×

UP Panchayat Election: आज तीसरे चरण का मतदान, बूथों पर उमड़ी भीड़

यूपी पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में 20 जिलों की 2.14 लाख से अधिक सीटों पर वोटिंग हो रही है।

Network
Newstrack Network NetworkPublished By Shreya
Published on: 26 April 2021 7:33 AM IST (Updated on: 26 April 2021 7:34 PM IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस महामारी (Corona Virus) के बीच त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव (UP Panchayat Election 2021) जारी है। आज यानी सोमवार को तीसरे चरण का मतदान हो रहा है। इस फेज में 20 जिलों की 2.14 लाख से अधिक सीटों पर वोटिंग होगी। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। इस दौरान तीन करोड़ पांच लाख 71 हजार 613 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

बता दें कि आज तीसरे चरण की वोटिंग में अमेठी, उन्नाव, औरैया, कानपुर देहात, कासगंज, चंदौली, जालौन, देवरिया, पीलीभीत, फतेहपुर, फिरोजाबाद, बलरामपुर, बलिया, बाराबंकी, मेरठ, मुरादाबाद, मिर्जापुर, शामली, सिद्धार्थनगर तथा हमीरपुर में वोट डाले जा रहे हैं। इससे पहले 15 अप्रैल, 19 अप्रैल को पहले और दूसरे चरण की वोटिंग हुई थी।

Live Updates

  • 26 April 2021 9:22 AM IST

    अमेठी में कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन

    अमेठी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कोविड प्रोटोकॉल का हुआ उल्लंघन। सभी ग्रामीण क्षेत्रों के मतदान केंद्र पर बिना सोशल डिस्टेंसिंग के मतदान हो रहा है। नियमों का पालन कराने के लिए मतदानकर्मी और पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए हैं।

  • 26 April 2021 8:33 AM IST

    मतदान से पहले ही अव्यवस्थाएं

    बलरामपुर में कई मतदान केंद्रों पर मतदान से पहले ही अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं। मतदान कर्मियों के लिए कोई व्यवस्था ना होने से अफरा तफरी का माहौल रहा। साथ ही मतदान कर्मियों में जानकारी का अभाव दिखा जिसके कारण मतदान बहुत धीमे शुरू हुआ है। पुलिस की मुस्तैदी से यहां मतदान शुरू कराया गया। हालांकि यहां पर सुबह से ही वोटिंग के लिए भारी भीड़ नजर आ रही है।

  • 26 April 2021 8:07 AM IST

    मेरठ: पंचायत चुनाव के लिए मेरठ में वोटिंग शुरू हो चुकी है। यहां 231 संवेदनशील 310 अति संवेदनशील 92 अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्र हैं। मौके पर 35 जोनल मजिस्ट्रेट व 148 सैक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। 

  • 26 April 2021 7:50 AM IST

    सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम 

    वहीं, तीसरे चरण में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। किसी प्रकार की अनहोनी न हो इसलिए पुलिस ने अपनी कमर कस ली है। आज 20 जिलों में 20727 मतदान केंद्रों पर वोटिंग होगी, इसके लिए 55 कंपनी पीएसी और 10 कंपनी अर्ध सैनिक बल की तैनाती की गई है।

    एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि इस चरण में चुनाव के लिए पीएसी और अर्ध सैनिक बलों के अलावा 509 निरीक्षक, 7600 उप निरीक्षक, 15736 मुख्य आरक्षी और 56251 सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त 66444 होमगार्ड, 2473 पीआरडी जवान, 6282 रिक्रूट आरक्षियों को भी शांति पूर्ण चुनाव संपन्न कराने की जिम्मेदारी दी गई है।

  • 26 April 2021 7:47 AM IST

    1,34,510 उम्मीदवार चुनाव मैदान में 

    राज्य निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार, इस चरण में जिला पंचायत सदस्य की 746 सीटों के लिए 10,627 उम्मीदवार, क्षेत्र पंचायत सदस्य की 18,530 सीटों के लिए 89,188 उम्मीदवार, ग्राम प्रधान की 14,379 सीटों के लिए 1,17,789 उम्मीदवार तथा ग्राम पंचायत वार्ड की 1,80,473 सीटों के लिए 1,34,510 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। 

  • 26 April 2021 7:47 AM IST

    तीसरे चरण का मतदान में 20 जिलों की करीब 2.14 लाख सीटों पर 3.52 लाख से अधिक उम्मीदवारों की तकदीर का फैसला होगा। इस चरण में मतदान के लिए 49,789 मतदान स्थल बनाए गए हैं।

  • 26 April 2021 7:37 AM IST

    औरैया: जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव मतदान शुरू हो गया है। यहां पर मतदान केंद्र से 200 मीटर दूरी पर रोक लगा दी गई है।

  • 26 April 2021 7:36 AM IST

    बाराबंकी जिले में भी तीसरे चरण के तहत वोटिंग शुरू हो गई है। यहां चुनाव मैदान में कुल 21 हजार 363 प्रत्याशी आमने सामने हैं। 

  • 26 April 2021 7:35 AM IST

    शामली में पंचायत चुनाव को लेकर मतदान शुरू हो गए हैं। सुबह सुबह ही बड़ी तादाद लोग वोट करने के लिए बूथ स्थल पर पहुंच रहे हैं।



Shreya

Shreya

Next Story