UP Politics: अखिलेश यादव ने सपा कार्यालय पर फहराया तिरंगा, कहा, इस सरकार में नौजवान दुखी, व्यापारी परेशान

UP Politics: उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने हम लोगों को जो संविधान दिया है और डॉ. राममनोहर लोहिया तथा जयप्रकाश नारायण ने जो सिद्धांत और विचार दिये हैं उन पर चलकर देश में खुशहाली लायी जा सकती है।

Anant kumar shukla
Published on: 26 Jan 2023 1:18 PM GMT
Akhilesh Yadav hoisted Tiranga
X

Akhilesh Yadav hoisted Tiranga

UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में आज गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रध्वज फहराकर सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस सरकार में आज भी किसान, नौजवान दुखी है। व्यापारी परेशान है। व्यापारियों को कारोबार में जो मदद मिलनी चाहिए वह नहीं मिल रही है। हमारा देश कई मानकों में दुनिया के तमाम देशों से पीछे है। भाजपा सरकार पूरा बाजार दूसरों के हवाले कर रही है। एक उद्योगपति को सरकारी लोन देकर कहां से कहां पहुंचा दिया गया है। जब उसकी रिपोर्ट आयी है, तो उससे पता चल रहा है कि उसका मामला कितना खोखला है।

उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने हम लोगों को जो संविधान दिया है और डॉ. राममनोहर लोहिया तथा जयप्रकाश नारायण ने जो सिद्धांत और विचार दिये हैं उन पर चलकर देश में खुशहाली लायी जा सकती है। कर्पूरी ठाकुर, नेताजी मुलायम सिंह यादव सहित अन्य समाजवादी नेताओं ने संघर्ष का जो रास्ता दिखाया है, समाजवादी लोग उसी रास्ते पर चलेंगे।

इन्वेस्टर मीट के नाम पर झूठ फैला रही सरकार

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा इन्वेस्टमेंट के नाम पर झूठ फैला रही है। कोई निवेश दिखाई नहीं दे रहा है। जब दुनियां में निवेश नहीं मिला तो अब जिलों-जिलों में निवेशक सम्मेलन करते हुए घूम रहे हैं। अब जिलाधिकारी भी लगे है कि जिले के कारोबारियों और व्यापारियों को बुलाकर इनसे इंवेस्टमेंट की व्यवस्था कराई जाए। भाजपा सरकार ने समाजवादी सरकार के दौरान हुए विकासकार्यो को धुंए में उड़ा दिया। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे बर्बाद कर दिया। मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बर्बाद कर दिये। गोमती रिवरफ्रंट को बर्बाद कर दिया। डायल 100 सेवा को बर्बाद कर दिया। छुट्टा जानवर किसानों के खेत बर्बाद कर रहे हैं।

लोगों को गुमराह कर रही भाजपा

समाजवादी सरकार के दौरान लखनऊ, कानपुर और वाराणसी में 5-5 लाख लीटर मिल्क का अमूल का प्लांट लगा। लखनऊ में अमूल के प्लांट के साथ उसी रोड पर पराग का भी प्लांट लगवाया गया था। इसी तरह से कन्नौज में गाय के दूध के लिए काऊ मिल्क प्लांट लगवाया था लेकिन भाजपा सरकार ने गाय के दूध उत्पादन करने वाले किसानों को पैसा नहीं दिया। उत्तर प्रदेश का पहला पराग का काऊ प्लांट भाजपा सरकार ने बंद कर दिया है। भाजपा वाले अब कन्नौज में बियर की फैक्ट्री लगा रहे है। इसी तरह से कन्नौज की पहचान इत्र के कारोबार से है। वहां पर देश का सबसे ज्यादा इत्र का कारोबार होता है। भाजपा कन्नौज के साथ खिलवाड़ कर रही है। हम कन्नौज में दुनिया का सबसे बड़ा परफ्यूम पार्क बना रहे थे और परफ्यूम निकालने और कारोबार के लिए उद्योग लगा रहे थे।

प्रदेश को सीर्फ समाजवादी लोग ही आगे ले जा सकते हैं

उन्होने कहा कि भाजपा सरकार से विकास की उम्मीद नहीं की जा सकती है। समाजवादी सरकार ने प्रदेश का विकास किया है। प्रदेश को सिर्फ समाजवादी विचारधारा और समाजवादी लोग ही आगे ले जा सकते हैं। आने वाले समय में भाजपा से मुकाबला करना है। देश को आजादी लम्बे संघर्ष और हजारों नौजवानों के त्याग, बलिदान से मिली है। हमें इस आजादी, और लोकतंत्र तथा संविधान को बचाने का संकल्प लेना है। उन्होंने कहा देश में कुछ नकारात्मक सोच और समाज को बांटने वाले लोग देश को पीछे ले जाना चाहते हैं।

झंडारोहण में ये मौजूद रहे

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के किरनमय नंदा, प्रो. रामगोपाल यादव, राजेन्द्र चौधरी, एमएलसी जासमीर अंसारी, डॉ. राजपाल कश्यप, मीरा वर्धन, आर.के. चौधरी, विशेष रूप से उपस्थित थे। गणतंत्र दिवस पर प्रदेश के सभी जनपदों में पार्टी कार्यालयों में झण्डारोहण हुआ।

Anant kumar shukla

Anant kumar shukla

Content Writer

अनंत कुमार शुक्ल - मूल रूप से जौनपुर से हूं। लेकिन विगत 20 सालों से लखनऊ में रह रहा हूं। BBAU से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन (MJMC) की पढ़ाई। UNI (यूनिवार्ता) से शुरू हुआ सफर शुरू हुआ। राजनीति, शिक्षा, हेल्थ व समसामयिक घटनाओं से संबंधित ख़बरों में बेहद रुचि। लखनऊ में न्यूज़ एजेंसी, टीवी और पोर्टल में रिपोर्टिंग और डेस्क अनुभव है। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काम किया। रिपोर्टिंग और नई चीजों को जानना और उजागर करने का शौक।

Next Story