UP Politics: VIP पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष 'सन ऑफ मल्लाह' मुकेश सहनी पहुंचे UP, प्रदेश कार्यालय का किया उद्घाटन

UP Politics: आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर मुकेश सहनी ने अपनी पार्टी को उत्तर प्रदेश में स्थापित किया है।

Shashwat Mishra
Written By Shashwat MishraPublished By Dharmendra Singh
Published on: 2 July 2021 3:49 PM GMT (Updated on: 2 July 2021 3:50 PM GMT)
Mukesh Sahani in Lucknow
X

लखनऊ में पार्टी कार्यालय के उट्घाटन के मौके पर मुकेश सहनी (फोटो: आशुतोष त्रिपाठी)

UP Politics: शुक्रवार को शहर के गोमती नगर स्थित विपुल खंड में 'विकासशील इंसान पार्टी' (VIP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग मंत्री (बिहार सरकार) 'सन ऑफ मल्लाह' मुकेश सहनी (Mukesh Sahni) ने अपनी पार्टी 'विकासशील इंसान पार्टी' के प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन किया। आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर मुकेश सहनी ने अपनी पार्टी को उत्तर प्रदेश में स्थापित किया है।



'सन ऑफ मल्लाह' मुकेश सहनी का हुआ ऐतिहासिक स्वागत

विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, 'सन ऑफ मल्लाह' मुकेश सहनी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की जनता की मांग पर पार्टी विस्तार के लिए गोमतीनगर में अवस्थित विपुलखण्ड में प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में उनकी पार्टी के नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने प्रदेश कार्यालय के शुभारंभ के मौके पर यूपी में पार्टी को मजबूत करने का संकल्प भी मुकेश सहनी के समक्ष लिया।


लाल रंग के बैनर और पोस्टर से रंगा मिला पूरा शहर
बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री मुकेश सहनी दोपहर 01:30 बजे लखनऊ हवाई अड्डा पहुंचे, जहां विकासशील इंसान पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। उनकी अगवानी करने हजारों की संख्या में गाड़ियों का काफिला पहुंचा। शुक्रवार को लालरंग के बैनर और पोस्टर से पूरा शहर रंगा हुआ मिला। इस गर्मजोशी से स्वागत के लिए मुकेश सहनी ने अपने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि 'हमें इसी मजबूती से यूपी में अपने समाज को मजबूत करना है। अगर हम मजबूत होते हैं, तो हमारा समाज आगे बढ़ेगा।'


पूरे दिन ट्विटर पर ट्रेंड किया 'सन ऑफ मल्लाह इन यूपी'
'सन ऑफ मल्लाह' मुकेश सहनी की अगुवानी करने आए कार्यकर्ताओं ने 'आरक्षण नहीं तो गठबन्धन नहीं', 'निषादों ने ललकारा है बिहार ही नहीं उत्तर प्रदेश में भी सरकार बनाना है' नारों से पूरा लखनऊ शहर गुंजायमान कर दिया। यही नहीं शुक्रवार को पूरे दिन ट्विटर पर भी 'सन ऑफ मल्लाह इन यूपी' ट्रेंड करता रहा।


शनिवार को करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री मुकेश सहनी शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। जिसमें वह अपनी पार्टी के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2022 के एजेंडे के बारे में बात कर सकते हैं। प्रदेश में विकासशील इंसान पार्टी की लॉन्चिंग से समाज में काफी उत्साह है। इस अवसर पर विकासशील इंसान पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष चौधरी लौटन राम निषाद, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजाराम बिन्दु, राष्ट्रीय सचिव व सह संसदीय बोर्ड सदस्य कमलेश केवट, राष्ट्रीय महासचिव, रमेश केवट, राष्ट्रीय अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ, संतोष सहनी इत्यादि लोग उपस्थित थे।


Dharmendra Singh

Dharmendra Singh

Next Story