×

UP News: समाजवादी व्यापार सभा लामबंद, सरकार को सबक सिखाने का लिया संकल्प

UP: व्यापार सभा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष संजय गर्ग और निवर्तमान प्रदेश महासचिव अभिमन्यु गुप्ता ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों को व्यापारियों की दुर्दशा का कारण बताया।

Anant kumar shukla
Published on: 2 Jan 2023 12:48 PM GMT (Updated on: 2 Jan 2023 12:54 PM GMT)
UP Samajwadi Vyapar Sabha mobilized resolved to teach a lesson to the government
X

UP Samajwadi Vyapar Sabha mobilized resolved to teach a lesson to the government

UP: समाजवादी व्यापार सभा से जुड़े व्यापारियों में भाजपा सरकार के प्रति भारी रोश है। व्यापारियों ने आने वाले निकाय चुनाव और लोकसभा चुनावों में भाजपा को सबक सिखाने का संकल्प लिया है। व्यापारी चौपालों का आयोजन करके भाजपा के विरूद्ध प्रचार करेंगे। जीएसटी को लेकर सरकार द्वारा लगातार की जा रही छापेमारी से परेशान व्यापारियों ने सरकार के प्रति काफी नाराजगी है। उनका कहना है, कि सरकार जीएसटी के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न कर रही है।

जीएसटी के नाम पर उत्पीड़न कर रही सरकार

व्यापार सभा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष संजय गर्ग और निवर्तमान प्रदेश महासचिव अभिमन्यु गुप्ता ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों को व्यापारियों की दुर्दशा का कारण बताया। जीएसटी के नाम पर उत्पीड़न, बढ़ते अपराध, छापेमारी, इंस्पेक्टर राज, पुलिस बर्बरता, झूठे मुकदमे, लूट, हत्या, मंहगाई के कारण व्यापारी समाज बेहद तनाव में है। समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रही। भाजपा की सरकार व्यापारियों के उत्पीड़न के रिकॉर्ड कायम कर रही है। यूपी के व्यापारियों का कहना है कि यूपी में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की जगह ईज ऑफ डूइंग व्यापारी उत्पीड़न का माहौल है। संजय गर्ग व अभिमन्यु गुप्ता ने सरकार से तत्काल व्यापारियों को राहत देने और व्यापारियों का उत्पीड़न बंद करने की मांग की।


पूर्व विधायक संजय गर्ग ने कहा कि भाजपा के राज में व्यापारी समाज केवल परेशान है। व्यापारी घोर निराशा में है। व्यापारी समाज आक्रोशित है। क्योंकि विसंगतिपूर्ण और जटिल जीएसटी से पहले से ही परेशान व्यापारियों पर साल के अंत में सुनियोजित छापेमारी करके उनका मनोबल तोड़ा गया जिससे व्यापार बुरी तरह से प्रभावित हुआ। व्यापारियों की जीएसटी के दरों को कम करने की मांग को लगातार अनदेखी की गई है।

व्यापारियों के प्रति बढ़ रहे अपराध

निवर्तमान प्रदेश महासचिव अभिमन्यु गुप्ता ने कहा कि अनाज और खाद्य पदार्थों पर जीएसटी लगाकर व्यापारियों को बड़ी चोट पहुंचाई गई है। व्यापारियों के प्रति लगातार अपराध बढ़ रहे हैं। पुलिस पूछताछ में कानपुर के व्यापारी बलवंत सिंह की हत्या से व्यापारी समाज में आक्रोश है।

व्यापारियों ने की ये मांग

संजय गर्ग और अभिमन्यु गुप्ता ने बताया कि चौपालों में मांग की गई कि व्यापारियों पर छापेमारी पूरी तरह से बंद हो। पेट्रोल डीजल को जीएसटी में लाया जाए। हर पंजीकृत व्यापारी को मेडिक्लेम की सुविधा दी जाए। ऑनलाइन व्यापार पर 20 प्रतिशत अतिरिक्त टैक्स लगाया जाए। व्यापारियों के पुलिस और विभागीय उत्पीड़न को बंद किया जाए। पुलिस पूछताछ में मारे गए व्यापारी बलवंत सिंह के परिवार को 1 करोड़ मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग की गई।

सहारनपुर में संजय गर्ग, कानपुर में अभिमन्यु गुप्ता, वाराणसी में प्रदीप जायसवाल, झांसी में अजय सूद, कन्नौज में अंशुल गुप्ता, लखनऊ में पवन मनोचा एवं यासिर सिद्दीकी, महाराजगंज में विजय जायसवाल, उन्नाव में शुभ गुप्ता, हरदोई में राम ज्ञान गुप्ता आदि ने व्यापारी चौपालों का आयोजन कर भाजपा को सबक सिखाने का संकल्प लिया।

Anant kumar shukla

Anant kumar shukla

Content Writer

अनंत कुमार शुक्ल - मूल रूप से जौनपुर से हूं। लेकिन विगत 20 सालों से लखनऊ में रह रहा हूं। BBAU से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन (MJMC) की पढ़ाई। UNI (यूनिवार्ता) से शुरू हुआ सफर शुरू हुआ। राजनीति, शिक्षा, हेल्थ व समसामयिक घटनाओं से संबंधित ख़बरों में बेहद रुचि। लखनऊ में न्यूज़ एजेंसी, टीवी और पोर्टल में रिपोर्टिंग और डेस्क अनुभव है। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काम किया। रिपोर्टिंग और नई चीजों को जानना और उजागर करने का शौक।

Next Story