्थान पर है। इस दृष्टि से दुनिया को आकर्षित करने के लिए प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि नगर के सभी सुपरवाइजर लोगों की सुविधा के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में नाम नंबर दर्शाने वाले नोटिस बोर्ड अवश्य लगाएं।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Shreya

Shreya

Next Story