×

Up Nikay Chunav 2023: जालौन के निकाय चुनाव में इस बार वोट डालेंगे 4890 नए मतदाता, लुभाने में जुटीं राजनीतिक पार्टियां

Up Nikay Chunav 2023: जिले भर में इस बार कुल 397078 मतदाता निकाय चुनाव में सभी सीटों पर अध्यक्ष एवं सभासदों के लिए मत डाल सकेंगे।

Afsar Haq
Published on: 11 April 2023 12:07 PM GMT
Up Nikay Chunav 2023: जालौन के निकाय चुनाव में इस बार वोट डालेंगे 4890 नए मतदाता, लुभाने में जुटीं राजनीतिक पार्टियां
X
UP Nikay Chunav 2023

Up Nikay Chunav 2023: नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना राज्य सरकार ने रविवार की शाम को जारी की थी। लेकिन उसके पहले जिले में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया था। जिस नई मतदाता सूची का प्रकाशन है, उसमें 4890 नए मतदाता जोड़े गए हैं। यानी जिले भर में इस बार कुल 397078 मतदाता निकाय चुनाव में सभी सीटों पर अध्यक्ष एवं सभासदों के लिए मत डाल सकेंगे। अंतिम सूची में प्रकाशन के बाद इसमें साढ़े चार हजार से ज्यादा नए मतदाता और बढ़े हैं।

उरई में मतदाताओं की संख्या में इजाफा

जालौन में नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले जिला प्रशासन ने नगर निकाय की मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। 18 नवंबर को प्रकाशित सूची के अनुसार उरई नगर पालिका चुनाव के लिए 171598 मतदाता सूची में शामिल थे। अब एक जनवरी 2023 को 18 साल पूरी करने वाले मतदाताओं को सूची में जोड़ा गया है। अब नगर निकाय में उरई में 174419 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसी प्रकार पूरे जिले में 4890 नए मतदाता सभी नगर निकाय की मतदाता सूची में जोड़े गए हैं। 18 नवंबर को मतदाता सूची में जिले भर के निकाय के लिए 392188 मतदाता शामिल थे। अब नए मतदाता सूची में जुड़ने से जिले भर के नगर निकाय में इनकी संख्या 397078 हो गई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल यादव ने बताया कि मतदाता का शनिवार को ही प्रकाशन हो गया था। जिसे चस्पा कर दिया गया है।

राजनीतिक दलों की नजर नए वोटरों पर

इस बार 18 साल की उम्र के होकर मतदाता सूची में दर्ज हुए साढ़े चार हजार से ज्यादा नए मतदाताओं पर सियासी दलों की खास नजर है। इसीलिए गली-मोहल्लों में घूम रहे उम्मीदवार युवाओं के मुद्दों को काफी तरजीह देते नजर आ रहे हैं। इसके अलावा युवाओं को रिझाने के लिए सोशल मीडिया, वाट्सएप संदेशों आदि के जरिए भी उम्मीदवार और संभावित प्रत्याशी अपनी प्राथमिकताएं गिनाने में जुटे हुए हैं।

Afsar Haq

Afsar Haq

Next Story