×

Lucknow Weather Today: यूपी में फिर छूटेगी कंपकंपी, जानें लखनऊ-नोएडा-पूर्वांचल के मौसम का हाल

UP Weather News: यूपी में लोगों को गुलाबी ठंड का एहसास हो रहा है। मगर, कंपकंपी वाली सर्दी के लिए अभी 15 दिनों का इंतजार करना पड़ेगा। IMD ने ये जानकारी दी है।

aman
Written By aman
Published on: 4 Dec 2022 11:36 AM GMT (Updated on: 4 Dec 2022 11:36 AM GMT)
up weather today 4 december 2022 imd alert winter and gulabi thand in up aaj ka mausam noida to lucknow
X

UP Weather News (Social News)

Lucknow Weather Today 4 December 2022: देश के मैदानी भागों में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में भी तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मगर, बीते सालों के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो दिसंबर के पहले हफ्ते में उस तरह की ठंड देखने को नहीं मिल रही है। बता दें कि, अभी आने वाले दिनों में यूपी में कड़ाके की ठंड पड़ने की कोई उम्मीद भी नहीं है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की मानें तो शुष्क और समुद्री हवाओं के प्रभाव में कमी के कारण मैदानी इलाकों (Plains) में स्थिति सामान्य बनी हुई है। नदी, नहर और तालाब किनारे इलाकों को छोड़कर शेष भाग में कोहरे का बड़ा असर अभी तक नहीं दिखा है।

उत्तर प्रदेश में सामान्य कोहरा शाम से ही दिख रहा है। IMD के मुताबिक, कड़ाके की ठंड के लिए यूपी के लोगों को अभी 15 दिनों का और इंतजार करना होगा। इस वर्ष सर्दियों की शुरुआत हो चुकी है मगर अभी तक बारिश का नामोनिशान देखने को नहीं मिला।

जानें कैसा रहेगा लखनऊ का तापमान ?

भारतीय मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि, अभी तक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का असर देखने को नहीं मिल रहा है। इसी वजह से बारिश की संभावना आने वाले दिनों में भी नहीं दिख रही। ऐसी स्थिति में दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दिसंबर के पहले हफ्ते में सामान्य से 2-3 डिग्री तक अधिक रहेगा। अमूमन, इस समय में अधिकतम तापमान (Maximum Temperature) 23-24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है। राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब है। इस समय लखनऊ का न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस रहता है। रविवार को भी टेम्परेचर इसी के इर्द-गिर्द रहेगा।


रविवार को लखनऊ में विजिबिलिटी

राजधानी लखनऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आपको बता दें, बीते 10-12 दिनों से तापमान इसी प्रकार बना हुआ है। कभी पारा एक डिग्री ऊपर तो कभी दो डिग्री नीचे चला जा रहा है। रविवार (04 दिसंबर) को भी शहर में दिन में मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, सुबह का वक्त कोहरा का असर दिख सकता है। इस कारण लखनऊ में सुबह 7 बजे दृश्यता (visibility) 600 मीटर के करीब रहेगी।

NCR में भी रात को रहेगी ठंड

इसी तरह, एनसीआर क्षेत्र नोएडा (Noida Weather) और गाजियाबाद (Ghaziabad Weather News) सहित अन्य सटे इलाकों में भी रात के समय ही लोगों को ठंड का अहसास होगा। सर्दियों के मौसम में बारिश नहीं होने के कारण दिन में ठंड नहीं बढ़ रही है। अभी तक तापमान सामान्य से अधिक चल रहा है। शुक्रवार-शनिवार को नोएडा तथा गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री के बीच रहा। यह सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 8 डिग्री के करीब रहा। यह सामान्य से एक डिग्री कम है। IMD के अनुसार, आगे भी इसी तरह तापमान बने रहने की संभावना है।


पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी मौसम शुष्क

इस बार ठंड के मौसम में भी पूर्वांचल (Purvanchal Weather News) में मौसम शुष्क बना हुआ है। दरअसल, बारिश नहीं होने से पूर्वा और पछुआ हवाओं में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी कारण लोगों को कभी ठंड तो कभी उमस का एहसास हो रहा है। गोरखपुर (Gorakhpur Weather News) और आसपास के जिलों में शनिवार को आसमान में हल्के बादलों को देखा गया। हालांकि, दिन में धूप खिली रही। रविवार को भी दिन के समय धूप खिली रहने का अनुमान जताया जा रहा है। पूर्वांचल के जिलों में अधिकतम तापमान 26 डिग्री तथा न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस बना रहेगा।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story