×

UP Politics: महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, प्रदेश भर में पार्टी कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन

महंगाई और डीजल-पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस अब केंद्र सरकार के खिलाफ सड़क पर उतर आयी है।

Network
Newstrack NetworkPublished By Ashiki
Published on: 12 July 2021 9:42 AM GMT (Updated on: 12 July 2021 6:16 PM GMT)
Congress
X

 महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

लखनऊ: देश में महंगाई और डीजल-पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस (Congress) अब केंद्र सरकार के खिलाफ सड़क पर उतर आयी है। महंगाई (Inflation) के खिलाफ उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) तमाम शहरों और जिलों में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इस दौरान कांग्रेस कहीं ताली थाली पीट कर तो कहीं भैंसा बुग्गी ले कर विरोध कर रही है।

मेरठ में कांग्रेसियों ने ठेले पर मोटरसाइकिल रखकर किया प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश के मेरठ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कमिश्नरी पार्क पर एकत्र होकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में शामिल ज़िला व महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता कमिश्नरी पार्क से ठेले में मोटरसाइकिल रखकर हापुड़ रोड स्थित इंदिरा चौक पहुंचे यहां उन्होंने पूर्व प्रधान मंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रदर्शन का समापन किया।

कांग्रेस के फ्रंटल संगठनों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाई। इस अवसर पर महानगर प्रवक्ता अखिल कौशिक, योगी जाटव, अनिल शर्मा, महेन्द्र शर्मा, प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा, रोबिन नाथ गोलू, शोएब साबरी, नफीस सैफ़ी, रोहित राणा, महिला मेरठ कांग्रेस अध्यक्ष उषा चिन्योट, मतीन रज़ी, सुरेंदर फौजी, कमल जाटव, अरुण कुमार एडवोकेट, सेवादल ज़िला नीतीश भारद्वाज, सेवादल महानगर अध्यक्ष विनोद सोनकर, ओबीसी ज़िला अध्यक्ष अनिल प्रमुख, हर्ष ढाका, आशाराम, रविंदर सिंह, तेजपाल डाबक़ा, किरण बाला, रीना शर्मा आदि रहे।

बिजनौर में पेट्रोल और डीजल को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

बिजनौर में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भैंसा बुग्गी पर बैठकर अनोखा प्रदर्शन किया है। इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने अपने कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक भैंसा बुग्गी पर बैठकर पहुंचे। इस प्रदर्शन को लेकर कांग्रेसियों का कहना है कि लगातार बढ़ रहे पेट्रोल के दाम से अब लोगों का जीना मुहाल हो गया।

पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों को लेकर आज कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय पर भैसा बुग्गी में बैठकर एक अनोखा प्रदर्शन किया है। इस प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस के कार्यकर्ता भैंसा बुग्गी पर बैठकर कांग्रेस कार्यालय से बिजनौर कलेक्ट्रेट ऑफिस पहुंचे। भैंसा बुग्गी पर बैठे कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शेरबाज पठान ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा लगातार डीजल और पेट्रोल के दाम पर वृद्धि की जा रही है। इस वृद्धि को लेकर आम जनता काफी परेशान है। लगातार बढ़ रहे पेट्रोल और डीजल के दामों से किसानों का भी जीना मुहाल हो गया है। उधर बढ़ रहे इन दामो को लेकर खाने से पीने तक के सभी सामानों कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। किसान खेती के लिए डीजल का इस्तेमाल करके फसलों को पानी देकर अपना घर चला रहे थे। आज इस महंगे डीजल के चलते किसान अपनी फसलों को पानी तक नहीं दे पा रहा है। अगर जल्द ही केंद्र सरकार द्वारा डीजल और पेट्रोल के दाम में कटौती नहीं की गई तो कांग्रेस द्वारा सड़कों पर उतर का प्रदर्शन किया जाएगा।

मीरजापुर में कांग्रेसियों ने किया हंगामा

प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के आह्वान पर बढ़ती महंगाई के मद्देनजर कांग्रेस के पदाधिकारियों ने जिला अध्यक्ष शिव कुमार सिंह के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन के कार्यक्रम का आयोजन था, जिसमें डीजल और पेट्रोल की वृद्धि को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओ ने ठेले पर मोटरसाइकिल लादकर, गैस सिलेंडर सिर पर रखकर विरोध जताया। इस मौके पर किसान कांग्रेस के अध्यक्ष रवि दुबे ने कहा कि राज्य सरकार को मिलने वाले टैक्स में कमी करके सबको राहत दे सकती है लेकिन सरकार ऐसा नहीं करना चाहती। उन्होंने कहाकि रसोई गैस के दामों में हुई वृद्धि पर सरकार एक शब्द नहीं बोल रही है।

उन्होंने कहा कि बिजली के मूल्य उत्तर प्रदेश में देश के अन्य प्रदेशों की अपेक्षा मूल्य अधिक है। कोरोना कॉल में मध्यमवर्गीय परिवारों की आर्थिक व्यवस्था जर्जर हो गई है। वर्तमान सत्र के छात्रों को स्कूल जाना नसीब नहीं हो रहा है, स्कूलों में फीस वसूली जा रही है जिससे अभिभावकों को परेशानी के शिवाय कुछ नही मिल रहा है।

इस मौके पर राजेश पटेल ,छोटे खान, अर्चना चौबे, कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष राजन पाठक, शिव शंकर चौबे, आदि सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बांदा में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

बांदा पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ने के विरोध में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज जिलाधिकारी कार्यालय के सामने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष जी दुबे लालू ने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर खाद्य पदार्थ हॉस्पिटल की कीमतों में बढ़ोतरी होने के विरोध में 5 किलोमीटर की पदयात्रा कर कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा है कार्यक्रम में शामिल है। शहर अध्यक्ष संजय गुप्ता संतोष कुमार द्विवेदी शोएब रिजवी रामहित निषाद महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सीमा खान रहे।

पीलीभीत जनपद में प्रदर्शन

पीलीभीत में कांग्रेस पार्टी के शहर अध्यक्ष अभिनव गुप्ता व जिलाध्यक्ष हरप्रीत चब्बा की अगुबाई में शहर भर की सड़कों पर उतर कर सैकड़ो कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन बैल गाड़ी पर बैठ कर किया गया।

बुलंदशहर में बैलगाड़ी पर सवार होकर रैली

बुलंदशहर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्योपाल सिंह के नेतृत्व में एकत्र कार्यकर्ताओ ने भैंसा व बैल बुग्गी रैली निकाली। बाकायदा कांग्रेसी कार्यकर्ताओ ने हाथों में तिरंगे, सोनिया व राहुल गांधी के झंडे और महंगाई विरोधी तख्तियां लेकर रैली निकाली। रैली में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा सरकार पर पेट्रोल की बढ़ती कीमतों, बढ़ती महंगाई, बढ़ते अपराधों, बढ़ती बेरोजगारी आदि पर अंकुश लगाने में नाकाम रहने का आरोप लगा रहे थे। साथ ही चंदा चोर जैसे नारे भी लगा रहे थे। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने शहर की सड़कों पर रैली निकाल सरकार विरोधी जमकर प्रदर्शन किया और भैंस के आगे बीन बजाई, मिट्टी का चूल्हा भी जलाकर घरेलू गैस की बढ़ती कीमतों का विरोध भी जताया। प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

महंगाई के विरुद्ध कांग्रेस की पदयात्रा को प्रशासन ने रोका

सीतापुर में जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय पर कांग्रेस के अनुसांगिक संगठनों के मुखिया अपने पदाधिकारियों के साथ महंगाई के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन के लिए एकत्रित होकर पदयात्रा प्रारंभ करने ही वाले थे तभी कांग्रेस कार्यालय पर भारी संख्या में पुलिस बल के साथ एसडीएम सीओ कोतवाल पहुंच गए। प्रशासन ने कांग्रेसजनों को वहीं पर रोक लिया तथा नजर बंद कर दिया।

वहीं जिला अध्यक्ष उत्कर्ष अवस्थी ने कहा कि किसान पंद्रह किलो गेहूं बेचकर एक किलो सरसों का तेल खरीद रहा है और प्रशासन कहता है कि संघर्ष मत करो। इस दमनकारी सरकार के विरुद्ध कांग्रेस मजबूती के साथ लड़ेगी। पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष धीरेश कश्यप ने अपने उद्बोधन में कहा कि आम जनता की लड़ाई कांग्रेस पार्टी लड़ती रहेगी। पंचायतीराज संगठन के जिला अध्यक्ष संजय कुमार सनी ने कहा महंगाई के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने जो बीड़ा उठाया है वह संघर्ष जारी रहेगा।

रायबरेली में कार्यकर्ताओं ने निकाला पैदल मार्च

कांग्रेसियों ने रायबरेली में सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इसी कड़ी में रायबरेली के कलेक्ट्रेट परिसर में सैकड़ो की संख्या में पैदल व तांगों से पहुचे कांग्रेसियो ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री मोदी से इस्तीफे की मांग की

जिले के कांग्रेस कार्यालय के तिलक भवन से सैकड़ो की संख्या में कांग्रेस जिलाध्यक्ष की अगुआई में पदाधिकारी व कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए सड़कों पर निकले। महिला कार्यकर्ता तांगे पर सिलेंडर समेत दिखी। वहीं कई कांग्रेसियो के हाथ मे बढ़ती महंगाई को लेकर तख्तियां भी दिखी। कई किलोमीटर पैदल मार्च व नारेबाज़ी करते हुए ये कांग्रेसी कलेक्ट्रेट परिसर में बने जिलाधिकारी कार्यलय के बाहर पहुचे और जुलूस छोटी सी सभा मे बदल गया। पहले तो वंहा जोश से लबरेज कार्यकर्ताओ ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की फिर जिलाध्यक्ष व पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी से इस्तीफे की मांग की।

हाथरस में महंगाई के विरोध में कांग्रेसियों ने निकाला जुलूस

हाथरस में कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई के विरोध में जलूस निकाला। जुलूस में जहां बैल ठेलों के साथ दर्जनों कांग्रेसी निकले। वहीं कुछ ने अर्ध नग्न होकर इस जुलूस प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आव्हान पर सोमवार को पेट्रोल, डीजल ,रसोई गैस ,खाद्य सामग्री आदि के मूल्य में बेतहाशा बढ़ोतरी एवं महंगाई के विरोध में जिला कांग्रेस कार्यालय परसट्टा बाजार से फ्रंटल प्रकोष्ठ एवं विभाग के प्रदेश पदाधिकारी एवं अध्यक्षों के नेतृत्व में विशाल जुलूस प्रदर्शन निकाला गया।यह जुलूस शहर के विभिन्न भागों से होकर गुजरा। कांग्रेसी बेल ठेली पर बैठकर हाथों में तख्ती लिए झंडे लिए नारे लगाते हुए निकले।

बस्ती में सरकार के खिलाफ नए अंदाज में प्रदर्शन किया

बस्ती में कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ नए अंदाज में प्रदर्शन किया। बैलगाड़ी पर सवार ठेले पर स्कूटी लादे कांग्रेस नेता हाथों में घरेलू सिलेंडर लिये सरकार विरोधी नारे लगा रहे थे। कांग्रेस नेताओं का लक्ष्य जिलाधिकारी कार्यालय तक जाने का था, लेकिन प्रशासन ने उन्हें शास्त्री चौक पर ही रोक दिया।

कांग्रेस अध्यक्ष अंकुर वर्मा ने कहा कि पिछले दो माह में केन्द्र और राज्य की सरकार ने 29 बार पेट्रो की कीमतों में वृद्धि किया, 150 से अधिक शहरों में पेट्रोल 100 रूपये के पार पहुंच गया है। मंहगाई लगातार बढ रही है, ऐसे में केन्द्र की सरकार मूल्य वृद्धि वापस ले।

फतेहपुर मोदी विरोधी नारे के साथ प्रदर्शन

पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ जिला मुख्यालय में तांगा रिक्शा चलाकर 5 किलोमीटर यात्रा कर कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जमकर नारेबाजी व प्रदर्शन किया। वहीं प्रदर्शन को लेकर जिला प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया था। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अखिलेश पांडेय की अगुवाई में इस यात्रा में लगातार "डीजल पेट्रोल के दाम कम करो", "महंगाई डायन खाए जात है", "मोदी योगी गद्दी छोड़ो" के नारे कांग्रेस जन लगा रहे थे।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बाद भी कांग्रेसियों ने यात्रा निकाली। जिला अध्यक्ष अखिलेश पाण्डेय ने कहा कि डीजल पेट्रोल के दाम बढ़ाकर सरकार पूंजीपतियों के जेब भर रही है जबकि आम आदमी को अपनी गृहस्थी चलाना भी बहुत मुश्किल पड़ रहा है। कांग्रेस सरकार के इस मनमानी पूर्ण रवैये के खिलाफ सड़कों पर है। जल्द ही आम जनमानस सरकार को सबक सिखायेगा।

चंदौली में ठेले पर बाइक को लाद कर निकाला जुलूस

चंदौली में जिला मुख्यालय पर कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में महंगाई को लेकर अनोखा प्रदर्शन किया गया। बढ़ रहे पेट्रोल डीजल के दाम को लेकर ठेले पर बाइक को लाद कर निकाला जुलूस।

जिला मुख्यालय पर कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में बढ़ रही महंगाई को लेकर कांग्रेसियों ने ठेला पर मोटरसाइकिल लादकर जुलूस निकलते हुए विरोध प्रदर्शन किया। जिसमें यह दिखाया गया है कि यही भाजपा सरकार कांग्रेस के जमाने में तेल वृद्धि को लेकर रोना रो रही थी। जबकि उस समय अंतरराष्ट्रीय मार्केट में तेल की वृद्धि होने के बाद भी प्रदेश में 100 के करीब तेल नहीं था और दाम कम होने के बाद भी तेल के दामों में बेतहाशा बृद्धि किया जा रहा है।

महंगाई को लेकर चूड़ी और बैलगाड़ी से किया कांग्रेसियो ने प्रदर्शन


बरेली में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आहवाहन पर जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव माननीय प्रियंका गांधी एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के निर्देश पर पेट्रोल, डीज़ल की लगातार बढ़ रही क़ीमतों सौ रुपए के पार होने पर और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार की विफलताओं को लेकर लगातार बढ़ रहे पैट्रोल के दाम ना पूछो , स्कूल ना पूछो , अस्पताल ना पूछो , आक्सीजन ना पूछो , नौकरी ना पूछो , बढ़ रही मंहगाई ना पूछो , महिलाओं पर हो रहे अत्याचार ना पूछो , गिरती हुई अर्थव्यवस्था ना पूछो , बहती हुई लाशों के बारे में ना पूछो, शराब माफियाओं के बारे में ना पूछो , बस मोदी जी और योगी जी के गुण गान करो आदि को लेकर कांग्रेस जनों ने जबर्दस्त नारे बाजी के साथ धरना प्रदर्शन किया ।

Ashiki

Ashiki

Next Story