×

UP Politics: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का योगी सरकार पर बड़ा हमला, कहा भ्रष्टाचार चरम पर

Akhilesh Yadav Statement Today: उन्होने कहा कि अरबों के निवेश का दावा करने वाली उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ‘काऊ मिल्क प्लांट‘ का बजट तक नहीं दे पा रही है।

Anant kumar shukla
Published on: 19 Jan 2023 12:57 PM GMT
Samajwadi Party President Akhilesh Yadav attack on Yogi government
X

Samajwadi Party President Akhilesh Yadav attack on Yogi government (Social Media)

Akhilesh Yadav Statement Today: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि छह साल से भाजपा सरकार में छुपाई गई भ्रष्टाचार की परतें एक-एक कर खुलने लगी है। जनता भाजपा से त्रस्त है। भाजपा सोचती है, कि हर समस्या का समाधान विज्ञापन होर्डिंग और बोर्ड लगाने से हो जाता है, पर ऐसा नहीं है। सच्चाई कभी छुपती नहीं है।

काऊ मिल्क का बजट नहीं दे पा रही सरकार

उन्होने कहा कि अरबों के निवेश का दावा करने वाली उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार 'काऊ मिल्क प्लांट' का बजट तक नहीं दे पा रही है। जिससे डेयरी संचालक और पशुपालकों का लाखों का भुगतान अटका है। ऐसे में कौन 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' के दावों को सच मानेगा। सरकार अपना लगाया प्लांट ही नहीं चला पा रही है तो दूसरों को क्या कहे।

पशुबाड़े के नाम पर भ्रष्टाचार

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार पशुओं के नाम पर भी भ्रष्टाचार से बाज नहीं आ रही है। सीतापुर में प्रशासन ने 26 पशुबाडे़ बनाकर 46 दिखा दिए, 21 सिर्फ कागज पर ही बने हैं। सीतापुर जनपद के कसमंडा के बरेठी ग्राम पंचायत में पशु बाड़े में भूसा भर दिया गया है।

सड़कों को गड्ढामुक्त करने में हुई घोटाला

उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ा घोटाला तो सड़कों पर गड्ढे भरने के मामले में हुआ है। प्रतापगढ़ में डेढ़ करोड़ की लागत से बन रही सड़क पर झाडू लगाते ही गिट्टियां उखड़ने लगी है। कोडरा-भादूपुर से बहुचरा मार्ग बनते ही उखड़ने के साथ ही इस मार्ग पर बने पुल की दीवारों में भी दरारें उभर आई है। सड़कों के गड्ढ़ों में मिट्टी भरकर बस औपचारिकता पूरी कर ली जाती है। पूरे प्रदेश में यही हाल है।

कन्नौज में इत्र पार्क का कार्य अभीतक पूरा नहीं हुआ

अखिलेश यादव ने कहा कि कन्नौज में इत्र पार्क बनाने का समाजवादी सरकार के समय प्रस्ताव था। भाजपा सरकार के 6 साल में भी यह क्यों नहीं शुरू हो पाया। कन्नौज में अब गोबर पार्क बनाने की भाजपाई साजिश हो रही है। इत्र पार्क को समाजवादी सरकार में 257 करोड़ की लागत से 100 एकड़ क्षेत्रफल में बनाने की योजना बनी थी। अब इसे 50 एकड़ क्षेत्रफल में 100 करोड़ की लागत से ही बनाना तय किया गया है।

मंहगाई बेरोजगारी की मार से लोग परेशान

सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जनता जान गई है, कि भाजपा के रहते उसकी दशा सुधरने वाली नहीं है। मंहगाई, बेरोजगारी की मार से लोग परेशान हैं। भाजपा को सिर्फ सजावट करना और बड़े-बड़े विज्ञापन होर्डिंग से प्रचार के जरिए धोखे की राजनीति करना ही आता है।

Anant kumar shukla

Anant kumar shukla

Content Writer

अनंत कुमार शुक्ल - मूल रूप से जौनपुर से हूं। लेकिन विगत 20 सालों से लखनऊ में रह रहा हूं। BBAU से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन (MJMC) की पढ़ाई। UNI (यूनिवार्ता) से शुरू हुआ सफर शुरू हुआ। राजनीति, शिक्षा, हेल्थ व समसामयिक घटनाओं से संबंधित ख़बरों में बेहद रुचि। लखनऊ में न्यूज़ एजेंसी, टीवी और पोर्टल में रिपोर्टिंग और डेस्क अनुभव है। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काम किया। रिपोर्टिंग और नई चीजों को जानना और उजागर करने का शौक।

Next Story